Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Explained: भारत में फोटोग्राफी में करियर कैसे बनाएं? जानिए कोर्स, प्रकार, स्कोप और कमाई के तरीके

Career in Photography: अगर आपको कैमरे से तस्वीरें लेना अच्छा लगता है, तो आप फोटोग्राफी में करियर बनाने की सोच सकते हैं। आज फोटोग्राफी सिर्फ शादी या फैशन शूट तक सीमित नहीं है। न्यूज, विज्ञापन, फैशन, ई-कॉमर्स, सोशल मीडिया, ट्रैवल, वाइल्डलाइफ और फिल्म इंडस्ट्री जैसे कई क्षेत्रों में अच्छे फोटोग्राफर्स की जरूरत होती है। खास बात यह है कि इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए हर किसी के लिए डिग्री जरूरी नहीं है। सही ट्रेनिंग, लगातार प्रैक्टिस और मजबूत पोर्टफोलियो के साथ भी शुरुआत की जा सकती है।

Image
फोटोग्राफी में करियर कैसे बनाएं? (Image - ChatGPT)
Authored by: Neelaksh Singh
Updated Aug 19, 2026, 16:12 IST
Follow on Google News

आज के दौर में ऐसा मोबाइल लिया जाता है, जिसका कैमरा अच्छा हो, क्योंकि कहीं न कहीं हम सभी अच्छी फोटोग्राफी चाहते हैं। हम जिंदगीभर इधर-उधर जाते हैं, कई बार सुंदर नजारे दिखते हैं तो हम उन्हें झट से अपने कैमने में सुनहरी याद के तौर पर समेट लेना चाहते हैं, ऐसे में मोबाइल कंपनी भी एक से बढ़कर एक कैमरा देने लगी हैं। अब फोटोग्राफी केवल शौक तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसमें प्रोफेशनल करियर की भी तमाम संभावनाएं हैं। अगर आपको भी लगता है कि आपमें तस्वीरें लेने के गुण हैं, तो इस शौक से कमाई के रास्ते भी खोले जा सकते हैं। आज फोटोग्राफी सिर्फ शादी या फैशन शूट तक सीमित नहीं है। न्यूज, विज्ञापन, फैशन, ई-कॉमर्स, सोशल मीडिया, ट्रैवल, वाइल्डलाइफ और फिल्म इंडस्ट्री जैसे कई क्षेत्रों में अच्छे फोटोग्राफर्स की जरूरत होती है। खास बात यह है कि इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए हर किसी के लिए डिग्री जरूरी नहीं है। सही ट्रेनिंग, लगातार प्रैक्टिस और मजबूत पोर्टफोलियो के साथ भी शुरुआत की जा सकती है।

फोटोग्राफी में करियर कैसे बना सकते हैं?

सबसे पहले आपको यह तय करना होगा कि आपको किस तरह की फोटोग्राफी पसंद है। इसके बाद कैमरा ऑपरेशन, लाइटिंग, कंपोजिशन, फोटो एडिटिंग और विजुअल स्टोरीटेलिंग जैसी स्किल सीखनी की जरूरत होगी। शुरुआत में स्मार्टफोन या बेसिक कैमरे से भी प्रैक्टिस की जा सकती है। धीरे-धीरे DSLR या मिररलेस कैमरा, अलग-अलग लेंस और लाइटिंग उपकरणों का इस्तेमाल सीखें। इसके बाद अपनी अच्छी तस्वीरों का एक पोर्टफोलियो तैयार करें। यही पोर्टफोलियो आगे क्लाइंट, कंपनी या एजेंसी को आपका काम दिखाने में मदद करेगा।

फोटोग्राफी के लिए कौन सा कोर्स करना होता है?

फोटोग्राफी सीखने के लिए कोई एक अनिवार्य कोर्स नहीं है। आपकी पढ़ाई और करियर के लक्ष्य के अनुसार अलग-अलग विकल्प चुने जा सकते हैं।

कुछ प्रमुख विकल्प हैं:

  • आप फोटोग्राफी में सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं।
  • डिप्लोमा इन फोटोग्राफी
  • पीजी डिप्लोमा इन फोटोग्राफी
  • फोटोजर्नलिज्म
  • सिनेमेटोग्राफी (Cinematography) से जुड़े कोर्स
  • विजुअल कम्युनिकेशन (Vissual Communication) से जुड़े कोर्स
  • फैशन फोटोग्राफी की ट्रेनिंग
  • डिजिटल फोटोग्राफी के शॉर्ट टर्म कोर्स
फोटोग्राफी के लिए कोर्स (Image - ChatGPt)

