Politics On Petrol Diesel Price: लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र की मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल की पर बड़ा फैसला लेते हुए कीमतों में रियायत दी, तो कांग्रेस भड़क गई। चुनाव से पहले पेट्रोल, डीजल की कीमतों में कमी किए जाने को लेकर उसने सरकार पर निशाना साधा है। इसे राजनीतिक कदम बताया जा रहा है।
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर कांग्रेस का निशाना
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में कमी किए जाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि पहले तो कीमतों में बढ़ोतरी की गई और फिर चुनाव से ठीक पहले इसमें कुछ कमी कर दी गई। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने लोकसभा चुनावों की घोषणा करीब आने के बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो-दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की। नई दरें शुक्रवार सुबह छह बजे से लागू हो गई हैं।
क्या दोबारा नहीं बढ़ाई जाएंगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें?
पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'पिछले हफ्ते संवाददाता सम्मेलन में मैंने कहा था कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम की जाएंगी। यह आज कर दिया गया।' उन्होंने सवाल किया, 'क्या सरकार कहेगी कि चुनाव के बाद (अगर भाजपा दोबारा सत्ता में आई) कीमतें नहीं बढ़ाई जाएंगी?'
कांग्रेस का दावा- पेट्रोल-डीजल पर बरती गई चालाकी
पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 700 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी और फिर चुनाव से ठीक पहले 100 रुपये की कमी की गई। उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल और डीजल के मामले में भी इसी तरह की चालाकी बरती गई है।
यहां देखें नए पेट्रोल के दाम
| शहर | पुराने दाम | नए दाम |
| दिल्ली | 96.72 | 94.72 |
| मुंबई | 106.31 | 104.21 |
| कोलकाता | 106.03 | 103.94 |
| चेन्नई | 102.63 | 100.75 |
यहां देखें डीजल के नए दाम
| शहर | पुराने दाम | नए दाम |
| दिल्ली | 89.62 | 87.62 |
| मुंबई | 94.27 | 92.15 |
| कोलकाता | 92.76 | 90.76 |
| चेन्नई | 94.24 | 92.34 |
लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार का बड़ा फैसला
लोसकभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने जनता को फौरी राहत देते हुए बड़ा फैसला किया है। देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम 2 रुपये घटाए गए हैं। नई दरें आज सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। पेट्रोल और डीजल के दाम कम होने पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, पेट्रोल और डीज़ल के दाम ₹2 रुपये कम करके देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि करोड़ों भारतीयों के अपने परिवार का हित और सुविधा सदैव उनका लक्ष्य है। बता दें, आज ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में पेट्रोल-डीजल पर दो प्रतिशत वैट घटाने की घोषणा की थी।
