क्राइम

फिल्मी स्टाइल में कांस्टेबल पत्नी को दी मौत, क्या लव मैरिज ने जिंदगी में घोला जहर? कैसे रची मर्डर की साजिश

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पिछले दिनों महिला आरक्षी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानें 2017 से दोनों के बीच किस बात को लेकर खटास थी?

Image

बाराबंकी आरक्षी मर्डर केस का खुलासा

बाराबंकी : थाना मसौली क्षेत्र में 30 जुलाई को खेत में मृत पाई गई महिला आरक्षी विमलेश पाल हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। स्वाट, सर्विलांस और थाना मसौली की संयुक्त पुलिस टीम ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी पति इंद्रेश मौर्या को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में उपयोग किए गए लोहे की रॉड, मृतका का पर्स और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। मृतका की बहन पूजा पाल की तहरीर पर थाना मसौली में आरोपी इंद्रेश मौर्या के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

प्रेम संबंध ने जिंदगी में घोला जहर

दरअसल, बुधवार को मसौली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बिन्दौरा के पास खेत में एक महिला का शव मिला था। मृतका की पहचान महिला आरक्षी विमलेश पाल के रूप में हुई, जो सुलतानपुर जिले के थाना जयसिंहपुर क्षेत्र की रहने वाली थी। वह यूपी पुलिस में बतौर आरक्षी सुबेहा थाने में तैनात थी और लोधेश्वर महादेव मंदिर में ड्यूटी कर रही थी। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका विमलेश और आरोपी इंद्रेश के बीच 2017 से प्रेम संबंध थे। लिहाजा, विमलेश शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन इंद्रेश इनकार कर रहा था। लिहाजा, कोतवाली नगर में विमलेश की शिकायत पर जबरन रेप और धमकी का केस दर्ज किया।

शादी के बाद से दोनों के बीच तकरार

हालांकि, बाद में दोनों की जबरन आर्य समाज से शादी कर दी गई। लेकिन, इंद्रेश उसे साथ में रखने से इनकार करता रहा। रुपयों का लेनदेन, लोन और बढ़ती तकरार ने विवाद को और गहरा कर दिया। ऐसे में आरोपी ने महिला से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची। 27 जुलाई को आरोपी समीक्षा अधिकारी की परीक्षा के बहाने लखनऊ आया और वहीं से अपनी कार लेकर बाराबंकी के भयारा पहुंचा। उसे विमलेश की ड्यूटी का समय पता था। लिहाजा, मौका देखकर आरोपी ने विमलेश को खेत की ओर बुलाया और बिन्दौरा पुल के पास पीछे से लोहे की रॉड से सिर पर वार कर हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी देर रात लखनऊ होते हुए सुलतानपुर लौट गया और खुद को निर्दोष दिखाने के लिए मृतका को बार-बार कॉल करता रहा। पुलिस ने डिजिटल और मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिये अभियुक्त की लोकेशन ट्रैक की और 31 जुलाई को भयारा रोड स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री के पास से उसे दबोच लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड, मृतका का पर्स और कार बरामद हुई।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article