Mumbai News: सुनकर थोड़ा अजीब लगना लाजमी है, मगर ये सच है कि मुंबई पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने 31 साल की उम्र में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था और अब उनकी उम्र 62 साल है। यानी 31 साल की उम्र में हत्या करने वाले आरोपी को 31 साल बाद अब जाकर पुलिस ने दबोच लिया है।
सांकेतिक तस्वीर। (साभार: Freepik)
पालघर जिले के नालासोपारा इलाके से हुआ गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित 62 वर्षीय आरोपी को 31 साल बाद पालघर जिले के नालासोपारा इलाके से गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान दीपक भिसे के तौर पर की गई है जिसपर 1989 में राजू चिकना नाम के व्यक्ति की हत्या और धर्मेंद्र सरोज की हत्या का प्रयास करने का आरोप है।
अदालत ने 2003 में उसे घोषित कर दिया था फरार
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि भिसे को 1992 में जमानत मिल गई थी लेकिन उसके बाद वह कभी भी अदालत में पेश नहीं हुआ, इसपर अदालत ने 2003 में उसे फरार घोषित कर दिया था। अधिकारी ने कहा, 'पुलिस जब भी कांदिवली के तुलस्करवाड़ी में भिसे के आवासीय पते पर जाती थी तो स्थानीय लोग उसे कहते थे कि शायद भिसे की मौत हो गई है। हम फिर भी उसकी तलाश करते रहे।'
भिसे की पत्नी के मोबाइल फोन का नंबर मिल गया
उन्होंने बताया कि पुलिस को किसी तरह भिसे की पत्नी के मोबाइल फोन का नंबर मिल गया और इसके बाद नालासोपारा में भिसे का पता लगा लिया गया और उसे शुक्रवार रात पकड़ लिया गया। अधिकारी ने बताया कि भिसे अपने परिवार के साथ इस इलाके में बस गया था और जीवनयापन के लिए पेड़ काटने के ठेके लेता था। कांदिवली थाने के उप-निरीक्षक नितिन साटम ने कहा, 'आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी उम्र अब 62 साल है। मामले में जांच जारी है।'
(इनपुट- भाषा)
