Delhi Congress: दिल्ली में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के जीते हुए दो पार्षदों ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। साथ ही राज्य कांग्रेस के युवा चेहरे और पार्टी के उपाध्यक्ष अली मेहदी ने भी पार्टी को अलविदा कह दिया है।
दो कांग्रेस पार्षदों ने ज्वाइन किया AAP
कौन हैं ये पार्षद
दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेहदी, दो नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदों- मुस्तफाबाद से सबिला बेगम और बृजपुरी से नाजिया खातून के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। अली मेहदी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह मुस्तफाबाद से कांग्रेस के पूर्व विधायक अली हसन मेहदी के बेटे हैं।
एक दिन में बदल गई पहचान
अली मेहदी हाल तक कांग्रेस के लिए प्रचार करते दिखे थे। कांग्रेस के लिए नारा लगाते रहे थे, इन्हें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी का करीबी माना जाता था, लेकिन कल तक जो कांग्रेस का झंडा उठाते थे, नारा लगाते थे, अब वो केजरीवाल की पार्टी में शामिल हो गए हैं।
क्या रहा निगम चुनाव 2022 का रिजल्ट
दिल्ली एमसीडी चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी ने 134 वार्डों में जीत हासिल कर सत्ता पर कब्जा जमा लिया है। आप की इस जीत के साथ ही भाजपा के 15 साल के शासन का अंत हो गया है। वहीं बीजेपी ने 104 वार्डों में जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस के हिस्से केवल 9 वार्ड ही आया है। उसमें से भी दो आप में शामिल हो गए हैं। साथ ही दिल्ली में 3 वार्डों से निर्दलीय जीते हैं।
2017 का हाल
बता दें कि दिल्ली नगर निगम में 250 वार्ड हैं। इस चुनाव में 1,349 उम्मीदवार मैदान में थे। बात अगर 2017 के चुनाव की करें तो भाजपा ने 270 वार्डों में से 181 पर जीत हासिल की थी। आप ने 48 वार्ड और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे।
