LIVE

RR vs DC, IPL 2021: आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी ने किया कमाल, राजस्‍थान को दिलाई 'रॉयल' जीत

Rajasthan Royals (RR) vs Delhi Capitals (DC): राजस्‍थान रॉयल्‍स ने दिल्‍ली को दो गेंदें शेष रहते तीन विकेट से मात दी। राजस्‍थान रॉयल्‍स ने आईपीएल 2021 में अपनी जीत का खाता खोला।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Apr 15, 2021, 23:26 IST
Follow on Google News
RR vs DC, IPL 2021: आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी ने किया कमाल, राजस्‍थान को दिलाई 'रॉयल' जीत

आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी क्रिस मॉरिस (36*) ने गुरुवार को आईपीएल 2021 के सातवें मैच में राजस्‍थान रॉयल्‍स को दिल्‍ली कैपिटल्‍स पर रोमांचक जीत दिलाई। राजस्‍थान रॉयल्‍स ने दिल्‍ली को दो गेंदें शेष रहते तीन विकेट से मात दी। मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम पर दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रन बनाए। जवाब में राजस्‍थान रॉयल्‍स ने 19.4 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल कर लिया।

16.25 करोड़ रुपए में बिकने वाले मॉरिस ने 18 गेंदों में चार छक्‍के की मदद से नाबाद 36 रन बनाकर फैंस का दिल जीत लिया। इसके अलावा डेविड मिलर ने 43 गेंदों में सात चौके और दो छक्‍के की मदद से 62 रन बनाए। 

148 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी राजस्‍थान रॉयल्‍स की शुरूआत अच्‍छी नहीं रही। 17 रन पर उसने टॉप ऑर्डर के तीन बल्‍लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। आवेश खान ने शिवम दुबे (2) और रियान पराग (2) को आउट करके रॉयल्‍स को 42/5 के स्‍कोर पर धकेल दिया।

यहां से डेविड मिलर ने राहुल तेवतिया (19) के साथ रॉयल्‍स की पारी आगे बढ़ाई। दोनों ने छठें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की। तभी कगिसो रबाडा ने तेवतिया को ललित यादव के हाथों कैच आउट करा दिया। वहीं मिलर ने अपना 10वां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया और पचासा पूरा करने के बाद लगातार दो छक्‍के जमा दिए। आवेश खान की गेंद पर ललित यादव ने लांग ऑन पर मिलर का शानदार कैच लपका और फिर रॉयल्‍स को बैकफुट पर धकेल दिया।

फिर क्रिस मॉरिस ने पूरी बाजी बदल दी और रॉयल्‍स को जीत दिलाई। दिल्‍ली की तरफ से आवेश खान ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट झटके। क्रिस वोक्‍स और कगिसो रबाडा को दो-दो विकेट मिले।

दिल्‍ली की पारी का हाल

इससे पहले दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रन बनाए। दिल्‍ली की शुरूआत सीजन में अपना पहला मैच खेल रहे जयदेव उनादकट ने बिगाड़ी। उनादकट ने पृथ्‍वी शॉ (2), शिखर धवन (9) और अजिंक्‍य रहाणे (8) के महत्‍वपूर्ण विकेट झटके अैर दिल्‍ली पर दबाव बना दिया। 

उनादकट द्वारा दिए झटको से दिल्‍ली को उबारने की जिम्‍मेदारी कप्‍तान रिषभ पंत ने उठाई, जिन्‍होंने 32 गेंदों में 9 चौके की मदद से 51 रन बनाए। रियान पराग ने रनआउट करके पंत की पारी का अंत किया। मुस्‍ताफिजुर रहमान ने मार्कस स्‍टोइनिस को खाता भी नहीं खोलने दिया और बटलर के हाथों कैच आउट करा दिया।