फोटोग्राफी के लिए कोर्स (Image - ChatGPt)

अगर आप 12वीं के बाद शुरुआत करना चाहते हैं तो सर्टिफिकेट या डिप्लोमा कोर्स एक विकल्प हो सकता है। वहीं ग्रेजुएशन के बाद PG डिप्लोमा के बारे में सोच सकते हैं। कुछ यूनिवर्सिटी में PG Diploma में एडमिशन के लिए ग्रेजुएशन की योग्यता और पोर्टफोलियो/प्रवेश प्रक्रिया जैसी शर्तें दी गई हैं।

फोटोग्राफी कितनी तरह की होती है?

फोटोग्राफी को कई अलग-अलग क्षेत्रों में बांटा जा सकता है। आपको अपनी रुचि के अनुसार किसी एक या दो क्षेत्र में विशेषज्ञता बनानी होगी

1. फैशन फोटोग्राफी

कपड़ों, मॉडल्स, ज्वेलरी और फैशन ब्रांड्स के लिए तस्वीरें लेना फैशन फोटोग्राफी का हिस्सा है।

2. वेडिंग फोटोग्राफी

शादी, सगाई और दूसरे पारिवारिक कार्यक्रमों की फोटो और वीडियो शूटिंग आज फोटोग्राफी का बड़ा बाजार है।

3. वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी

जंगल, पक्षियों और जंगली जानवरों की तस्वीरें लेने के लिए धैर्य, तकनीकी जानकारी और फील्ड एक्सपीरियंस की जरूरत होती है।

4. ट्रैवल फोटोग्राफी

यात्रा के दौरान जगहों, लोगों, संस्कृति और प्राकृतिक दृश्यों को कैमरे में कैद करना ट्रैवल फोटोग्राफी कहलाता है।

5. फूड फोटोग्राफी

रेस्टोरेंट, फूड ब्रांड और ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के लिए खाने की आकर्षक तस्वीरें तैयार करना।

6. प्रोडक्ट फोटोग्राफी

ई-कॉमर्स वेबसाइट और कंपनियों के लिए कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, कॉस्मेटिक्स और दूसरे उत्पादों की तस्वीरें खींचना।

7. फोटो जर्नलिज्म

समाचार घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और महत्वपूर्ण घटनाओं को तस्वीरों के माध्यम से सामने लाना फोटो जर्नलिज्म का हिस्सा है।

8. पोर्ट्रेट फोटोग्राफी

लोगों के व्यक्तित्व और भावनाओं को तस्वीरों के जरिए दिखाना पोर्ट्रेट फोटोग्राफी कहलाता है।

फोटोग्राफी के प्रकार (Image - ChatGPt)

फोटोग्राफी के प्रकार (Image - ChatGPt)

इसके अलावा डॉक्यूमेंट्री, आर्किटेक्चर, स्पोर्ट्स, इंडस्ट्रियल और विज्ञापन फोटोग्राफी जैसे क्षेत्र भी हैं। जामिया के PG Diploma पाठ्यक्रम में भी फोटो जर्नलिज्म, विज्ञापन, इंडस्ट्रियल, साइंस, लाइफस्टाइल और डॉक्यूमेंट्री जैसी फोटोग्राफी प्रैक्टिस का उल्लेख है।

फोटोग्राफी का कोर्स कितने साल का होता है?

इसका कोई एक निश्चित समय नहीं होता। कोर्स के प्रकार और संस्थान के हिसाब से अवधि बदलती है। सर्टिफिकेट कोर्स कुछ महीनों से लेकर लगभग एक साल तक हो सकता है। इसके अलावा कुछ संस्थान शॉर्ट-टर्म और पार्ट-टाइम फोटोग्राफी प्रोग्राम भी चलाते हैं। NIFT के Continuing Education कार्यक्रमों में भी अलग-अलग अवधि के शॉर्ट और एक वर्षीय कार्यक्रम उपलब्ध होते हैं। इसलिए केवल कोर्स की अवधि देखकर संस्थान न चुनें। उसके सिलेबस, प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, स्टूडियो सुविधाओं और पोर्टफोलियो डेवलपमेंट पर भी ध्यान दें।

फोटोग्राफी में करियर स्कोप क्या है?

