कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने शनिवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के बढ़ते प्रभाव को भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के लिए फायदेमंद बताया और कहा कि कांग्रेस को कमजोर करके राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का मुकाबला नहीं किया जा सकता। माकन ने यह भी दोहराया कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल को "फर्जीवाल" और "एंटी नेशनल" कहा था, और इसे अपनी व्यक्तिगत राय बताया।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता अजय माकन
हरियाणा का बदला दिल्ली में
कांग्रेस के कोषाध्यक्ष ने पार्टी के नए मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आप के साथ गठबंधन करने से दिल्ली की जनता को नुकसान हुआ और भाजपा को फायदा हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस हरियाणा और दिल्ली विधानसभा चुनावों में आप के साथ गठबंधन करना चाहती थी, लेकिन केजरीवाल ने अपनी पार्टी की ओर से गठबंधन से इंकार कर दिया था और अलग-अलग चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। उनका कहना था, "हम हरियाणा और दिल्ली चुनाव आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ना चाहते थे। लेकिन जैसे ही अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आए, उन्होंने घोषणा की कि वह (हरियाणा की) सभी 90 सीटों पर अलग चुनाव लड़ेंगे। जहां तक दिल्ली चुनाव की बात है तो आप ने लोकसभा चुनाव के बाद घोषणा की थी कि वह दिल्ली चुनाव अकेले लड़ेगी। गोपाल राय ने यह घोषणा की थी।"
आप को माकन ने घेरा
माकन ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने शीला दीक्षित के मुख्यमंत्री रहते दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटें जीती थीं, लेकिन आप की सरकार आने के बाद भाजपा ने सभी सात सीटें जीत लीं, जिससे यह सवाल उठता है कि भाजपा के साथ कौन है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत नहीं होगी, तो भाजपा से मुकाबला करना मुश्किल होगा।
