इलेक्शन

केजरीवाल पर हमला हुआ या उनकी गाड़ी ने टक्कर मारी? आमने-सामने AAP और BJP, देखिए वीडियो

दिल्ली की नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी ने प्रवेश वर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है। प्रवेश वर्मा काफी आक्रमक रुख अपनाते हुए प्रचार कर रहे हैं। इसी सीट पर प्रचार के दौरान अरविंद केजरीवाल पर हमले की खबर सामने आई है।

Image

आम आदमी पार्टी का दावा, केजरीवाल पर हुआ हमला (फोटो-AAP)

दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ है। उनकी गाड़ी पर ईंट फेंके गए हैं ऐसा दावा आम आदमी पार्टी ने किया है। वहीं बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा का दावा है कि केजरीवाल की गाड़ी ने टक्कर मार दी थी। केजरीवाल पर हमले को लेकर बीजेपी और आप आमने सामने आ चुकी है। दोनों ही पार्टियों ने केजरीवाल पर हमले और टक्कर को लेकर वीडियो जारी किए हैं।

केजरीवाल पर हमला हुआ, आप का वीडियो

आम आदमी पार्टी ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें केजरीवाल पर हमले का दावा किया जा रहा है। इस वीडियो के शेयर करते हुए आप ने लिखा- "BJP प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के गुंडों ने चुनाव प्रचार करते वक्त अरविंद केजरीवाल जी पर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें चोट पहुंचाने की कोशिश की ताकि वो प्रचार ना कर सकें। बीजेपी वालों, तुम्हारे इस कायराना हमले से केजरीवाल जी डरने वाले नहीं हैं, दिल्ली की जनता तुम्हें इसका करारा जवाब देगी।"

प्रवेश वर्मा का टक्कर का दावा, वीडियो किया जारी

आप के इस आरोप के बाद केजरीवाल के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने भी एक वीडियो जारी किया है। प्रवेश वर्मा ने कहा, "अरविंद केजरीवाल की गाड़ी भाजपा के कार्यकर्ता को कुचलते हुए आगे बढ़ गई है। कार्यकर्ता (भाजपा) का पैर टूट गया है और मैं उसका हालचाल जानने के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज जा रहा हूं...यह बेहद शर्मनाक है..."

पुलिस ने क्या कहा

इस बीच, पुलिस ने कहा है कि किसी ने भी केजरीवाल की कार पर पत्थर नहीं फेंका बल्कि कुछ लोग उन्हें काला झंडा दिखाने की चेष्टा कर रहे थे जिन्हें तत्काल वहां से हटा दिया गया। इस घटना के कथित वीडियो में देखा जा सकता है कि केजरीवाल वाहन में बैठे हैं और पुलिस उनके लिए रास्ते को सुचारु बना रही है। इस वीडियो क्लिप में यह भी देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति काला कपड़ा दिखा रहा है तथा एक पत्थर गाड़ी की ओर उछाला गया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article