Anupam Kher on Ram Mandir Row: अयोध्या के राम मंदिर (Ram Mandir) में कथित चढ़ावे की चोरी का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। एसआईटी की शुरुआती जांच रिपोर्ट में अविनाश शुक्ला को इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी बताया गया है। इसी बीच दिग्गज एक्टर अनुपम खेर (Anupam Kher) अपनी नई फिल्म 'श्री राम भूमि' की शूटिंग शुरू करने से पहले अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। उनका मंदिर दर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस दौरान अनुपम खेर ने पहली बार चढ़ावा चोरी विवाद पर खुलकर अपनी राय रखी। आइए इस रिपोर्ट में जानते है उन्होंने क्या कहा? (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-अयोध्या विवाद के बीच राम लला के दर्शन करने पहुंचे Anupam Kher, देखें VIDEO)
राम मंदिर चंदा चोरी पर बोले अनुपम खेर (pic credit-instagram/chatgpt)
अनुपम खेर ने कही ये बात
पीटीआई से बातचीत में अनुपम खेर ने कहा, "हमारी नई फिल्म 'श्री राम भूमि' की शूटिंग आज अयोध्या में शुरू हो रही है। कोई भी नया काम भगवान राम और हनुमान जी का आशीर्वाद लिए बिना कैसे शुरू हो सकता है? इसलिए मैं यहां उनके दर्शन करने और सभी लोगों के स्वास्थ्य, सुख और शांति की कामना करने आया हूं।" जब उनसे राम मंदिर में दान के पैसों की कथित चोरी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि "चोर हर जगह होते हैं। इससे मंदिर की गरिमा और सम्मान कम नहीं हो जाता। इस मंदिर के बनने में 500 साल लगे हैं। अगर कुछ लोगों ने गलत काम किया है, तो इससे मंदिर की पवित्रता पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा, "अगर किसी घर में चोरी हो जाए तो लोग घर को दोष नहीं देते। जो हुआ वह गलत हुआ और ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए था। लेकिन सनातन धर्म और भगवान राम हमेशा से रहे हैं और आगे भी रहेंगे। जिन्होंने यह गलत काम किया है, उन्हें जरूर पकड़ना चाहिए और सजा मिलनी चाहिए।"
अनुपम खेर की अपकमिंग फिल्म
बताते चलें कि बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर की अपकमिंग फिल्म श्री राम भूमि का अच्छा खासा बज बना हुआ है। इस फिल्म को देखने के लिए लोग बेताब हैं। यह फिल्म राम जन्मभूमि और राम मंदिर के निर्माण से जुड़े विवाद और संघर्ष की कहानी पर आधारित है। ये फिल्म जी स्टूडियोज के बैनर तले बनाई जा रही है। वहीं इस फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह कर रहे हैं।
