Esha Deol on Dharmendra Death Hoax: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती होने के बाद से ही चर्चा में बने हुए हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो अभिनेता को 10 नवंबर को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 11 नवंबर की सुबह धर्मेंद्र को लेकर खबर सामने आई कि उनका निधन हो गया है। इस खबर ने दुनिया भर में तहलका मचा दिया था। धर्मेंद्र के निधन की खबर चारोंओर फैलने के बाद अब उनकी बेटी ईशा देओल (Esha Deol) ने इन अफवाहों को गलत बताया। ईशा देओल ने हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से एक पोस्ट शेयर कर बताया कि उनके पिता धर्मेंद्र ठीक हैं और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी ईशा देओल ने अपने पिता के निधन की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए बताया कि दिग्गज अभिनेता की हालत स्थिर है। उन्होंने लिखा, 'लगता है मीडिया हद से ज्यादा एक्टिव है और झूठी खबरें फैला रही है। मेरे पिता की हालत स्थिर है और वे ठीक हो रहे हैं। हम सभी से रिक्वेस्ट करते हैं कि हमारी फैमिली को प्राइवेसी दें। पापा के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने के लिए धन्यवाद।'
धर्मेंद्र की मौत की खबर से फैन्स को बड़ा झटका लगा था। मगर ईशा देओल के इस पोस्ट के बाद धर्मेंद्र के फैन्स ने राहत की सांस ली है। धर्मेंद्र बीते 6 दशक से फिल्मी दुनिया में एक्टिव हैं। बीते दिन धर्मेंद्र से मिलने उनकी पत्नी हेमा मालिनी, बेटे सनी और बॉबी हॉस्पिटल गए थे। फैमिली के अलावा शाहरुख खान और सलमान खान सहित कई सेलेब्स ने भी धर्मेंद्र से अस्पताल में मुलाकात की थी।
