Shilpa Shetty Raj Kundra Fraud Case: बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर से मुश्किलों में फंस गए हैं। मुंबई के एक बिजनेसमैन ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। शिल्पा शेट्टी, उनके बिजनेसमैन पति राज कुंद्रा और अन्य एक शख्स के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। वहीं इस मामले पर शिल्पा और राज के वकिल का बयान भी सामने आ गया है। आइए नजर डालते हैं इस रिपोर्ट पर...
शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा के वकिल ने जारी किया बयान
मुंबई के कारोबारी दीपक कोठारी ने आरोप लगाया है कि एक्ट्रेस शिल्पा और राज कुंद्रा ने उनसे 60.4 करोड़ रुपये बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए मांगे थे। लेकिन दोनों ने इसका प्रयोग अपने निजी खर्चों को पूरा करने के लिए किया। बिजनेसमैन कोठारी के मुताबिक साल 2015 में राजेश आर्या के जरिए उनकी मुलाकात शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा से हुई। इस दौरान दोनों ने उनकी कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड में 75 करोड़ रुपये का निवेश करने के लिए कहा। इसपर शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने हर महीने प्रॉफिट और मूल रकम लौटाने का वादा किया था। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इस बीच शिल्पा और राज कुंद्रा के वकिल प्रशांत पटेल का ऑफिशयल स्टेटमेंट सामने आया है। उन्होंने एक्ट्रेस और उनके पति का पक्ष रखते हुए कहा, 'कुछ न्यूज चैनल और अखबारों ने हमारे क्लाइंट्स शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ मुंबई के इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) में केस दर्ज होने की खबर फैलाई है। हमारे क्लाइंट्स इन सभी आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हैं। ये मामला सिर्फ सिविल है, जिस पर 4 अक्टूबर 2024 को NCLT मुंबई में फैसला हो चुका है। यह एक पुराना लेन-देन है, जिसमें कंपनी को आर्थिक परेशानी हुई और NCLT में लंबी कानूनी लड़ाई चली। इसमें कोई आपराधिक बात नहीं है। हमारे ऑडिटर्स ने EOW के कहने पर समय-समय पर सभी जरूरी दस्तावेज दिए, जैसे कैश फ्लो स्टेटमेंट।
प्रशांत पटेल ने आगे कहा, ' यह निवेश सिर्फ इक्विटी निवेश था। कंपनी को लिक्विडेशन का आदेश मिल चुका है, जिसके बारे में पुलिस को भी बता दिया गया है। पिछले एक साल में हमारे चार्टर्ड अकाउंटेंट्स 15 से ज्यादा बार पुलिस स्टेशन गए और तमाम सबूत दिए। बस हमारे क्लाइंट्स को बदनाम किया जा रहा है। हम इस झूठी खबर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
