Sandhya Shantaram Passed Away At The Age Of 87: बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस संध्या शांताराम ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से हिंदी सिनेमा में जबरदस्त पहचान बनाई थी। लेकिन आज उन्हें लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। संध्या शांताराम ने 87 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, संध्या शांताराम का अंतिम संस्कार मुंबई के वैकुंठ धाम शिवाजी पार्क में हुआ। उनके निधन पर मधुर भंडाकर जैसी फिल्मी हस्तियों ने भी ट्वीट कर शोक जाहिर किया है। संध्या शांताराम (Sandhya Shantaram) ने मशहूर फिल्ममेकर वी शांताराम (V Shantaram) संग शादी रचाई थी।
फोटो क्रेडिट- यू-ट्यूब/मधुर भंडारकर ट्विटर
संध्या शांताराम (Sandhya Shantaram) के निधन का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। वहीं उनके निधन पर शोक जाहिर करते हुए डायरेक्टर मधुर भंडारकर ने ट्वीट किया, "लेजेंड्री एक्ट्रेस संध्या शांताराम जी के निधन से दुखी हूं। उनकी आईकॉनिक फिल्मों जैसे 'पिंजरा', 'दो आंखें बाराह हाथ', 'नवरंग' और 'झनक झनक पायल बाजे' को हमेशा ही सराहा जाएगा। उनके टैलेंट और जबरदस्त डांस स्किल्स ने सिनेमा की दुनिया में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। ओम शांति।" बता दें कि संध्या शांताराम ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1951 में मराठी फिल्मों से की थी।
वी शांताराम के साथ संध्या शांताराम ने की थी करियर की शुरुआत
खबरों की मानें तो फिल्ममेकर वी शांताराम (V Shantaram) ने ही संध्या शांताराम (Sandhya Shantaram) को फिल्मों में मौका दिया था। उन्होंने एक्ट्रेस को मराठी मूवी अमर भोपाली में कास्ट किया था। 1950 से 1960 के दशक में उन्होंने हिंदी और मराठी सिनेमा में अपनी जबरदस्त पहचान बनाई। एक्टिंग के साथ-साथ संध्या शांताराम को उनकी बेहतरीन डांसिंग स्किल के लिए भी खूब जाना जाता है। आज भी उनका गाना 'अरे जा रे हट नटखट' लोगों के बीच प्रचलित है। फिल्म 'पिंजरा' में जबरदस्त काम के लिए संध्या शांताराम को फिल्मफेयर मराठी बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड से भी नवाजा गया था।
