Raebareli Lok Sabha Chunav 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाराणसी लोकसभा सीट के बाद अगर सभी की नजरें किसी दूसरी सीट पर हैं तो वह है उत्तर प्रदेश की रायबरेली। इस सीट पर राहुल गांधी और दिनेश प्रताप सिंह के बीच मुकाबला है। रायबरेली से राहुल गांधी ने एकतरफा जीत दर्ज की है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, रायबरेली से राहुल गांधी ने 3,90,030 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। राहुल गांधी को 6,87,649 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह के हिस्से में 2,97,619 मत पड़े। वहीं, बसपा उम्मीदवार ठाकुर प्रसाद यादव को महज 21,624 वोट ही हासिल हुए।
इन तीन वजहोंं चर्चा में है रायबरेली सीट
इस सीट की चर्चा तीन वजहों से है। पहली यह कि गांधी परिवार की इस पारंपरिक सीट से सोनिया गांधी लंबे समय तक सांसद रही हैं, तो दूसरी यह है कि प्रचंड मोदी लहर में भी कांग्रेस रायबरेली का गढ़ बचाने में कामयाब रही थी। अब आते हैं इसके तीसरे कारण पर। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के एक मात्र सुरक्षित किले रायबरेली में राहुल गांधी को उतारा है, उन पर अपने परिवार की पारंपरिक सीट को बचाने की चुनौती है तो दूसरी तरफ भाजपा ने भी यहां पर जीत हासिल करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।
राहुल गांधी ने दोनों सीट पर जीत दर्ज की
राहुल गांधी ने उत्तर भारत की रायबरेली सीट और दक्षिणी राज्य केरल की वायनाड सीट, दोनों पर ही जीत दर्ज की है। हालांकि, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह कौन सी सीट खाली करते हैं। कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने इससे जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए दोनों संसदीय क्षेत्रों के मतदाताओं को धन्यवाद कहा और कहा कि अभी सीट के विषय पर निर्णय नहीं किया है।
