Bihar Election: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने पांच और बागी नेताओं को पार्टी से बाहर निकाल दिया है। इससे एक दिन पहला जदयू ने 11 उन बागी नेताओं को पार्टी से निकाला था, जो टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनावी मैदान में कूदे हुए हैं। पूर्व मंत्री हिमराज सिंह, पूर्व विधायक गोपाल मंडल, पूर्व विधायक संजीव श्याम सिंह, महेश्वर यादव और उनके बेटे प्रभात को जदयू ने पार्टी से निकाल दिया है। इन नेताओं पर आरोप है कि वो पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं।
बिहार सीएम नीतीश कुमार (फोटो- NitishKumarJDU)
एक दिन पहले 11 लोगों को निकाला था
इससे पहले जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियां करने और ‘‘इसकी विचारधारा की अवहेलना’’ के आरोप में पूर्व मंत्री सहित 11 नेताओं को निष्कासित कर दिया है। जद(यू) की प्रदेश इकाई के महासचिव चंदन कुमार सिंह द्वारा शनिवार शाम जारी बयान में कहा गया कि सभी 11 नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित किया गया है।
क्यों निकाला गया पार्टी से बाहर
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी ने पाया कि ये सभी 11 नेता राज्य में पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं जिसके बाद पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की।’’ जिन नेताओं को निष्कासित किया गया है, उनमें पूर्व मंत्री शैलेश कुमार, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह और सुधर्शन कुमार तथा पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद एवं रणविजय सिंह शामिल हैं।
