बॉलीवुड

हिट पर हिट प्रोजेक्ट लाने वाली रेशमा शेट्टी से क्यों हुई सलमान खान की लड़ाई? पढ़िए इनसाइड स्टोरी

Salman Reshma Fight: फिल्म सिकंदर (Sikandar) के खराब प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर रेशमा शेट्टी (Reshma Shetty) का नाम काफी उछल रहा है। रेशमा शेट्टी कभी सलमान खान (Salman Khan) का प्रोफेशनल काम देखा करती थीं लेकिन कुछ समय पहले इन दोनों के रास्ते अलग हो गए। इसके बाद इन्होंने फिर कभी साथ में काम नहीं किया। रेशमा से अलग होने के बाद से लगातार सलमान खान का करियर गिरता जा रहा है, लोग इसी कारण भाईजान को रेशमा के साथ दोबारा जुड़ने की सलाह दे रहे हैं।

Image

Salman Khan Reshma Shetty Fight

Salman Reshma Fight: अभिनेता सलमान खान ने ईद के मौके पर अपनी नई फिल्म सिकंदर दर्शकों के सामने पेश की, जो पहला वीकेंड भी ढंग से पार नहीं कर पायी। इस फिल्म की आलोचना पहले दिन से ही शुरु हो गई और दूसरा दिन खत्म होने से पहले भाईजान के फैंस ने भी सिकंदर को खराब बोलना शुरू कर दिया। लोगों को फिल्म की कहानी इतनी बकवास लगी कि पहली दफा किसी ने भाईजान की फिल्म का कलेक्शन नहीं पूछा। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल नजर आया और वो ये कि सलमान को उनकी फिल्मों की स्क्रिप्ट कौन सजेस्ट करता है?

ऐसा नहीं है कि सिकंदर (Sikandar) ऐसी पहली फिल्म है, जिसे सलमान खान (Salman Khan) के फैंस ने सिरे से खारिज किया हो। किसी का भाई, किसी की जान, राधे, दबंग 3, अंतिम और यहां तक कि टाइगर 3 को लेकर भी लोगों ने सवाल खड़े किए थे। कुछ सालों पहले तक सलमान खान एक से बढ़कर एक फिल्में दे रहे थे और बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ रहे थे। वांटेड के बाद सलमान खान ने कई सालों तक पीछे मुड़कर नहीं देखा और लोग उन्हें इंडस्ट्री का नं.1 स्टार मानने लगे थे लेकिन साल 2017 में कुछ ऐसा हुआ कि उनका करियर ढलान की तरफ चल दिया।

असल में साल 2017 में सलमान खान ने मैनेजर रेशमा शेट्टी (Reshma Shetty) से अलग होने का फैसला किया। इससे पहले तक रेशमा शेट्टी ही भाईजान का काम संभालती थीं। उनकी फिल्मों से लेकर ब्रांड डील्स तक सभी चीजें रेशमा से होकर जाती थीं लेकिन भाईजान ने अचानक से ये रिश्ता तोड़ने का फैसला लिया और फिर उसके बाद सलमान खान कभी भी वो ऊंचाई न छू सके, जिसके लिए वो फेमस थे।

कई लोगों के मन में अब भी ये सवाल है कि जब सलमान खान के करियर को रेशमा शेट्टी लगातार ऊपर लेकर जा रही थीं और उन्हें इंडस्ट्री का सबसे बड़ा स्टार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही थीं तो फिर ऐसा क्या हुआ कि भाईजान ने रेशमा से अलग होने का फैसला लिया? अगर आपको भी सलमान खान और रेशमा शेट्टी की जोड़ी टूटने की असली स्टोरी नहीं पता है तो आइए आपको वो अनकही कहानी बताते हैं, जो अब तक सामने नहीं आई है....

