Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah Tanmay Vekaria Net worth: टीवी के पॉपुलर एक्टर तन्मय वेकारिया ने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' का 'बाघा' बनकर लोगों का खूब दिल जीता है। तन्मय वेकारिया इन दिनों परिवार में चल रही परेशानियों के कारण खूब सुर्खियों में बने हुए हैं। दरअसल, तन्मय वेकारिया के पिता अरविंद वेकारिया ने 77 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके जाने से तन्मय वेकारिया ही नहीं, उनके फैंस में भी शोक की लहर है। तन्मय वेकारिया आज भले ही 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के जरिए घर-घर में अपनी पहचान बना चुके हैं। लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब तन्मय वेकारिया आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्हें मासिक आय ही केवल 700 रुपये मिलती थी। टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: TMKOC: सेट पर अचानक फूट-फूटकर रोने लगे 'बाघा', घबराकर असित मोदी ने रुकवाई शूटिंग; जानें वजह
संघर्षों से जूझ चुके हैं तन्मय वेकारिया (फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम)
पिता से हुए एक्टिंग के लिए प्रेरित
तन्मय वेकारिया ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने अपने पिता अरविंद वेकारिया से प्रेरित होकर एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया। तन्मय वेकारिया के पिता अरविंद वेकारिया एक जाने-माने गुजराती थिएटर आर्टिस्ट हैं। उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया है। तन्मय वेकारिया ने इस बारे में बताया, "मैंने 1999 में अपनी ग्रेजुएशन पूरी की। मैंने कई प्रोडक्शन हाउस पर अपना पोर्टफोलियो दिया। यहां तक कि किरदारों के लिए ऑडिशन भी दिये। लेकिन कुछ भी काम नहीं आया। एक से डेढ़ साल तक ये चीजें चलीं। ग्रेुजएट होने के बाद भी मेरे पास कमाई का कोई जरिया नहीं था।" टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: TMKOC फेम तन्मय वेकारिया के पिता Arvind Vekaria का हुआ निधन, 77 वर्ष की उम्र में कहा दुनिया को अलविदा
तन्मय को मिली 700 रुपये की आय वाली नौकरी
तन्मय वेकारिया ने बताया कि चीजें उनके लिए मुश्किल होती जा रही थीं। एक्टर ने कहा कि मेरे पिता की उम्र हो रही थी और छोटे भाई की पढ़ाई जारी थी। उनके पिता की आय भी सीमित थी। तन्मय ने बताया कि उन्होंने अपने परिवार को सपोर्ट करने का फैसला किया और अपने अंकल के साथ काम करना शुरू किया, जो कि सीए थे। तन्मय ने बताया कि वहां उन्हें 700 रुपये मिला करते थे। इसके साथ ही तन्मय ने थिएटर में काम करना जारी रखा। लेकिन उस वक्त उनका थिएटर का काम दर्शकों को खुश कर पाने में नाकाम हो रहा था, जिससे उन्होंने थिएटर से दूरी बनाने का फैसला किया।
700 रुपये की आय में मुश्किल हुई चीजें
तन्मय वेकारिया ने बताया कि वह 30 साल के शादीशुदा व्यक्ति बन चुके थे और उनकी एक बेटी भी थी। लेकिन 700 रुपये की सीमित आय में उनकी जिम्मेदारियां कहीं ज्यादा थीं। एक्टर ने कहा, "मेरे माता-पिता और बेटी का ख्याल रखना इन सब में आसान हीं था। शुक्र है कि प्ले ने मुझे पहचान दिलाई। मुझे दिशा वकानी के साथ भी प्ले मिला, जिसके बाद मेरा एक्टिंग करियर शुरू हुआ।" एक्टर ने बताया कि उन्होंने गुजराती इंडस्ट्री और टीवी शोज में काम किया। गुजराती शो में काम करने के लिए उन्हें 1200 रुपये प्रति दिन मिले। एक्टर ने बताया कि उन्होंने कई कार्यक्रमों में कैमियो रोल भी किये।
'मनीबेन डॉट कॉम' में मिला काम
तन्मय वेकारिया को 'मनीबेन डॉट कॉम' में काम मिला। उन्होंने स्मृति ईरानी के भाई का किरदार अदा किया था। तन्मय ने बताया कि उन्हें लगा कि इस शो को करने के बाद उन्हें पहचान मिल जाएगी और काम भी खूब मिलेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तन्मय ने बताया कि इस शो के बाद वह करीब 4 महीनों तक बेरोजगार रहे।
यूं मिला बाघा का रोल
तन्मय वेकारिया ने बताया कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में उन्होंने कई छोटे-मोटे किरदार किये। कभी इंसपेक्टर का रोल भी अदा किया। लेकिन एक दिन उनकी मुलाकात सोहिल से हुई, जिन्होंने बाघा के किरदार के बारे में बताया। तन्मय ने बताया कि उन्होंने इस किरदार के लिए ऑडिशन दिया और वह चुन लिये गए। एक्टर ने कहा, "दिलीप जोशी और मैंने थिएटर में पहले भी काम किया है। हमारी अच्छी बॉन्डिंग है, जिसने ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री में हमारी मदद की।"
आज बने करोड़ों के मालिक
तन्मय वेकारिया ने अपने करियर के शुरुआती दिनों में भले ही परेशानियां झेलीं। लेकिन आज वह करोड़ों के मालिक बन चुके हैं। तन्मय वेकारिया 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के एक एपिसोड के लिए 25 से 30 हजार रुपये चार्ज करते हैं। खबरों की मानें तो उनकी कुल संपत्ति 5 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
