इलेक्शन

कैलाश गहलोत के AAP छोड़ने के बाद नजफगढ़ में BJP की स्थिति मजबूत? जानिए क्या है इस सीट का समीकरण, कहां खड़ी है कांग्रेस

Najafgarh Assembly Constituency: नजफगढ़ विधानसभा सीट पर पिछले दो चुनावों से आम आदमी पार्टी जीतती रही है। दोनों चुनावों में कैलाश गहलोत ने आप के टिकट पर चुनाव जीता था, इस बार कैलाश गहलोत बीजेपी में हैं और वो बिजवासन से चुनावी मैदान में हैं।

Image

नजफगढ़ से पहले विधायक थे कैलाश गहलोत, इस बार बिजवासन से हैं बीजेपी उम्मीदवार

Photo : Twitter

Najafgarh Assembly Constituency: दिल्ली की नजफगढ़ सीट पर इस बार आप और बीजेपी में कड़ा मुकाबला दिख रहा है। इस बार के चुनाव में आप का सबसे मजबूत समीकरण बीजेपी के साथ है। दरअसल 2015 और 2020 में आम आदमी पार्टी यहां से जीती थी, दोनों पर कैलाश गहलोत नजफगढ़ से जीते थे, इस बार चुनाव की घोषणा से पहले ही कैलाश गहलोत ने केजरीवाल का साथ छोड़ दिया और बीजेपी के साथ चले गए। जिसके कारण एक बड़े चेहरे की कमी आप के पास स्पष्ट रूप से दिख रही है।

नजफगढ़ सीट पर कब है वोटिंग

नजफगढ़ विधानसभा सीट के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा। राजनीतिक दलों के उम्मीदवार जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। आम आदमी पार्टी जीत की लय बरकरार रखने के लिए जोर लगा रही है। भाजपा भी सत्ता पर काबिज होने का प्रयास कर रही है। नजफगढ़ सीट पर आप जहां हैट्रिक की तलाश में है, वहीं भाजपा एक बार फिर यहां कमल खिलाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।

नजफगढ़ विधानसभा सीट 2025 के उम्मीदवार

आप ने नजफगढ़ से तरुण यादव को, भाजपा ने नीलम पहलवान और कांग्रेस ने सुषमा यादव को मैदान में उतारा है। नजफगढ़ सीट पर 2015 और 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी के कैलाश गहलोत ने जीत दर्ज की थी जो अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। साल 2013 में इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार अजीत सिंह खरखड़ी ने जीत दर्ज की थी। कैलाश गहलोत के पार्टी छोड़ने के बाद 'आप' ने इस सीट से तरुण यादव को टिकट दिया है। बताया जा रहा है कि नीलम पहलवान और तरुण यादव के बीच कांटे की टक्कर देखे को मिलेगी।

नजफगढ़ सीट का इतिहास

नजफगढ़ निर्वाचन क्षेत्र 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आया था। गुड़गांव और बहादुरगढ़ के साथ अपनी सीमाएं साझा करने वाले इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में सिख मतदाता हैं। साल 2020 के चुनाव में आप के कैलाश गहलोत को 81,507 और अजीत सिंह खरखड़ी को 75,276 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार साहब सिंह 2,379 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।

नजफगढ़ में मुद्दे

इस क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के मुद्दे अहम हैं। इन मुद्दों के अलावा भी उम्मीदवार विभिन्न मुद्दों पर वोट मांग रहे हैं। देखना यह होगा कि क्या तरुण यादव नजफगढ़ सीट पर आप की जीत को बरकरार रख पाएंगे या फिर भाजपा-कांग्रेस का कोई उम्मीदवार बाजी मारेगा। नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या दो लाख 76 हजार से अधिक है। यहां 1,44,687 पुरुष मतदाता, 1,31,713 महिला मतदाता और 11 थर्ड जेंडर वोटर हैं।

कांग्रेस कर सकती है 'खेला'

जिस तरह से कांग्रेस दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ती दिख रही है, अगर यही आक्रमक रवैया कांग्रेस अपनाए रखी और पिछले चुनावों से बेहतर प्रदर्शन करने में कामयाब रही तो ये तय है कि नजफगढ़ में आप को नुकसान हो सकता है। क्योंकि पिछली बार आप 6,231 वोटों से जीती थी, 2015 के चुनाव में कांग्रेस नंबर 2 पर थी और आप महज 1,555 वोटों से जीती थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article