ललित यादव (20) और टॉम करन (21) ने कुछ योगदान जरूर दिया, जिससे दिल्‍ली की टीम सम्‍मानजनक स्‍कोर खड़ा कर सकी।  राजस्‍थान रॉयल्‍स की तरफ से जयदेव उनादकट ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट झटके। मुस्‍ताफिजुर रहमान ने दो जबकि क्रिस मॉरिस को एक विकेट मिला।

APR 15, 2021 23:22 IST

आखिरी ओवर का रोमांच

टॉम करन ने मैच में बहुत अच्‍छी गेंदबाजी की थी, लेकिन अंतिम ओवर के दबाव में वह बिखर गए और 12 रन केवल चार गेंदों में लुटा दिए।

APR 15, 2021 23:11 IST

आखिरी ओवर, जीत से 12 रन दूर राजस्‍थान

क्रिस मॉरिस ने कगिसो रबाडा की जमकर पिटाई की और मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया है। मॉरिस ने रबाडा के ओवर में दो छक्‍के जमाए और अब जीत का अंतर केवल 12 रन रह गया है।

APR 15, 2021 23:05 IST

रॉयल्‍स को जीत के लिए 2 ओवर में बनाने हैं 27 रन

राजस्‍थान रॉयल्‍स को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 27 रन की जरूरत है। क्रिस मॉरिस और जयदेव उनादकट क्रीज पर मौजूद हैं।

APR 15, 2021 22:59 IST

3 ओवर और लक्ष्‍य 34 रन दूर

राजस्‍थान रॉयल्‍स को आखिरी 3 ओवर में जीत के लिए 34 रन बनाने हैं। क्‍या क्रिस मॉरिस और जयदेव उनादकट कोई कमाल करेंगे?

APR 15, 2021 22:54 IST

डेविड मिलर 62 रन बनाकर आउट

डेविड मिलर ने 43 गेंदों में 7 चौके और दो छक्‍के की मदद से 62 रन बनाए। आवेश खान की गेंद पर मिलर ने लंबा शॉट खेलने का प्रयास किया और लांग ऑन पर ललित यादव ने उनका शानदार कैच लपका।

APR 15, 2021 22:45 IST

रबाडा ने रॉयल्‍स को दिया तगड़ा झटका

राजस्‍थान रॉयल्‍स की टीम इस समय कड़ा संघर्ष कर रही है। 15 ओवर में उसके 90 रन पर 6 विकेट गिर चुके हैं। कगिसो रबाडा ने राहुल तेवतिया (19) को ललित यादव के हाथों कैच आउट कराया।

APR 15, 2021 22:25 IST

तेवतिया-मिलर पर अटकी रॉयल्‍स की उम्‍मीदें

राजस्‍थान रॉयल्‍स की टीम इस समय संघर्ष कर रही है। उसके पांच प्रमुख बल्‍लेबाज आउट हो गए हैं। इस समय क्रीज पर राहुल तेवतिया और डेविड मिलर मौजूद हैं और रॉयल्‍स को इनसे काफी उम्‍मीदें हैं।

APR 15, 2021 22:16 IST

आवेश खान का कहर

दिल्‍ली कैपिटल्‍स के तेज गेंदबाज आवेश खान कहर बरपा रहे हैं। खान ने दुबे के बाद अब पराग (2) को डगआउट लौटा दिया है। रॉयल्‍स की स्थिति खराब है और उसके 42 रन पर पांच विकेट गिर गए हैं।

APR 15, 2021 22:09 IST

धवन का धांसू कैच

शिखर धवन ने शिवम दुबे (2) का शानदार कैच लेकर राजस्‍थान रॉयल्‍स की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आवेश खान की शॉर्ट लेंथ गेंद पर दुबे ड्राइव खेलने गए और उनका धवन ने अच्‍छा कैच लपका। 

APR 15, 2021 22:00 IST

दिल्‍ली और राजस्‍थान में चल रही कड़ी टक्‍कर

दिल्‍ली कैपिटल्‍स और राजस्‍थान रॉयल्‍स के बीच मुकाबला रोमांचक चल रहा है। रॉयल्‍स ने 6 ओवर में तीन विकेट खोकर 26 रन बना लिए हैं। डेविड मिलर 8* और शिवम दुबे 1* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। रॉयल्‍स को जीत के लिए 84 गेंदों में 122 रन की जरूरत है।

