अमित शाह तक पहुंचा सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला, गृहमंत्री ने CBI जांच को च‍िट्ठी आगे बढ़ाई

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 16, 2020, 06:43 AM IST

Sushant Singh Rajput Suicide case: सुशांत स‍िंह राजपूत की आत्‍महत्‍या की CBI जांच की मांग की जा रही है। इस संबंध में गृहमंत्री अमित शाह ने संबंधित व‍िभाग को च‍िट्ठी भेज दी है।

अमित शाह तक पहुंचा सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला, गृहमंत्री ने CBI जांच को च‍िट्ठी आगे बढ़ाई

Sushant Singh Rajput Suicide case: बॉलीवुड एक्‍टर सुशांत सिंह राजपूत के न‍िधन को एक महीना पूरा हो चुका है। 14 जून को सुशांत ने अपने मुंबई स्थित घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। उनके फैंस हैरान हैं सुशांत जैसा जिंदादिल और खुशमिजाज अभिनेता आत्‍महत्‍या जैसा कदम कैसे उठा सकता है। मुंबई पुलिस आत्‍महत्‍या के कारणों का पता लगाने में जुटी है और अब तक करीब 35 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। 

इधर, सुशांत स‍िंह राजपूत की आत्‍महत्‍या की CBI जांच की मांग की जा  रही है। फैंस लगातार इस मांग को उठा रहे हैं, वहीं बिहार के कई नेताओं ने भी इस मांग को उठाया है। बिहार के माधेपुरा से सांसद रहे पप्‍पू यादव ने सुशांत राजपूत की मौत की सीबीआई जांच के संबंध में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा था जिसे गृहमंत्री अमित शाह ने संबंधित व‍िभाग को कार्रवाई के ल‍िए भेज दिया है।

अमित शाह ने लिखा-

पप्‍पू यादव के पत्र का जवाब देते हुए अमित शाह ने ल‍िखा- आपका पत्र दिनांक 16 जून, 2020 को प्राप्‍त हुआ जिसके माध्‍यम से आपने युवा फ‍िल्‍म अभिनेता स्‍वर्गीय सुशांत राजपूत की आत्‍महत्‍या मामले की जांच केंद्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो से कराए जाने का आग्रह किया है। आपके पत्र की विषय वस्‍तु कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग से संबंधित है, अत: पत्र को आवश्‍यक कार्रवाई हेतु संबंधित मंत्रालय को अग्रेषित किया जा रहा है।

पप्‍पू यादव ने दिया जवाब-

पप्‍पू यादव ने अमित शाह के पत्र को शेयर करते हुए लिखा अमित शाह जी आप चाहें तो एक मिनट में सुशांत मामले की CBI जांच हो सकती है। इसे टालें नहीं! बिहार के गौरव फ़िल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत जी की संदिग्ध मृत्यु की CBI जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्री जी को पत्र लिख आग्रह किया था। उन्होंने कार्रवाई के लिए पत्र अग्रसारित कर दिया है।

End of Article