CBSE 10th topper 2021: कैसे लाईं Kirti Gupta बोर्ड में 99.4 पर्सेंट मार्क्‍स, नोट कर लें 10वीं टॉपर के Tips

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 5, 2021, 10:34 AM IST

CBSE 10th result 2021 : नोएडा की कीर्ति गुप्ता को इस वर्ष 10वीं टॉपर का खिताब मिला है। जिन्होंने सबसे ज्यादा 99.4 पर्सेंट हासिल किए। टाइम्‍स नाउ नवभारत ने उनसे एक खास मुलाकात की।

CBSE 10th topper 2021: कैसे लाईं Kirti Gupta बोर्ड में 99.4 पर्सेंट मार्क्‍स, नोट कर लें 10वीं टॉपर के Tips

CBSE 10th Topper 2021 : जो आज मुश्किल है वो कल आसान होगा। यह मानना है नोएडा सेक्टर 168 में रहने वाली कीर्ति गुप्ता का, जिन्होंने सीबीएसई बोर्ड से 10वीं में 99.4 पर्सेंट के साथ टॉप किया है। कीर्ति गुप्ता शहर के एस्‍टर पब्‍ल‍िक की छात्रा हैं। कीर्त‍ि ने टाइम्‍स नाउ नवभारत ड‍िज‍िटल के साथ एक्‍सक्‍लूस‍िव इंटरव्‍यू में अपनी तैयारी के ट‍िप्‍स और जरूरी बातें शेयर की हैं। 

टाइम्‍स नाउ नवभारत ड‍िज‍िटल : आपने सीबीएसई बोर्ड से 10वीं टॉप किया है, इस अनुभव के बारे में कुछ बताइये?

कीर्ति गुप्ता : मुझे पढ़ाई में हमेशा से रुचि रही है। सच कहूं तो अच्छे से अच्छा प्रदर्शन करना ही मेरा लक्ष्य था और इसी सोच ने मुझे टॉपर बना दिया। रही बात अनुभव की, तो हमेशा आगे की ओर सोचती रही, प्लानिंग की और उसी के अनुसार पढ़ाई की, जिसकी मदद से आज यह संभव हो सका।

टाइम्‍स नाउ नवभारत ड‍िज‍िटल : कोरोना वायरस के चलते पढ़ाई में क्या चुनौती आई?

कीर्ति गुप्ता : चुनौती तो हर जगह रहती हैं, यह आपको तय करना होता है कि आपको किस दिशा में कैसे कदम बढ़ाना है। कोरोना काल में मैंने इस महामारी को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया, लेकिन सावधानी भी हमेशा बरती।

टाइम्‍स नाउ नवभारत ड‍िज‍िटल : अपनी तैयारी के बारे में कुछ बताएं?

कीर्ति गुप्ता : मैंने ऑनलाइन क्लासेज ली, इस दौरान मैंने पूरा फोकस बनाए रखा। हालांकि, स्कूल में टीचर्स ने भी काफी सपोर्ट किया। इसके अलावा मैंने अलग से रोजाना दो से तीन घंटे की पढ़ाई की, मेरा मानना है कि नियमित रूप से पढ़ाई करने से न सिर्फ आपकी पढ़ाई में मन लगा रहता है, बल्कि यह आपको आत्मविश्वास से भर देता है। ऐसे में प्री बोर्ड या बोर्ड एग्जाम को लेकर कोई डर नहीं रहता है।

टाइम्‍स नाउ नवभारत ड‍िज‍िटल : वीक प्वॉइंट पर कैसे काम किया?

कीर्ति गुप्ता : हर विषय में कुछ न ​कुछ ऐसा होता है, जो आसानी से समझ नहीं आता है, लेकिन यदि उनमें ज्यादा समय दिया जाए तो यकीनन वीक प्वॉइंट को स्ट्रांग प्वाइंट में बदला जा सकता है। मैं अपने कमजोर पक्षों को मजबूत करने के लिए टीचर्स से सहायता ली, इसके अलावा पिछले वर्ष के पेपर्स को सॉल्व किया, जिससे आइडिया हो गया था कि पेपर में प्रश्न कैसे पूछे जा सकते हैं।

टाइम्‍स नाउ नवभारत ड‍िज‍िटल : आपके लिए रिवीजन का क्या महत्व रहा?

कीर्ति गुप्ता : मेरा मानना है कि जल्द से जल्द कोर्स खत्म कर लें, ऐसा करने से आपको रिवीजन के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। यह बहुत जरूरी है ​क्योंकि रिवीजन जितनी बार करेंगे चीजें उतनी स्पष्ट होती जाएंगी।

टाइम्‍स नाउ नवभारत ड‍िज‍िटल :  आपके लिए मोटिवेशन क्या रहा?

कीर्ति गुप्ता : मेरे माता पिता मेरे लिए बड़े मोटिवेशन हैं, क्योंकि वे हमेशा पढ़ाई के लिए मुझे प्रेरित करते रहे हैं। वे समय की महत्वता के बारे में समझाते आए हैं इसके अलावा स्कूल से भी मुझे हमेशा प्रोत्साहन दिया गया, यही कारण है कि मैं चीजों को गंभीरता से लेती हूं।

टाइम्‍स नाउ नवभारत ड‍िज‍िटल : आगे आने वाले विद्यार्थियों से क्या कहना चाहेंगी?

कीर्ति गुप्ता : सबसे पहले बोर्ड एग्जाम को लेकर डरे नहीं, नियमित रूप से पढ़ाई करें, होमवर्क व क्लासवर्क में पूरा फोकस रखें और रिवीजन बार बार करें।
 

End of Article