Masaba Gupta expecting their first child: बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) ने इस साल की शुरुआत में जानकारी देते हुए बताया कि वो जल्द ही मां बनने वाली हैं। दीपिका पादुकोण के बाद अब बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक ओर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा नीना गुप्ता ने सोशल मीडिया के माध्यम से फैन्स को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बेटी और मशहूर फैशन डिजाइनर मसाबा गुप्ता प्रेग्नेंट हैं। जी हां, मसाबा गुप्ता (Masaba Gupta) और उनके पति सत्यदीप मिश्रा (Satyadeep Misra) अपने बच्चे की उम्मीद कर रहे हैं।
मसाबा गुप्ता की मां नीना गुप्ता ने बेटी और सत्यदीप मिश्रा की फोटो शेयर करते हुए कैप्शन दिया, 'हमारे बच्चों का बच्चा आने वाला है। इससे ज्यादा खुशी की बात क्या हो सकती है। मसाबा गुप्ता ने एक छोटी और प्यारी घोषणा करते हुए बताया कि वह किस चीज के लिए सबसे ज्यादा तरस रही हैं। उन्होंने बताया कि सादे नमकीन केले के चिप्स खाना चाहती हैं, जो लगभग पूरे भारत में पसंद किया जाने वाला नाश्ता है।
बता दें मसाबा गुप्ता और सत्यदीप मिश्रा ने जनवरी 2023 में शादी की थी। इस कपल की शादी में केवल करीबी दोस्त और परिवार के लोग ही मौजूद थे। मसाबा गुप्ता ने अपने लेटेस्ट कलेक्शन के आउटफिट पहने थे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मसाबा और सत्यदीप मिश्रा की मुलाकात नेटफ्लिक्स के शो 'मसाबा-मसाबा' पर हुई थी। इस सीरीज में उन्होंने मसाबा के एक्स-बॉयफ्रेंड का किरदार निभाया था। मसाबा गुप्ता की पहली शादी मधु मंटेना से हुई थी। छोटी सी शादी के बाद 2019 में दोनों का तलाक हो गया।
