Arjun Bijlani On Speculations Of Bigg Boss 19 And Divorce Rumors: टीवी के मशहूर एक्टर अर्जुन बिजलानी ने अपने अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अर्जुन बिजलानी ने एंटरटेनमेंट की दुनिया में अपना जबरदस्त नाम कमाया है। लेकिन दो दिन पहले अर्जुन बिजलानी ने अपना एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि उन्होंने जिंदगी में ऐसा फैसला लिया है जिसके बारे में उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था। अर्जुन बिजलानी के इस वीडियो के बाद उनके 'बिग बॉस 19' में जाने और नेहा स्वामी से तलाक की अटकलें लगनी शुरू हो गईं। लेकिन अब इस मामले पर अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) ने चुप्पी तोड़ी है।
फोटो क्रेडिट- अर्जुन बिजलानी इंस्टाग्राम
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 19 में कदम रखने जा रहे हैं अर्जुन बिजलानी? वीडियो शेयर कर बोले- कभी सोचा नहीं था ये फैसला करूंगा
अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) ने इंस्टाग्राम एकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने पत्नी नेहा स्वामी बिजलानी संग रोमांटिक पलों को साझा किया। अर्जुन बिजलानी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "जो भी शब्द मैंने आखिरी वीडियो में कहे थे, वो सब सही थे। लेकिन मैंने कहा था कि कुछ भी अटकलें मत लगाना तो मैं साफ कर देता हूं कि मैं न तो 'बिग बॉस 19' में जा रहा हूं और न ही मैं तलाक लेने वाला हूं। बस यहां थोड़ा सा और 'Rise' करने के लिए हूं।"
अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) का ये वीडियो देख फैंस ने राहत की सांस ली। लेकिन जो लोग अर्जुन बिजलानी के 'बिग बॉस 19' में आने का इंतजार कर रहे थे, उनकी सारी उम्मीदों पर अर्जुन ने पानी फेर दिया है। वहीं वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, "हमें पता था कि आप तलाक के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं।" बता दें कि अर्जुन बिजलानी जल्द ही एम एक्स प्लेयर पर आने वाले रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में नजर आएंगे।
