Pakistani Spy Arrested: पीएस स्पेशल सेल ने पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) एजेंट मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोपी मोहम्मद कासिम का बड़ा भाई है। जिसकी पहचान हसीन के तौर पर हुई है। जिसे दिल्ली की स्पेशल सेल ने डिटेन कर लिया है। हसीन को डीग जिले के नगर इलाके से पकड़ा है। पुलिस हसीन को लेकर दिल्ली गई है। वहां पहले से पुलिस कस्टडी में चल रहे कासिम और हसीन से पाकिस्तान कनेक्शन को लेकर पूछताछ की जाएगी।
कासिम का भाई भी पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपी हसीन, जो कासिम का बड़ा भाई है उसे पीएस नगर, जिला डीग, राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी हसीन लगभग 15 साल पहले पाकिस्तान गया था क्योंकि उसके रिश्तेदार वहां रहते हैं। वह पिछले करीब 4-5 सालों से ISI अधिकारियों के संपर्क में था। उससे पूछताछ में पता चला है कि उसने संवेदनशील सेना से जुड़ी तस्वीरें PIO को भेजी थीं और इसके बदले में पैसे लिए थे। उसने पाकिस्तान में व्हाट्सएप को एक्टिव करने के लिए ओटीपी भी दिया। उसके ISI संचालकों ने उसके छोटे भाई कासिम के लिए पाकिस्तान का वीजा दिलाने में भी उसकी मदद की। देश भर में जासूसी के उसके नेटवर्क के बारे में गहन जांच के लिए पीसी रिमांड लेने करने के लिए उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
गौरतलब है कि 23 मई को CID और IB ने कासिम को गंगौरा गांव से हिरासत में लिया था। जयपुर में पूछताछ के बाद कासिम को 27 मई को छोड़ दिया गया। 28 मई को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कासिम को फिर से हिरासत में लिया। अगले दिन यह पता लगा कि कासिम पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के साथ भारत की खुफिया जानकारी साझा करता था। पूछताछ में पता चला कि कासिम का बड़ा भाई हसीन भी पाकिस्तान ISI को खुफिया जानकारी देता था। इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम डीग पहुंची और हसीन को पकड़ लिया।
