Bihar Elections 2025: चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी नई नवेली पार्टी संग डुबकी लगा दी है और इस बार की चुनावी लड़ाई काफी रोचक होने की संभावना है। ऐसे में प्रशांत किशोर उर्फ पीके ने महागठबंधन के संभावित मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र 'राघोपुर' से चुनाव बिगुल फूंका है।
जनसुराज पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर (फोटो साभार: @jansuraajonline)
राघोपुर से लालू परिवार पर बरसे PK
जनसुराज पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपने समर्थकों संग शनिवार को राघोपुर से न सिर्फ चुनावी अभियान की शुरुआत की, बल्कि लालू परिवार पर जमकर निशाना साधा। प्रशांत किशोर ने टाइम्स नाऊ नवभारत के साथ खास बातचीत में कहा कि इस इलाके का हाल आप देखिये, डेढ़ दशक तक लालू परिवार यहां से जीत कर गए, लेकिन इस इलाके में अबतक मूलभूत चीजें नहीं हो पाईं। राघोपुर से चुनाव लड़ने से जुड़े सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा, ''यहां की जनता जो तय करेगी वो करेंगे।''
प्रशांत किशोर ने क्या कुछ कहा?
प्रशांत किशोर ने कहा, ''हम तो आज यहां पर लोगों से मिलने आए हैं, लोगों से सलाह लेंगे... देशभर की जनता देखेगी कि सामाजिक न्याय और जाति की राजनीति करने वाले लोग, जो लोग राजा बन गए, उनके क्षेत्र की जनता किस दशा में रह रही है... इन लोगों ने अपने लोगों और अपनी जाति के लोगों के लिए क्या किया? कुछ भी नहीं किया।''
उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के लोगों को आज भी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिली हैं... लालू जी और राबड़ी जी यहां से मुख्यमंत्री रही हैं और तेजस्वी यादव यहां से जीतकर दूसरी बार गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं जब पदयात्रा में आया था तब यह पूरा क्षेत्र कटा हुआ था, हम लोग यहां पर पैदल भी नहीं पहुंच पाए थे। अभी हम आए हैं, देखिये लोगों से बात करेंगे...
राघोपुर की जनता के मन में क्या?
इस दौरान, जब टाइम्स नाउ के संवाददाता ने राघोपुर में सड़क किनारे खड़ी जनता से बातचीत करने की कोशिश की तो पता चला कि उनको प्रशांत किशोर का नाम भी नहीं पता था, जबकि कुछ लोगों ने तेजस्वी यादव के प्रति नाराजगी जताई और विरोध में बोल रहे थे तो वहीं कईयों ने स्पष्ट कहा कि हम वोट तो तेजस्वी को ही देंगे।