फोटोग्राफी का दायरा काफी बड़ा है। आज कंपनियों को वेबसाइट, सोशल मीडिया, विज्ञापन और ई-कॉमर्स के लिए लगातार विजुअल कंटेंट चाहिए। आप इन क्षेत्रों में काम कर सकते हैं:

  • मीडिया और न्यूज संस्थान
  • विज्ञापन एजेंसियां
  • फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड
  • ई-कॉमर्स कंपनियां
  • वेडिंग फोटोग्राफी स्टूडियो
  • ट्रैवल और टूरिज्म कंपनियां
  • मैगजीन और पब्लिशिंग हाउस
  • फिल्म और टीवी प्रोडक्शन
  • सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया
  • प्रोडक्ट फोटोग्राफी
  • सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों के विजुअल प्रोजेक्ट

इसके अलावा फ्रीलांस फोटोग्राफर के रूप में खुद के क्लाइंट बनाकर काम करना भी संभव है।

फोटोग्राफी में कमाई कैसे कर सकते हैं?

फोटोग्राफी में कमाई का तरीका आपकी विशेषज्ञता और काम के स्तर पर निर्भर करता है। शुरुआत में किसी स्टूडियो या अनुभवी फोटोग्राफर के साथ असिस्टेंट के रूप में काम करके अनुभव हासिल कर लें। बाद में आप अलग-अलग माध्यमों से कमाई कर सकते हैं:

  • वेडिंग और इवेंट शूट
  • फैशन और मॉडल फोटोशूट
  • प्रोडक्ट फोटोग्राफी
  • कंपनियों के लिए विज्ञापन शूट
  • न्यूज और मैगजीन के लिए फोटो असाइनमेंट
  • सोशल मीडिया कंटेंट शूट
  • स्टॉक फोटोग्राफी
  • फोटो एडिटिंग और रिटचिंग
  • फोटो प्रिंट और एल्बम सर्विस
  • फ्रीलांस फोटो और वीडियो प्रोजेक्ट
फोटोग्राफी में कमाई (Image - ChatGPT)

फोटोग्राफी में कमाई (Image - ChatGPT)

फोटोग्राफी में कमाई को लेकर कोई एक तय वेतन बताना सही नहीं होगा। फ्रीलांस काम में आपकी फीस प्रोजेक्ट, अनुभव, शहर, उपकरण, क्लाइंट और आपकी विशेषज्ञता के अनुसार काफी बदल सकती है।

सिर्फ कैमरा चलाना सीखना काफी नहीं

अगर आप इस क्षेत्र में लंबे समय तक करियर बनाना चाहते हैं तो केवल कैमरा चलाना सीखना पर्याप्त नहीं होगा। आपको लाइटिंग, कंपोजिशन, फोटो एडिटिंग, कलर करेक्शन और क्लाइंट से बातचीत जैसी चीजें भी सीखनी होंगी।

सबसे महत्वपूर्ण है आपका पोर्टफोलियो। किसी कोर्स का सर्टिफिकेट आपकी शुरुआत में मदद कर सकता है, लेकिन काम मिलने पर आपका वास्तविक काम ही सबसे ज्यादा मायने रखता है। अच्छे संस्थानों के फोटोग्राफी कार्यक्रम भी पोर्टफोलियो डेवलपमेंट और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग पर जोर देते हैं।

फोटोग्राफी में करियर बनाने के लिए क्या करें?

अगर आप अभी शुरुआत कर रहे हैं तो 12वीं के बाद - बेसिक फोटोग्राफी सीखें - सर्टिफिकेट/डिप्लोमा करें - लगातार शूटिंग करें - पोर्टफोलियो बनाएं - इंटर्नशिप/असिस्टेंट के तौर पर काम करें - एक स्पेशलाइजेशन चुनें - फ्रीलांस या नौकरी शुरू करें।

सबसे जरूरी बात यह है कि फोटोग्राफी में डिग्री से ज्यादा आपकी स्किल, क्रिएटिविटी, अनुभव और पोर्टफोलियो आपकी पहचान बनाते हैं। इसलिए अगर कैमरे के पीछे काम करने का जुनून है, तो छोटे स्तर से शुरुआत करके इसे धीरे-धीरे प्रोफेशन में बदला जा सकता है।

End of Article