NEET PG 2026: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने NEET-PG 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और अभ्यर्थी हितैषी होनी चाहिए। साथ ही छात्रों से अपील की कि वे पेपर लीक या परीक्षा से जुड़ी किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। बता दें, 30 अगस्त 2026 को NEET-PG परीक्षा का आयोजन किया जाना है। इस बार 2,73,183 उम्मीदवारों ने आवेदन किया, जो पिछले साल की तुलना में 12.5% से ज्यादा है। परीक्षा एक ही शिफ्ट में देश के 340 शहरों के 1,300 से अधिक केंद्रों पर होगी। उम्मीदवारों को 3 राज्यों की पसंद देने का विकल्प मिलेगा, ताकि घर के नजदीक परीक्षा केंद्र मिल सके।
कब आएगी परीक्षा शहर की जानकारी?
परीक्षा शहर की जानकारी करीब 3 सप्ताह पहले दे दी जाएगी, जिससे यात्रा की तैयारी आसान होगी। प्रश्नों की संख्या 200 से घटाकर 180 कर दी गई है। इन्हें हल करने के लिए 210 मिनट मिलेंगे, यानी हर प्रश्न के लिए पहले से अधिक समय मिलेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: NEET UG Counselling 2026: 5 गलतियां जिनकी वजह से स्टूडेंट्स खो सकते हैं अपनी सीट, MCC के शेड्यूल जारी करने से पहले रहें सावधान
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
- आवेदन और परीक्षा के दिन आधार आधारित सत्यापन होगा।
- फिंगरप्रिंट नहीं मिलने पर आईरिस (आंख) स्कैन से पहचान की जाएगी।
- परीक्षा केंद्रों पर CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक जांच, फ्रिस्किंग, सिग्नल जैमर और लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी।
- परीक्षा कराने के लिए 60 हजार से अधिक कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
पेपर लीक के दावों पर सरकार का जवाब
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अंतिम प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही बेहद सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड प्रक्रिया के जरिए तैयार किया जाता है। इसलिए किसी के पास पहले से पेपर होने का दावा पूरी तरह झूठा और भ्रामक है। अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो उसकी जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें।
सरकार का संदेश
जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर उम्मीदवार को सुरक्षित, निष्पक्ष और बिना किसी परेशानी के परीक्षा का अनुभव देना है। इसके लिए सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UPSSSC ने जारी किया PET 2026 का नोटिफिकेशन , वन टाइम रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य
