Bihar Elections 2025: बिहार सरकार के मंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने NDA में सीटों के बंटवारे को लेकर जीतन राम मांझी की नाराजगी की खबरों पर बयान दिया है। संतोष ने कहा कि (NDA में) कोई दरार नहीं है। उन्होंने(जीतन राम मांझी) अपनी बातों और मांगों को जनता और कार्यकर्ताओं की चिंताओं को सामने रखा है। हम समझते हैं कि NDA इस बात को समझती है और सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा। कल हमारी बैठक होगी और सब कुछ रात तक साफ हो जाएगा।
HAM के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन (X/@santoshmanjhi)
वहीं, आज मांझी ने एक ट्वीट कर संकेत दिया कि पार्टी को कम से कम 15 सीटें तो मिलनी ही चाहिए।
मांझी ने की थी 20-25 सीटों की डिमांड
बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और ‘हम’ (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने 5 अक्तूबर को दरभंगा में आयोजित दलित, अति पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक संवाद कार्यक्रम में NDA को स्पष्ट संदेश दे दिया था। मांझी ने कहा कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को 20 से 25 सीटें चाहिए, ताकि उनकी आवाज विधानसभा में मजबूती से सुनी जा सके।
मांझी ने कहा कि अभी हमारी संख्या विधानसभा में सिर्फ चार है, इसलिए हम कमजोर हैं। अगर हमारे 20-25 विधायक जीत कर आते हैं तो हम अपने मुख्यमंत्री रहते समय जनता से किए 34 वादों को पूरा कर पाएंगे। उन्होंने अपने संबोधन में वादों की झलक भी दिखाते हुए कहा कि बिहार की लड़कियों की शिक्षा स्कूल से कॉलेज तक मुफ्त की जाएगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन 1100 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये की जाएगी। बिहार में 125 यूनिट फ्री बिजली योजना को खत्म कर बिजली पूरी तरह मुफ्त की जाएगी। मांझी के इस बयान को NDA में सीट बंटवारे से पहले सीधा दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
बिहार में दो चरणों में चुनाव
बता दें कि बिहार में मुख्य मुकाबला एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच है। राज्य में विधानसभा की 243 सीटों के लिए दो चरणों में 7 और 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 121 सीटों और दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा। जबकि चुनाव नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे। हर बार की तरह इस बार भी बड़े-बड़े दिग्गज चुनाव लड़ते नजर आएंगे।