APR 15, 2021 21:49 IST

दिल्‍ली की दबंगई, रॉयल्‍स को लगा तीसरा झटका

कगिसो रबाडा ने पिछले मैच के शतकवीर राजस्‍थान रॉयल्‍स के कप्‍तान संजू सैमसन (4) को स्लिप में शिखर धवन के हाथों कैच आउट करा दिया। राजस्‍थान रॉयल्‍स को तीसरा झटका लगा।

APR 15, 2021 21:47 IST

क्रिस वोक्‍स ने दिए दोहरे झटके

दिल्‍ली कैपिटल्‍स के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्‍स ने पारी के तीसरे ओवर में राजस्‍थान रॉयल्‍स को दोहरे झटके दिए। उन्‍होंने चौथी गेंद पर मनन वोहरा (9) को कगिसो रबाडा के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर जोस बटलर (2) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच आउट कराया।

APR 15, 2021 21:41 IST

राजस्‍थान रॉयल्‍स की धीमी शुरूआत

148 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी राजस्‍थान रॉयल्‍स की शुरूआत धीमी हुई है। रॉयल्‍स ने 2 ओवर में बिना किसी नुकसान के 5 रन बना लिए हैं। मनन वोहरा 1* और जोस बटलर 2* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।

APR 15, 2021 21:31 IST

राजस्‍थान रॉयल्‍स की पारी शुरू

जोस बटलर और मनन वोहरा राजस्‍थान की ओर से पारी की शुरूआत करने आए। क्रिस वोक्‍स पारी का पहला ओवर करने आएं हैं। अब जानें दूसरी पारी का पूरा रोमांच।

APR 15, 2021 21:17 IST

दिल्‍ली ने राजस्‍थान के सामने 148 रन का लक्ष्‍य रखा

रिषभ पंत (51) के अर्धशतक की बदौलत दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने राजस्‍थान रॉयल्‍स के सामने 148 रन का लक्ष्‍य रखा है। दिल्‍ली ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रन बनाए। जल्‍द ही राजस्‍थान रॉयल्‍स की पारी शुरू होगी।

APR 15, 2021 21:07 IST

दिल्‍ली को लगा सातवां झटका

दिल्‍ली कैपिटल्‍स को सातवां झटका लगा है। मुस्‍ताफिजुर रहमान ने टॉम करन (21) को क्‍लीन बोल्‍ड किया।

APR 15, 2021 20:48 IST

दिल्‍ली कैपिटल्‍स के 100 रन पूरे

दिल्‍ली कैपिटल्‍स के 100 रन पूरे रन हो गए हैं। ललित यादव 20*  और टॉम करन 6* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।

APR 15, 2021 20:41 IST

रिषभ पंत हुए रनआउट

रिषभ पंत 31 गेंदों में 9 चौके की मदद से 51 रन बनाकर रनआउट हो गए। दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने 13 ओवर में 5 विकेट खोकर 93 रन बना लिए हैं। ललित यादव 19* और टॉम करन 0* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।

APR 15, 2021 20:36 IST

रिषभ पंत का अर्धशतक, बतौर कप्‍तान पहला

रिषभ पंत ने 30 गेंदों में 9 चौके की मदद से 50 रन पूरे कर लिए हैं। पंत ने बतौर कप्‍तान पहला आईपीएल अर्धशतक जमाया है।

APR 15, 2021 20:24 IST

जयदेव उनादकट का शानदार गेंदबाजी स्‍पेल

राजस्‍थान रॉयल्‍स के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने शानदार गेंदबाजी की। उन्‍होंने 4 ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट झटके। दिल्‍ली कैपिटल्‍स का स्‍कोर 10 ओवर के बाद 57/4। रिषभ पंत 25* और ललित यादव 10* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।

