Tejashwi Yadav: बिहार विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के नामों को लेकर सभी सियासी दलों में उथल-पुथल मची हुई है। इसे लेकर आरजेडी में भी घमासान मचा है और राबड़ी आवास पर देर रात मचा हड़कंप मच गया। दरअसल, लालू यादव ने जिन उम्मीदवारों को सिंबल बांटा था, उन्होंने अपनी उम्मीदवारी का ऐलान सोशल मीडिया पर कर दिया। तेजस्वी ने उन सभी उम्मीदवारों को सिंबल लेकर राबड़ी आवास बुलाया। बताया जा रहा है कि यहां तेजस्वी ने सभी उम्मीदवारों को फटकार लगाई।
RJD में टिकट पर घमासान (File photo: PTI)
तेजस्वी ने लगाई फटकार
विश्वस्त सूत्रों के हवाले से खबर है कि तेजस्वी ने कहा, लालू जी ने आप सभी को सिंबल दिया, और आपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। ये जानते हुए कि महागठबंधन में सीट बंटवारे पर अबतक एलान नहीं हुआ है, आपने ऐसा किया। तेजस्वी ने सबको सख्त हिदायत दी। रात 1 बजे के बाद सभी RJD उम्मीदवारों कि राबड़ी आवास पर परेड हुई। पूरी रात तेजस्वी अपने उम्मीदवारों से मिलते रहे। कुछ उम्मीदवारों से सिंबल वापस लेने की भी चर्चा है। उम्मीदवारों को यह डर था कि तेजस्वी सबका सिंबल वापस ले लेंगे।
महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर ऐलान बाकी
महागठबंधन में सीटों को लेकर आज फैसला हो सकता है। महागठबंधन के दो प्रमुख घटक आरजेडी-कांग्रेस समझौते के करीब हैं। बताया जा रहा है कि सभी घटक दलों की सहमति के आधार पर महागठबंधन ने सीट बंटवारे का फार्मूला करीब-करीब तय कर लिया है। संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार की देर शाम तक महागठबंधन संयुक्त रूप से सीटों का एलान कर देगा।
तेजस्वी ने की कांग्रेस नेताओं संग चर्चा
सोमवार को दिल्ली में राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के बाद शाम करीब चार बजे तेजस्वी यादव कांग्रेस नेताओं से मिलने पहुंचे थे और सीट बंटवारे पर मंथन हुआ था। तेजस्वी यादव की पहली मुलाकात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से हुई और दोनों के बीच करीब 35 मिनट तक चर्चा हुई। पहले कांग्रेस को 55 सीटें मिलने की बात सामने आई थी, फिर तय हुआ है कि कांग्रेस को 61 सीटें मिली हैं। देर शाम तेजस्वी यादव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मिले। दोनों नेता करीब-करीब सीट बंटवारे के फार्मूल पर सहमत हो गए।