असल में रेशमा शेट्टी ने जब सलमान खान का काम हाथ में लिया था तब उनका करियर ठीक नहीं चल रहा था। लगातार फ्लॉप होती फिल्मों से सलमान खान परेशान थे और हिट ही तलाश कर रहे थे। इसी समय उनकी जिंदगी में बोनी कपूर वांटेड लेकर आए और रेशमा शेट्टी ने उनका काम संभाला। वांटेड हिट होने के बाद रेशमा सलमान खान के लिए सही फिल्में सिलेक्ट करने लगीं और वो बॉक्स ऑफिस पर हिट भी होने लगी। जब सलमान खान का सिक्का फिर से इंडस्ट्री में चमकने लगा तो उनके दोस्त उनके पास फरमाइशें लेकर आने लगे। कोई उनके साथ फिल्म करना चाहता था तो कोई उन्हें कैमियो के लिए साइन करना चाहता था।

रेशमा शेट्टी ऐसी फरमाइशों के खिलाफ थीं क्योंकि वो भाईजान की प्रेजेंस को एक्सक्लूविस रखना चाहती थीं। यहीं से सलमान खान और रेशमा शेट्टी की तकरार की शुरू हुई। कुछ इनसाइडर्स की मानें तो रेशमा शेट्टी ने भाईजान के कुछ करीबियों की फरमाइशों को इंकार कर दिया, जिसके बाद सलमान ने ये फैसला लिया कि वो रेशमा से अलग होंगे।

यारों के यार सलमान खान ने दोस्तों की खातिर जो कदम आगे बढ़ाया वो फिर पीछे ना लिया। सलमान खान और रेशमा शेट्टी ने 2017 में एक-दूसरे से विदा ली और अलग-अलग रास्तों पर चल दिए। अगर आप 2017 के बाद रिलीज हुई सलमान खान की फिल्में देखेंगे, तो उनमें वो क्वालिटी नहीं दिखती है, जो कभी नजर आती थी। खराब स्क्रिप्ट्स के साथ-साथ सलमान खान ने कई दोस्तों की फिल्मों में कैमियो रोल स्वीकार किए, जिनका उनके करियर पर नकारात्मक असर पड़ा।

अगर ये कहा जाए कि रेशमा शेट्टी से अलग होने के बाद सलमान खान को ये समझाने वाला कोई न था कि मार्केट कैसे बदल रहा है और बदलते मार्केट में खुद को कैसे बनाए रखना है तो गलत नहीं होगा। भाईजान दिल से सोचते हैं, जिस कारण वो ऐसे कदम उठाते गए कि कभी बॉक्स ऑफिस हिट की गारंटी माने जाने वाले सलमान खान इस कगार पर पहुंच चुके हैं कि उनकी फिल्म के शोज तीसरे दिन कैंसिल हो रहे हैं।

हाल ही में सलमान खान के फैंस ने सोशल मीडिया पर ये डिमांड की है कि उन्हें रेशमा शेट्टी के साथ दोबारा हाथ मिलाना चाहिए। सलमान खान फैंस की ये फरमाइश मानेंगे या नहीं, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा लेकिन इतना जरूर कहा जा सकता है कि भाईजान को अच्छी स्क्रिप्ट्स चुनने की सख्त जरूरत है ताकि उनके पक्के फैंस के चेहरों पर मुस्कुराहट आ सके।

Rahul Sharma
राहुल शर्माauthor

राहुल शर्मा एंटरटनमेंट जर्नलिज्म में 13 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। वह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम के लीड के रूप में काम कर रहे हैं। जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा करने वाले राहुल अब तक 14,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े बॉलीवुड और टीवी सितारों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं, साथ ही प्रभावशाली फिल्म रिव्यू, फीचर स्टोरीज और रोचक थ्रोबैक आर्टिकल भी लिखे हैं। उनकी लेखन शैली में गहराई, सहजता और इंडस्ट्री की गहरी समझ साफ झलकती है। राहुल को फिल्में देखना, नई जगहों की यात्रा करना और किताबें पढ़ना बेहद पसंद है, जो उनकी रचनात्मकता और कंटेंट गुणवत्ता को और निखारते हैं।

और पढ़ें
End of Article