Nitish Sharma On Losing Lakshman’s Role: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, सई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच फिल्म की कास्टिंग को लेकर एक दिलचस्प खुलासा सामने आया है। अभिनेता नीतीश शर्मा फिल्म में भगवान राम के छोटे भाई शत्रुघ्न का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें शुरुआत में लक्ष्मण के रोल के लिए चुना गया था। हालांकि बाद में यह भूमिका रवि दुबे को मिल गई।
'रामायण' में लक्ष्मण का रोल निभाने वाले थे नितीश शर्मा (Pic Credit: Instagram)
लक्ष्मण के रोल के लिए दिया था ऑडिशन
मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में नीतीश शर्मा ने बताया कि करियर के शुरुआती दौर में उन्हें कई बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा। इसी बीच उन्हें कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से फोन आया, जिसमें बताया गया कि नितेश तिवारी 'रामायण' का पायलट तैयार कर रहे हैं और उन्हें लक्ष्मण के किरदार के लिए ऑडिशन देना है। इसके बाद नीतीश मुंबई पहुंचे और ऑडिशन दिया। उन्होंने बताया कि ऑडिशन में लक्ष्मण के दो सीन थे, जिसमें राम का किरदार ज्यादा महत्वपूर्ण था। ऑडिशन के दौरान नितेश तिवारी ने उनसे राम का किरदार निभाने के लिए भी कहा। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: V shantaram Biopic: सिद्धांत चतुर्वेदी-तमन्ना भाटिया स्टारर तय समय पर नहीं होगी रिलीज, 2027 में शुरू होगी शूटिंग)
नितेश तिवारी को पसंद आई थी एक्टिंग
नीतीश शर्मा के मुताबिक, नितेश तिवारी उनके प्रदर्शन से प्रभावित हुए थे। उन्होंने अभिनेता को भरोसा दिलाया था कि वह उन्हें फिल्म का हिस्सा बनाएंगे। नीतीश ने बताया कि उस समय उन्हें लगा था कि उन्हें फिल्म में लक्ष्मण का किरदार मिल सकता है। हालांकि, बाद में फिल्म की फाइनल कास्टिंग में उन्हें शत्रुघ्न की भूमिका मिली और लक्ष्मण का किरदार रवि दुबे को दिया गया।
रोल हाथ से निकलने पर हुआ था दुख
लक्ष्मण का किरदार नहीं मिलने पर नीतीश शर्मा को कुछ समय के लिए काफी बुरा लगा था। हालांकि, उन्होंने फिल्म के मेकर्स के फैसले को लेकर किसी तरह की नाराजगी जाहिर नहीं की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़े बजट और बड़े स्तर की फिल्म में हर किरदार की कास्टिंग के पीछे कई चीजें शामिल होती हैं। फिल्म में बड़े कलाकारों को कास्ट किया जाना तय था और उन्हें इस फैसले से कोई शिकायत नहीं है। नीतीश ने यह भी माना कि इतने बड़े प्रोजेक्ट में काम मिलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: Chunni Song: हरियाणवी सिंगर Renuka Panwar ने सोनू निगम के साथ मिलाया हाथ, वायरल हुआ गाना)
रणबीर कपूर-सई पल्लवी की कास्टिंग पर दिया रिएक्शन
'रामायण' के ट्रेलर के बाद रणबीर कपूर और सई पल्लवी की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। इस बारे में जब नीतीश शर्मा से पूछा गया तो उन्होंने रणबीर कपूर के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान रणबीर ने उनकी काफी मदद की और कई बार उन्हें सीन में क्यू भी दिया। नीतीश के मुताबिक, रणबीर सभी के साथ बेहद विनम्रता से पेश आते हैं। नीतीश ने यह भी कहा कि फिल्म देखने के बाद दर्शकों की कई शंकाएं दूर हो जाएंगी।
साई पल्लवी को बताया सीता के लिए बेहतरीन कास्टिंग
सई पल्लवी को माता सीता के किरदार में कास्ट किए जाने पर भी नीतीश शर्मा ने उनका बचाव किया। उन्होंने अभिनेत्री की तारीफ करते हुए कहा कि सई पल्लवी असल जिंदगी में भी बेहद खूबसूरत और दिव्य नजर आती हैं। नीतीश के मुताबिक, सई पल्लवी सीता के किरदार के लिए बेहतरीन कास्टिंग हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग होना अपनी जगह है, लेकिन फिल्म देखने के बाद लोगों की राय बदल सकती है। फिलहाल 'रामायण' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म की शानदार स्टारकास्ट और बड़े स्तर पर हो रहे निर्माण के कारण इसे बॉलीवुड की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिना जा रहा है।
