क्राइम

Journalist Raghvendra Bajpai Murder: UP में पत्रकार की हत्या, सीने पर दाग दीं गोलियां; धमकी देकर उतारा मौत के घाट

Journalist Raghvendra Bajpai Murder: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। एक प्रमुख हिंदी दैनिक समाचार पत्र में कार्यरत पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई (35) क्षेत्रीय संवाददाता के रूप में काम करते थे।

Image

पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई की हत्या

Journalist Raghvendra Bajpai Murder: सीतापुर जिला मुख्यालय के इमलिया सुलतानपुर थाना इलाके में शनिवार की दोपहर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार दोपहर सीतापुर-दिल्ली राजमार्ग थाना इमलिया सुलतानपुर में हुई। एक प्रमुख हिंदी दैनिक समाचार पत्र में कार्यरत पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई (35) क्षेत्रीय संवाददाता के रूप में काम करते थे।

फोन पर मिली थी धमकी

पुलिस के अनुसार लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेमपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरब्रिज पर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने राघवेंद्र पर गोलियां चलाईं। उनके कंधे और सीने में तीन गोलियां लगीं। इस वारदात को अंजाम देकर हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस पत्रकार को अस्पताल ले गई, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने मीडिया को बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें फोन पर धमकी दी गई थी और आज उनकी हत्या कर दी गई।

सीतापुर के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए सीमाएं सील कर दी गई हैं और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है। कॉल डिटेल और अन्य कानूनी कार्रवाई चल रही है। एएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article