APR 15, 2021 20:17 IST

रिषभ पंत ने दिल्‍ली को लगाया 50 रन के पार

9वें ओवर की पहली गेंद पर रिषभ पंत ने शानदार चौका जड़ा और दिल्‍ली कैपिटल्‍स का स्‍कोर 50 रन के पार पहुंचाया।

APR 15, 2021 20:11 IST

दिल्‍ली कैपिटल्‍स का चौथा विकेट गिरा

मुस्‍ताफिजुर रहमान ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स को जोरदार झटका दिया है। रहमान ने कटर गेंद डाली, जो स्‍टोइनिस के बल्‍ले पर टकराने के बाद हवा में उड़ी। शॉर्ट कवर्स पर मुस्‍तैद जोस बटलर ने पीछे दौड़ते हुए शानदार कैच लपका।

APR 15, 2021 20:01 IST

जयदेव उनादकट छा गए, तीसरा विकेट झटका

राजस्‍थान रॉयल्‍स के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स को तीसरा झटका दिया है। पृथ्‍वी शॉ (2) और शिखर धवन के बाद उनादकट ने अपनी ही गेंद पर अजिंक्‍य रहाणे (8) का कैच लपका। 

APR 15, 2021 19:47 IST

उनादकट का जलवा, गब्‍बर का किया शिकार

जयदेव उनादकट ने राजस्‍थान रॉयल्‍स को बहुत बड़ी सफलता दिलाई है। उनादकट ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स के ओपनर शिखर धवन (9) को विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच आउट कराया। दिल्‍ली का स्‍कोर 3.1 ओवर के बाद 16/2 हो गया है। अजिंक्‍य रहाणे 5* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।

APR 15, 2021 19:41 IST

जयदेव उनादकट ने दिया दिल्‍ली को करारा झटका

राजस्‍थान रॉयल्‍स ने पारी के दूसरे ओवर में दिल्‍ली कैपिटल्‍स के विस्‍फोटक ओपनर पृथ्‍वी शॉ (2) को आउट किया। उनादकट की गेंद पर डेविड मिलर ने बैकवर्ड प्‍वाइंट पर शॉ का आसान कैच लपका। 2 ओवर के बाद दिल्‍ली का स्‍कोर 5/1

APR 15, 2021 19:34 IST

1 ओवर के बाद दिल्‍ली कैपिटल्‍स का स्‍कोर 2/0

चेतन सकारिया ने शानदार गेंदबाजी की। पृथ्‍वी शॉ और शिखर धवन दोनों ने 3-3 गेंदों का सामना किया और एक-एक रन बनाया। पृथ्‍वी शॉ 1* और शिखर धवन 1*

APR 15, 2021 19:29 IST

दिल्‍ली की पारी शुरू

शिखर धवन और पृथ्‍वी शॉ क्रीज पर आए। चेन्‍नई के खिलाफ इस जोड़ी ने धमाकेदार बल्‍लेबाजी की थी।

APR 15, 2021 19:08 IST

दोनों टीमों की प्‍लेइंग XI

राजस्‍थान रॉयल्‍स - जोस बटलर, मनन वोहरा, संजू सैमसन (कप्‍तान और विकेटकीपर), डेविड मिलर, शिवम दुबे, रियान पराग, क्रिस मॉरिस, राहुल तेवतिया, जयदेव उनादकट, चेतन सकारिया, मुस्‍ताफिजुर रहमान।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स - पृथ्‍वी शॉ, शिखर धवन, अजिंक्‍य रहाणे, रिषभ पंत (कप्‍तान और विकेटकीपर), मार्कस स्‍टोइनिस, ललित यादव, क्रिस वोक्‍स, रविचंद्रन अश्विन, कगिसो रबाडा, टॉम करन, आवेश खान।

