एजुकेशन

अखिलेश की युवा ब्रिगेड ने गाड़ा झंडा, इकरा, प्रिया और पुष्पेंद्र बने सबसे कम उम्र के सांसद, जानें विदेश में कहां से की है पढ़ाई

Lok Sabha Chunav Result 2024: उत्तर प्रदेश में इस लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 80 में से 37 सीटों पर जीत मिली है और प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी लोकसभा सीट पर जीतने वाले पुष्पेंद्र सरोज, कैराना सीट पर जीतने वाली इकरा चौधरी और मछलीशहर सीट पर प्रिया सरोज की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है। समाजवादी के युवा प्रत्याशियों ने बड़ी जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है।

Image

समाजवादी पार्टी के युवा नेता

Photo : Times Now Digital

Lok Sabha Chunav Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 का रिजल्ट जारी हो गया है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार फिर से एक बार बनने जा रही है। इस लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा के हाथ से कई बड़ी सीटें फिसल गई हैं। उत्तर प्रदेश में इस बार Lok Sabha Chunav 2024 में समाजवादी पार्टी को 80 में से 37 सीटों पर जीत मिली है और प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। सपा की इस जीत के बाद सबसे ज्यादा चर्चा अखिलेश यादव की युवा बिग्रेड की हो रही है। यूपी के कौशाम्बी, कैराना और मछलीशहर सीट पर समाजवादी के युवा प्रत्याशियों ने बड़ी जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है।

उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी लोकसभा सीट पर जीतने वाले पुष्पेंद्र सरोज, कैराना सीट पर 69,116 वोट से जीत दर्ज करने वाली इकरा चौधरी और मछलीशहर सीट पर 4,51,292 वोट पाने वाली प्रिया सरोज की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है। इनमें से दो ने विदेश में रहकर पढ़ाई की है। आइए जानते हैं इन तीनों युवा सांसदों ने कहां से और कौन सी पढ़ाई की है।

UP Young MP Iqra Choudhary: कौन हैं इकरा चौधरी?

शामली जिले की कैराना लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की इकरा चौधरी ने जीत हासिल की है। इकरा ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदीप कुमार को हराया है। इकरा चौधरी पूर्व सांसद रहे चौधरी अख्तर हसन की पौत्री और पूर्व सांसद रहे मुनव्वर हसन और तब्बसुम हसन की बेटी हैं। उनके भाई नाहिद हसन विधायक रह चुके हैं।

Iqra Choudhary

समाजवादी पार्टी की इकरा चौधरी

इकरा महज 29 साल की हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई कैराना से ही हुई है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से LLB की डिग्री हासिल की। LLB करने के बाद इकरा लंदन चली गईं। यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन से उन्होंने पोस्ट ग्रेजुएशन किया। कैराना लोकसभा चुनाव के लिए सपा से प्रत्याशी घोषित होने के बाद इकरा हसन ने बड़ी जीत हासिल की है।

SP Young MP Pushpendra Saroj: कौन हैं पुष्पेंद सरोज?

कैराना की इकरा हसन के बाद पुष्पेंद्र सरोज दूसरे सपा उम्मीदवार हैं, जिन्होंने विदेश में पढ़ाई की है। यूपी की सियासत में कदम रखने के बाद उन्होंने महज 25 साल की उम्र में सांसद बनकर इतिहास रच दिया है। पुष्पेंद्र 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान अपने पिता इंद्रजीत सरोज के साथ काफी एक्टिव दिखे थे।

Pushpendra Saroj with Akhilesh

पुष्पेंद्र सरोज अखिलेश यादव के साथ

पुष्पेंद्र सरोज ने लंदन की क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। पुष्पेंद्र सरोज कौशांबी संसदीय सीट से चुनाव में उतरे और बड़ी जीत हासिल की है। पुष्पेंद्र को कुल 5,09,787 वोट मिले हैं। उन्होंने बीजेपी के विनोद कुमार सोनकर को 1,03,944 वोट से हराया है। यह कौशांबी सीट पर समाजवादी पार्टी की एतिहासिक जीत है।

Young MP in UP Priya Saroj: कौन हैं प्रिया सरोज?

मछलीशहर लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी प्रिया सरोज ने शानदार जीत हासिल की है। प्रिया महज 26 साल की हैं और वो अब लोकसभा में सांसद के तौर पर बैठकर अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी। इन्होंने भाजपा प्रत्याशी बीपी सरोज को 35,850 वोट से हराया है। प्रिया समाजवादी पार्टी की सबसे युवा चेहरा बनकर सामने आई हैं।

Priya Saroj With Akhilesh

प्रिया सरोज अखिलेश यादव के साथ

प्रिया सरोज मछलीशहर के पूर्व सांसद व वर्तमान में केराकत के सपा विधायक तूफानी सरोज की बेटी हैं। वाराणसी के पिंडरा तहसील के करखियांव गांव की मूल निवासी हैं। उन्होंने महज 18 की उम्र में ही समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली थी। सरोज की स्कूली पढ़ाई दिल्ली के एयरफोर्स गोल्डन जुबिली इंस्टीट्यूट से हुई और उसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। नोएडा के Amity University से उन्होंने LLB की डिग्री ली है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट में वकालत की प्रैक्टिस कर रही हैं।

Ravi Mallick
Ravi Mallickauthor

<p>सर्वविद्या की राजधानी कहे जाने वाले वाराणसी का रहने वाला हूं। यहीं से पढ़ाई की शुरुआत हुई। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन पूरा किया। इसके बाद पत्रकारिता की पढ़ाई के लिए लखनऊ आया और स्वामी विवेकानंद सुभारती यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली।पढ़ाई के दौरान लखनऊ में रहकर 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव को करीब से देखा। डिजिटल युग में पत्रकारिता की शुरुआत अमर उजाला से हुई। इस दौरान कोरोना महामारी में जूझ रही जिंदगियों को देखा, उसके बारे में लिखा और लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया।साल 2020 से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़ा रहा। यहां शुरुआत दूनिया की खबरों से हुई। फ‍िर एजुकेशन सेक्शन के साथ काम करते हुए 3 साल पूरे कर लिए। रोजगार, स्कूली शिक्षा, बोर्ड परीक्षा और रिजल्ट पर काम करने का मौका मिला। स्कूली शिक्षा से लेकर नौकरी तक की खबरों पर काम करना पसंद है। युवाओं को बेहतर करियर ऑप्शन, करंट अफेयर्स और नई वैकेंसी के बारे में बताना अच्छा लगता है। बोर्ड परीक्षा हो या UPSC, JEE और NEET एग्जाम टॉपर्स से बात करना और उनकी स्ट्रेटजी के बारे में जानना पसंद है। युवाओं को प्रेरित करने के लिए उनके बीच के मुद्दों को उठाना और सही व सटीक जानकारी देना ही मेरी प्राथमिकता है। फरवरी 2024 से Times Network में timesnowhindi.com के एजुकेशन टीम के साथ जुड़ा हूं।</p>

और पढ़ें
End of Article