चण्डीगढ़

Bathinda: घर बेचकर पत्नी को भेजा विदेश पर वो निकली बेवफा, दुखी पति ने कर लिया सुसाइड

Bathinda: पंजाब के बठिंडा में एक युवक ने विदेश जाने की पत्नी की मांग को पूरा करने के लिए अपना घर बेचकर उसे कनाडा भेजा। विदेश जाने के बाद पत्नी की बेवफाई से आहत होकर पति ने सुसाइड कर लिया है। मृतक के परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

Bathinda: बीते कुछ समय से पत्नियों की प्रताड़ना और धोखे से परेशान पतियों के आत्महत्या करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पंजाब के बठिंडा से सामने आया है, जहां पत्नी के धोखा देने के बाद एक पति ने सुसाइड कर लिया। युवक का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसके बाद मृतक के परिवार ने न्याय की गुहार लगाई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पत्नी और सास के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की।

पत्नी के धोखे से निराश पति ने लगाई फांसी

मिली जानकारी के अनुसार, बवनीत सिंह नाम के युवक ने अपना घर बेचकर लाखों रुपये खर्च कर अपनी पत्नी को विदेश भेजा था। विदेश में रह रही पत्नी के धोखे से परेशान होकर युवक ने सुसाइड कर लिया। इस मामले पर परिवार के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। बता दें कि बवनीत सिंह के पिता एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं। बेटे के सुसाइड करने के बाद पूरे परिवार में मातम पसर गया है। बेटे की पत्नी को लेकर मृतक की मां और बहन ने आपबीती बताई।

पत्नी को विदेश भेजने के बाद मिला बड़ा धोखा

मृतक बवनीत सिंह की मां ने बताया कि उनका बेटा और उसकी पत्नी स्कूल टाइम से ही साथ थे। 2018 में युवती के कहने पर बेटे ने उससे शादी कर ली। मृतक की मां ने आगे कहा कि 2018 में शादी के बाद 2021 में उनकी बहू ने विदेश जाने की इच्छा जताई, तो उनके बेटे ने पैसे इकट्ठे करके उसे कनाडा भेजा। मृतक की मां ने बताया कि बहू को विदेश भेजने के लिए उन्हें अपना घर बेच दिया और लड़की ने जो भी मांगा उसे दिया गया। लेकिन उनका बेटा बठिंडा में ही रहा। बहू आती थी और फिर कुछ समय बाद वापस कनाडा चली जाती थी। लेकिन 2024 में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए उनकी बहू वापस आई थी। उस दौरान उनके बेटे ने बैंक अकाउंट चेक किया तो उसमें 1 लाख 20 हजार रुपये आए थे।

इतनी अधिक राशि अकाउंट में देखने के बाद जब बेटे ने बहू से सवाल किए तो उसने कहा कि उसके साथ काम करने वाले एक लड़के ने उसके अकाउंट में ट्रांसफर किए हैं, जिससे उससे पैसे लेने थे। इस घटना के बाद बेटे को बहू पर शक होने लगा कि उसका किसी और के साथ संबंध है। मां ने बताया कि जब इस मामले को लेकर उससे सवाल किए जाते थे तो वह झगड़ा करती थी। उसके बाद उसने परिवार के लोगों से संपर्क तोड़ दिया और सबके नंबर ब्लॉक कर दिए। उन्होंने कहा कि उस लड़की के कारण ही उनके बेटे ने सुसाइड जितना बड़ा कदम उठाया है। वह कहती हैं कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन हम जल्द से जल्द युवती की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। यदि पुलिस ऐसा नहीं करती है तो आने वाले दिनों में हम संघर्ष करेंगे।

युवक की पत्नी और सास के खिलाफ मामला दर्ज

थर्मल थाना प्रमुख सुखविंदर सिंह ने कहा है कि मृतक युवक के पिता के बयानों पर हमने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए हमारी टीमें लगी हुई हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article