बिग बॉस मराठी फेम Divya Shinde पर लगा 5 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, दर्ज हुई FIR

  • Authored by: अभय
  • Updated Sep 27, 2026, 01:11 PM IST

Divya Shinde Case: बिग बॉस मराठी फेम दिव्या शिंदे पर डॉक्टर से पांच लाख रुपये मांगने और घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच जारी है।

Divya Shinde Case: बिग बॉस मराठी (Bigg Boss Marathi) फेम और सोशल मीडिया स्टार दिव्या शिंदे (Divya Shinde) पर पुणे में एक डॉक्टर से कथित तौर पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा है। इस मामले में दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ कालेपड़ळ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता डॉ. विद्याधर गायकवाड़ 65 साल के हैं और पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी रह चुके हैं। वो 2021 में पुणे कैंटोनमेंट अस्पताल से CMO पद से रिटायर हुए थे। डॉ. गायकवाड़ के मुताबिक, वो करुणादीप फाउंडेशन से जुड़े हैं। संस्था की ओर से 1 से 3 सितंबर के बीच बालगंधर्व रंगमंदिर में ‘कला आविष्कार महोत्सव’ आयोजित किया गया था। शिकायत के मुताबिक, दिव्या शिंदे की ओर से कार्यक्रम का प्रचार करने का दावा करते हुए अगस्त से फोन और मैसेज के जरिए पांच लाख रुपये मांगे जा रहे थे। डॉक्टर का आरोप है कि दिव्या को कार्यक्रम के लिए संस्था की ओर से कोई आधिकारिक निमंत्रण नहीं दिया गया था और न ही प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

Divya Shinde Case

दिव्या पर लगे गंभीर आरोप (Image Source: Bigg Boss Marathi/ X)

घर पहुंचकर धमकाने और मारपीट का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 17 सितंबर को दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे और कुछ अन्य लोग डॉ. गायकवाड़ के घर पहुंचे। उस समय डॉक्टर घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि उनकी पत्नी और बेटे को धमकाने और उन पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। इसके बाद 23 सितंबर को अन्ना ढमढेरे ने फोन कर डॉ. गायकवाड़ को होटल ब्ल्यू नाइन बुलाया। शिकायत के अनुसार, वहां फिर से पांच लाख रुपये मांगे गए और पैसे नहीं देने पर दो दिन के भीतर घर पर लोगों को भेजकर मारपीट करने की धमकी दी गई। डॉक्टर का आरोप है कि 24 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे, जब वो घर में अकेले थे, अन्ना ढमढेरे वहां पहुंचा। दरवाजा खुलते ही दिव्या शिंदे समेत 8 से 10 लोग कथित तौर पर जबरन घर में घुस गए। डॉ. गायकवाड़ के मुताबिक, उनके चेहरे, पेट और पीठ पर लात-घूंसों से मारपीट की गई। शिकायत में डंडे, बेल्ट, लोहे के बर्तनों और धारदार हथियारों के इस्तेमाल का भी जिक्र है। डॉक्टर ने आरोप लगाया कि उन्होंने खुद को लकवे का मरीज बताते हुए मारपीट रोकने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी नहीं रुके। घर में तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, पांच लाख रुपये नहीं देने पर डॉक्टर की कार भी ले जाने का आरोप है।

End of Feed