CBSE Cancelled Class 12th Exam : पूरी दुनिया में युद्ध के माहौल के बीच हजारों भारतीय छात्रों के लिए एक बड़ा फैसला आया है। सीबीएसई ने यूएई समेत मध्य पूर्व के कई सारे देशों में सीबीएसई की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के चलते ये बड़ा फैसला लिया है। एक सर्कुलर में कहा गया है कि बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE में छात्रों के लिए 16 मार्च से 10 अप्रैल के बीच होने वाली परीक्षाएं अब नहीं होंगी। इन छात्रों के लिए परिणाम घोषित करने का तरीका बाद में बताया जाएगा। यह फैसला अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष की समीक्षा और छात्रों के कल्याण को लेकर चिंताओं के बाद लिया गया है।
CBSE ने मध्य-पूर्व में कक्षा 12 की परीक्षाएं क्यों कीं रद्द ?
बढ़ता क्षेत्रीय तनाव और अमेरिका-इजरायल-ईरान संघर्ष के कारण, CBSE ने छात्रों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया। सीबीएसई के इस फैसले से बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE के छात्र परीक्षा रद्द होने से प्रभावित हुए हैं।
कब होने थे एग्जाम ?
बताते चलें कि कक्षा 12 की परीक्षाएं 16 मार्च से 10 अप्रैल तक आयोजित की जानी थीं। CBSE ने कहा है कि परिणाम घोषित करने के तरीके की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। इससे पहले 9 मार्च को, CBSE ने एक सर्कुलर जारी किया, जिसमें प्रभावित क्षेत्रों में 12 मार्च से 16 मार्च के बीच होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया था। कोरोना के समय में भी एग्जाम रद्द कर दिए गए थे और छात्रों को बिना एग्जाम ही पास कर दिया गया था।
स्टूडेंट्स को साफ जवाब का इंतजार
हालांकि सीबीएसई ने ये फैसला छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। लेकिन अब 10,000 से भी ज्यादा छात्रों को अपने रिजल्ट, आगे कॉलेज में एडमिशन और आगे की पढ़ाई को लेकर साफ जवाब का इंतजार है।
