Times Now Navbharat
live-tv
Premium

बदले-बदले तेवर...क्या 2027 यूपी चुनाव में डिंपल यादव बनेंगी अखिलेश की सबसे बड़ी ताकत, साबित होंगी गेमचेंजर?

2017 के चुनाव के आसपास अखिलेश यादव ने बयान दिया था कि डिंपल यादव चुनाव नहीं लड़ेंगी, ताकि बीजेपी के परिवारवाद के आरोपों की धार को कम किया जा सके। लेकिन 2026 तक आते-आते यह परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है।

Image
यूपी के सियासी घमासान में डिंपल यादव का कितना होगा असर?
Authored by: Amit Mandal
Updated Aug 31, 2026, 13:53 IST
Follow on Google News

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इस महासमर में समाजवादी पार्टी (SP) के कुनबे और रणनीति का केंद्र बिंदु अब सिर्फ अखिलेश यादव तक सीमित नहीं है, बल्कि मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव सपा के सबसे बड़े रणनीतिक और राजनीतिक हथियार के रूप में उभरकर सामने आ रही हैं। हाल ही में लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिंपल यादव का अखिलेश यादव के साथ मंच साझा करना, बड़े वित्तीय वादों की कमान संभालना और जमीन पर युवाओं व महिलाओं के मुद्दों पर सीधे उतरना यह साफ संकेत दे रहा है कि 2027 में सपा की कमान व्यवहारिक रूप से उनके हाथों में भी रहने वाली है।

अखिलेश ने कहा था- डिंपल यादव चुनाव नहीं लड़ेंगी

2017 के चुनाव के आसपास अखिलेश यादव ने बयान दिया था कि डिंपल यादव चुनाव नहीं लड़ेंगी, ताकि बीजेपी के परिवारवाद के आरोपों की धार को कम किया जा सके। लेकिन 2026 तक आते-आते यह परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी उपचुनाव और फिर 2024 के लोकसभा चुनाव में भारी अंतर से जीत दर्ज कर डिंपल ने अपनी चुनावी उपयोगिता साबित कर दी है। अब उन्हें महज एक प्रतीकात्मक प्रचारक के रूप में नहीं, बल्कि पार्टी की असली 'नंबर-2' और मुख्य महिला चेहरे के रूप में पेश किया जा रहा है।

'स्त्री सम्मान समृद्धि योजना' का कार्ड

2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले डिंपल यादव ने सपा की अब तक की सबसे बड़ी कल्याणकारी योजना—'स्त्री सम्मान समृद्धि योजना' का ऐलान करके हलचल पैदा कर दी। इसके तहत बीपीएल श्रेणी की महिलाओं को प्रति वर्ष 40,000 रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा किया गया है। अखिलेश यादव और डिंपल ने सपा के मूल कोर PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के समीकरण में 'A' का मतलब 'आधी आबादी' (महिलाएं) जोड़कर यह साफ कर दिया कि पार्टी का वोट बैंक केवल जाति पर नहीं, बल्कि महिला मतदाताओं पर भी मजबूती से केंद्रित होगा।

बीजेपी के 'महिला वोट बैंक' में सीधी सेंध लगाने की रणनीति

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ और भाजपा की सफलता में महिला मतदाताओं की एक बड़ी भूमिका रही है, जो सुरक्षा और प्रत्यक्ष लाभ (DBT) योजनाओं से जुड़ी रही हैं। सपा डिंपल के जरिए इसी किले को भेदने की कोशिश कर रही है।

डिंपल यादव के जरिए सपा के वादे

  • आर्थिक सहायता मुफ्त राशन
  • बस यात्रा में छूट
  • ₹40,000 सालाना सीधे बैंक खाते में
  • महिला सुरक्षामिशन शक्ति
  • कानून-व्यवस्था सुधारने का दावा
  • 1090 हेल्पलाइन और पुलिस में 33% आरक्षण का वादा

पार्टी पर "माफिया-गुंडा राज" का टैग

डिंपल की सौम्य, बेदाग और संवेदनशील छवि से एक सॉफ्ट इमेज बनती है। इसस सपा पर 'गुंडा राज' के ठप्पे को मिटाने का हथियार मिल सकता है। विरोधी पार्टियां अक्सर समाजवादी पार्टी पर 'लॉ एंड ऑर्डर' और 'लड़कियों की सुरक्षा' को लेकर हमलावर रहती हैं। इसी की काट साबित हो सकती हैं डिंपल यादव।

डिंपल यादव पर किसी भी तरह का माफिया या गुंडा राज का बैकग्राउंड या टैग नहीं है। उनकी संयमित भाषा, आक्रामक के बजाय तार्किक तेवर और जमीनी मुद्दों जैसे नीट पेपर लीक, जंतर-मंतर पर छात्र विरोध प्रदर्शन, पर उतरने की क्षमता सपा की पुरानी और कड़क राजनीतिक छवि को सॉफ्ट करने में मददगार साबित हो रही है।

सड़क से संसद तक सक्रियता

डिंपल यादव सिर्फ भाषणों तक सीमित नहीं हैं, उनके हालिया कदम उनके आक्रामक रुख को दिखाते हैं। जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र नीट या परीक्षा धांधली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, तो डिंपल यादव खुद उनके बीच पहुंचीं। घायल छात्रों का हाल-चाल पूछने से लेकर पानी पिलाने तक की तस्वीरों ने उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में पेश किया जो जनता के दर्द को समझती है। वे सिर्फ रक्षात्मक रुख नहीं अपना रहीं, बल्कि बीजेपी के नारी शक्ति के नारों को केवल चुनावी जुमला करार देकर सीधे सवाल उठा रही हैं।

क्या 2027 में गेमचेंजर साबित होंगी डिंपल?

यूपी में लगभग 6.09 करोड़ महिला मतदाता हैं, जो चुनाव के नतीजों को पलटने में सक्षम हैं। अखिलेश यादव के पास अपनी जातीय गोलबंदी (PDA) का जनाधार तो है, लेकिन बिना महिलाओं के समर्थन के 2027 में पूर्ण बहुमत हासिल करना मुश्किल होगा। डिंपल यादव सपा को वह सब कुछ देती हैं जिसकी पार्टी को लंबे समय से दरकार थी— यानी एक विश्वसनीय महिला चेहरा, चुनावी सफलता का रिकॉर्ड, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सीधे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच। इसी वजह से 2017 में राजनीति से दूरी बनाने की बात का सामना करने वाली डिंपल यादव, 2027 के महासमर में अखिलेश यादव का सबसे बड़ा दांव और पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर रही हैं।

End of Article