पाकिस्तान के मंसूबों पर दिल्ली पुलिस ने पानी फेर दिया है। पाकिस्तान जिन ISI के जासूसों के भरोसे भारत की खुफिया जानकारी हासिल करने की कोशिश में था, उसी को दिल्ली पुलिस ने दबोच लिया है। दिल्ली पुलिस ने एक नेपाली नागरिक समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो भारत में पाकिस्तान के लिए खुफिया जानकारी इक्कट्ठा कर रहे थे।
दिल्ली ने आईएसआई जासूस को किया गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो- Pixabay)
ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी जासूस ज्योति मल्होत्रा की पूरी कुंडली, पुराना है पाकिस्तान से रिश्ता; कभी बहावलपुर से पंजाब आया था परिवार
तीन महीने तक चला ऑपरेशन
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त ऑपरेशन के बाद दो जासूसों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नेपाली मूल का पाकिस्तानी एजेंट और दूसरा भारतीय नागरिक शामिल है। यह ऑपरेशन तीन महीने तक चला। दिल्ली पुलिस के अनुसार जनवरी से मार्च 2025 तक चलाए गए एक गुप्त ऑपरेशन में ISI के स्लीपर सेल के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया और दो ISI एजेंटों को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस के साथ एजेंसियों ने नेपाली मूल के ISI एजेंट अंसारुल मियां अंसारी समेत दो एजेंटों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से सुरक्षा बलों से जुड़े कई गोपनीय दस्तावेज बरामद किए गए।
पाकिस्तान जाने की तैयारी में था अंसारुल मियां
सूत्रों के अनुसार नेपाल मूल के आरोपी अंसारुल मियां अंसारी को दिल्ली में उस समय पकड़ा गया जब वह पाकिस्तान जाने की फिराक में था। वह आईएसआई के कहने पर दिल्ली आया था। आईएसआई ने अंसारुल से गोपनीय दस्तावेजों की सीडी बनाकर पाकिस्तान भेजने को कहा था। उससे पूछताछ के बाद रांची में एक और व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया।
पाकिस्तान में दी गई थी ट्रेनिंग
रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली के एक होटल से गिरफ्तार किए गए नेपाली नागरिक अंसारुल मियां अंसारी ने खुलासा किया कि वह कतर में कैब चलाता था, जहां उसकी मुलाकात आईएसआई के एक हैंडलर से हुई थी। बाद में अंसारुल को पाकिस्तान ले जाया गया, जहां उसे कई दिनों तक आईएसआई के शीर्ष अधिकारियों ने ट्रेनिंग दी और फिर नेपाल के रास्ते दिल्ली भेज दिया। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह एक गुप्त ऑपरेशन था जिसमें केंद्रीय एजेंसियां शामिल थीं। दिल्ली पुलिस ने मई में चार्जशीट दाखिल की। ऑपरेशन जनवरी से मार्च 2025 तक चला, जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और दोनों को तिहाड़ जेल में रखा गया।
