Bihar Assembly Election, VIP उम्मीदवार : RJD का गढ़ है राघोपुर, 2010 में खिसकी चुकी है सीट; इस बार तेजस्वी यादव लगाएंगे जीत की हैट्रिक!

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। महागठबंधन ने RJD नेता तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। तेजस्वी यादव लगातार तीसरी बार RJD के गढ़ राघोपुर से चुनावी मैदान में हैं और हैट्रिक की तैयारी कर रहे हैं। चलिए जानते हैं तेजस्वी और राघोपुर सीट के बारे में -

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: राघोपुर बिहार चुनाव की सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहने वाली हॉट सीट है। हो भी क्यों नहीं, यहां से नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव जो उम्मीदवार हैं। वैसे भी राघोपुर सीट राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का गढ़ है। 1972 से ही संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, जनता पार्टी, जनता पार्टी (सेक्युलर) और लोकदल का कब्जा इस सीट पर रहा है। 1997 में लालू प्रसाद यादव ने RJD पार्टी बनाई और 1998 के उपचुनाव से ही राघोपुर RJD का गढ़ रही है। किला या गढ़ कितना भी अभेद्य हो उसमें सेंधमारी की जा सकती है और यह राघोपुर में 2010 के विधानसभा चुनाव में साबित हो चुका है। जब JDU उम्मीदवार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को हरा दिया था। बड़ी बात ये है कि जिस उम्मीदवार JDU ने राघोपुर के गढ़ में सेंध लगाकर राबड़ी देवी को हराया था, वह उम्मीदवार इस बार BJP के टिकट पर तेजस्वी यादव के सामने खड़ा है। हालांकि, तेजस्वी के लिए अच्छी खबर ये है कि वह पिछले दो चुनावों में भाजपा के मौजूदा उम्मीदवार को हराकर जीत दर्ज कर चुके हैं।

Tejashwi Yadav Raghopur Seat.

RJD नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव

राघोपुर सीट से महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव चुनावी मैदान में हैं। वह यहां के मौजूदा विधायक भी हैं और 2015 व 2020 के विधानसभा चुनावों में लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुके हैं। इस बार उनकी नजर राघोपुर में हैट्रिक के साथ बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी भी है। राघोपुर सीट का रिजल्ट न सिर्फ तेजस्वी यादव की राजनीतिक विरासत, बल्कि वैशाली जिले के ग्रामीण मतदाताओं के बीच उनकी छवि और विश्वास की भी परीक्षा होगी। आज इस सीट पर वोटिंग चल रही है। सुबह से मतदाता वोटिंग के लिए बूथों पर पहुंच रहे हैं। वैशाली जिले में आज दोपहर 11 बजे तक 28.67 फीसद वोटिंग हो चुकी है। राघोपुर विधानसभा सीट के लिए बिहार की अन्य सीटों की तरह 14 नवंबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

End of Feed