AR Murugadoss Will Direct Salman Khan's Kick 2: बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने निर्माता साजिद नाडियाडवाला लंबे समय से फिल्म 'किक 2' (Kick 2) को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। अब जो रिपोर्ट्स सामने आई हैं उनके मुताबिक साजिद नाडियाडवाला ने फिल्म 'किक 2' को बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है सलमान खान (Salman Khan) स्टारर के लिए साजिद ने मशहूर डायरेक्टर एआर मुरुगादॉस संग हाथ मिलाया है। बीते एक महीने से 'किक 2' को लेकर कोई न कोई अपडेट्स सामने आ रहे हैं। इतना ही नहीं सोशल मीडिया सलमान खान की 'किक 2' के कई फैन मेड पोस्टर्स जारी किए गए हैं।
बॉलीवुड हंगामा से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि सलमान खान और साजिद नाडियाडवाला ने फिल्म 'किक 2' के लिए हाथ मिला लिया है। बता दें 'किक' का निर्देशन साजिद नाडियाडवाला ने किया था लेकिन इसके सीक्वल को डायरेक्ट करने के लिए साजिद ने निर्देशक एआर मुरुगादॉस को चुना है। दिलचस्प बात यह है कि साजिद नाडियाडवाला इस पूरे प्रोजेक्ट में एआर मुरुगादॉस का साथ देंगे और बाकी चीजों की देखरेख करते रहेंगे। साजिद चाहते हैं कि 'किक 2' उनके प्रोडक्शन हाउस की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनकर सामने आए।
एआर मुरुगादॉस और उनकी टीम ने फिल्म 'किक 2' की स्क्रिप्ट पर काम शुरू कर दिया है। बता दें यह फिल्म इसी साल मई 2024 में फ्लोर पर जाएगी। इतना ही नहीं मेकर्स ने इस फिल्म को रिलीज करने के लिए 2025 की ईद का खास मौका चुना है। 'किक 2' के अलावा सलमान खान के पास करण जौहर की 'द बुल' भी है।