APR 15, 2021 19:05 IST

टॉस के बॉस बने रॉयल्‍स

राजस्‍थान रॉयल्‍स के कप्‍तान संजू सैमसन ने गुरुवार को दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। राजस्‍थान रॉयल्‍स और दिल्‍ली कैपिटल्‍स दोनों ने ही इस मुकाबले के लिए अपनी प्‍लेइंग XI में बदलाव किए हैं। राजस्‍थान रॉयल्‍स ने बेन स्‍टोक्‍स की जगह डेविड मिलर को शामिल किया है और श्रेयस गोपाल की जगह जयदेव उनादकट को लिया है। वहीं दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने शेमरान हेटमायर की जगह कगिसो रबाडा और अमित मिश्रा की जगह ललित यादव को शामिल किया है।

APR 15, 2021 18:42 IST

खिलाड़‍ियों से परेशान दोनों टीमें

दिल्‍ली कैपिटल्‍स को अपने तेज गेंदबाजों कगिसो रबाडा और एनरिच नोर्जे की कमी खलेगी। वहीं राजस्‍थान रॉयल्‍स को बेन स्‍टोक्‍स और जोफ्रा आर्चर की कमी खलेगी।

APR 15, 2021 16:57 IST

पिछले सीजन में क्‍या रहा नतीजा

दिल्‍ली कैपिटल्‍स और राजस्‍थान रॉयल्‍स के बीच आईपीएल 2020 में दो बार भिड़ंत हुई थी। दोनों ही बार दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने बाजी मारी थी। पहले गेम में शेमरान हेटमायर की तूफानी पारी की बदौलत दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 184 रन बनाए थे। जवाब में रॉयल्‍स की टीम 19.4 ओवर में 138 रन पर ऑलआउट हुई और 46 रन से मैच हार गई। दूसरे मैच में दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने 7 विकेट खोकर 161 रन बनाए और इसके बाद सफलतापूर्वक लक्ष्‍य की रक्षा की।

APR 15, 2021 16:56 IST

टॉप परफॉर्मर्स

सक्रिय क्रिकेटरों की बात करें तो राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ सबसे ज्‍यादा रन बनाने के मामले में रिषभ पंत (225) सबसे आगे हैं। श्रेयस अय्यर (193), शिखर धवन (192) और संजू सैमसन (160) क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे नंबर पर काबिज हैं। वहीं गेंदबाजों की बात करें तो अमित मिश्रा ने 20 राजस्‍थानी बल्‍लेबाजों का शिकार किया है। इसके बाद राजस्‍थान रॉयल्‍स के जोफ्रा आर्चर (7) दूसरे और दिल्‍ली कैपिटल्‍स के कगिसो रबाडा (6) तीसरे स्‍थान पर काबिज हैं।

APR 15, 2021 16:55 IST

हेड टू हेड रिकॉर्ड

राजस्‍थान रॉयल्‍स और दिल्‍ली कैपिटल्‍स का आईपीएल में कुल 22 बार आमना-सामना हुआ है। दोनों ही टीमों ने 11-11 मैच जीते हैं। यानी स्थिति 50 प्रतिशत बराबर है। ऐसे में जो टीम आज जीतेगी, वो आंकड़ों में भी आगे निकल जाएगा। हालांकि, 2019 से दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ चारों मुकाबले जीते हैं। दिल्‍ली के पक्ष में यह बात जाती हुई नजर आ रही है।

APR 15, 2021 16:54 IST

संभावित प्‍लेइंग XI

राजस्‍थान रॉयल्‍स - जोस बटलर, मनन वोहरा, संजू सैमसन (कप्‍तान और विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्‍टो/डेविड मिलर, शिवम दुबे, रियान पराग, राहुल तेवतिया, क्रिस मॉरिस, श्रेयस गोपाल, चेतन सकारिया, मुस्‍ताफिजुर रहमान।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स - पृथ्‍वी शॉ, शिखर धवन, रिषभ पंत (कप्‍तान और विकेटकीपर), मार्कस स्‍टोइनिस, शिमरॉन हेटमायर, अजिंक्‍य रहाणे, क्रिस वोक्‍स, रविचंद्रन अश्विन, टॉम करन, अमित मिश्रा, आवेश खान।