Anil Vij : हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज की पीड़ा सामने आई है। विज ने कहा है कि कुछ लोगों ने उन्हें पार्टी में 'बेगाना' बना दिया है। बता दें कि बीते दिनों हरियाणा की सत्ता में हुए फेरबदल में विज की मंत्री पद की कुर्सी चली गई। दोबारा उन्हें कैबिनेट में शामिल नहीं किया गया। पार्टी के इस फैसले से उन्हें झटका लगा है। विज ने का कि कई बार बेगाने अपनों से ज्यादा काम आते हैं।
खट्टर सरकार में गृह मंत्री थे अनिल विज।
'कई बार बेगाने ज्यादा काम आते हैं'
अंबाला में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विज ने कहा, 'माना कुछ लोगों ने मुझे मेरी पार्टी में बेगाना बना दिया है लेकिन कई बार बेगाने अपनों से भी ज्यादा काम आ जाते हैं।' इस रैली में विज ने किसी नेता का नाम नहीं लिया। खट्टर सरकार में गृह मंत्री रहे विज नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आए और विधायक दल की बैठक बीच में छोड़कर चले गए।
खट्टर के बाद सैनी नए सीएम बने
मनोहर लाल खट्टर की जगह प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए सीएम बने। नए मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित आठ लोगों को शामिल किया गया लेकिन विज को इसमें जगह नहीं मिली। यही नहीं, चर्चा यह भी थी कि नई सरकार में जो दो उप मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे उनमें एक विज होंगे लेकिन पूर्व मंत्री के हाथ कुछ नहीं लगा।
अंबाला छावनी में कर रहे प्रचार
भाजपा में अपनी कथित अनदेखी के बाद विज ने अपना चुनाव प्रचार अंबाला छावनी निर्वाचन क्षेत्र तक ही सीमित रखा है। विज ने लोगों से अपील की कि अगर उन्हें लगता है कि उन्होंने अंबाला छावनी का विकास किया है तो वे इस चुनाव में अपनी ताकत दिखाएं और भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को भारी मतों से विजयी बनाएं। बंतो कटारिया पूर्व केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया की पत्नी हैं। रतन लाल अंबाला से सांसद थे। पिछले साल उनका निधन हो गया।
