IND vs PAK Highlights: विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी पर फिरा पानी, पाकिस्तान ने रोमांचक मैच में भारत को हराया
Asia Cup 2022, India vs Pakistan Highlights: भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-फोर राउंड का मुकाबला गंवा दिया। भारत ने 182 रन का टारगेट दिया था।
एशिया कप 2022 के ग्रुप मैच में पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देने के बाद भारतीय टीम को रविवार को बाबर आजम ब्रिगेड के खिलाफ हार का मुंह देखना पड़ा। पाकिस्तान ने सुपर-फोर राउंड मुकाबले में भारत को 5 विकेट से हराया। दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी के दम पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसे पाकिस्तान ने 5 विकेट खोने के बाद 1 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक रन विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (71) ने बनाए।
बाबर का रवि बिश्नोई ने किया शिकार
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। बाबर आजम और रिजवान ने पहले विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी की। बाबर को चौथे ओवर में लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने अपना शिकार बनाया। उन्होंने रोहित शर्मा को कैच थमाने से पहले 10 गेंदों में 14 रन बनाए। रिजवान ने दूसरे विकेट के लिए फखर जमान के साथ 41 रन पार्टनरशिप की। फखर को नौवें ओवर में युजवेंद्र चहल ने विराट कोहली के हाथों लपकवाया। उन्होंने 18 गेंदों में 15 रन जोड़े। इसके बाद, रिजवान ने मोहम्मद नवाज के साथ तीसरे विकेट के लिए 73 रन की भागेदारी की। नवाज को भुवनेश्वर कुमार ने 16वें ओवर में आउट किया। नवाज ने 20गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों के जरिए 42 रन की पारी खेली।
रिजवान को हार्दिक ने किया आउट
पाकिस्तान का चौथा विकेट रिजवान के तौर पर गिरा, जो 17वें ओवर में हार्दिक पांड्या के जाल में फंसे। रिजवान ने सिक्स लगाने के चक्कर में सूर्यकुमार यादव को कैच थमाया। उन्होंने 51 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 71 रन की पारी खेली। रिजवान के जाने के बाद भारत की जीत की उम्मीदें बढ़ गईं लेकिन आसिफ अली और खुशदिल शाह के बीच पांचवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी रोहित ब्रिगेड को भारी पड़ गई।
आखिरी ओवर में 7 रन चाहिए थे
पाकिस्तान को अर्शदीप सिंह द्वारा डाले गए आखिरी ओवर में 7 रन की जरूरत थी। आसिफ ने दूसरी गेंद पर चौका जड़कर पाकिस्तान का पलड़ा भारी कर दिया और फिर चौथी गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। उन्होंने 8 गेंदों में 16 रन जुटाए। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का मारा। पाकिस्तान को अंतिम दो गेंद में 2 रन की दरकार थी और इफ्तिखार अहमद (2*) ने पांचवीं गेंद पर डबल लेकर अपनी टीम को जीत दिला दी। खुशदिल 11 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने एक चौका जड़ा।
ऐसा रहा भारत की पारी हाल
इससे पहले, भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 181 रन जुटाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। यह साझेदारी छठे ओवर में रोहित के आउट होने के बाद टूटी। उन्हें हारिस रऊफ ने खुशदिल शाह के हाथों लपकवाया। रोहित ने 16 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 28 रन बनाए। भारत को दूसरा झटका राहुल के तौर पर लगा, जो सातवें ओवर में शादाब खान का शिकार बने। उन्होंने मोहम्मद नवाज को कैच थमाया। राहुल ने 20 गेंदों का सामना करने के बाद 28 रन जुटाए। उन्होंने अपनी पारी में 1 चौका और 2 छक्के लगाए।
कोहली और पंत ने जोड़े 35 रन
भारत का तीसरा विकेट सूर्यकुमार यादव के रूप में गिरा। सूर्यकुमार से टीम को टिककर बल्लेबाजी करने की उम्मीद थी लेकिन वह सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 10 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 13 रन बनाए। उन्हें नवाज ने 10वें ओवर में आसिफ के हाथों कैच कराया। इसके बाद विराट कोहली और ऋषभ पंत ने चौथे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। हालांकि, पंत प्रभावी पारी खेलने में नाकाम रहे। वह 12 गेंदों में 14 रन बनाकर शादाब का शिकार बन गए। उन्होंने आसिफ को कैच थमाया।
हार्दिक पांड्या शून्य पर आउट
वहीं, हार्दिक पांड्या बिना खाता खोले 15वें ओवर में पवेलियन लौट गए। वह मोहम्मद हसनैन के खिलाफ पंच शॉट खेलना चाहते थे और शॉर्ट मिडविकेट पर नवाज के हाथों लपके गए। यहां से कोहली ने दीपक हुड्डा के साथ मोर्चा और छठे विकेट के लिए 37 रन की पार्टनरशिप की। हुड्डा को 19वें ओवर में नसीम ने आउट किया। हुड्डा ने नवाजा को कैच दिया। उन्होंने 14 गेंदों में 16 रन जुटाए। उन्होंने 2 चौके मारे। कोहली 20वें ओवर में रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 43 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 59 रन की पारी खेली। रवि बिश्नोई ने 2 गेंदों में नाबाद 8 रन बनाए। भुवनेश्वर कुमार (0*) नाबाद रहे।
मौजूदा एशिया कप में यह दूसरा मौका है जब भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होने जा रही है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच जब मुकाबला हुआ था तो टीम इंडिया ने दो गेंदें शेष रहते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज की थी। मेन इन ब्ल्यू अपनी इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी जबकि पाकिस्तान की टीम पिछली हार का बदला लेने के इरादे से मैदान संभालेगी। दोनों टीमों के पास कई धाकड़ खिलाड़ी मौजूद है, जिसके चलते बेहद रोमांचक मैच होने की उम्मीद है।
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिसमें से भारत ने 8 जबकि पाकिस्तान ने 2 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मुकाबलों में भी भारत का पलड़ा भारी रहा और उसने चार मैच जीते। पाकिस्तान के खाते में एक जीत आई।
India vs Pakistan Playing 11
भारत की प्लेइंग-11 - रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
पाकिस्तान की प्लेइंग-11 - बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फखर जमान, खुशदिल शाह, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, आसिफ अली, मोहम्मद नवाज, हारिस रऊफ, नसीम शाहऔर मोहम्मद हसनैन।
पाकिस्तान ने 5 विकेट से जीता मैच
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 5 विकेट से जीत दर्ज की है। पाकिस्तान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन चाहिए थे और कप्तान रोहित ने अर्शदीप को गेंद सौंपी। खुशदिल शाह ने पहली गेंद पर सिंगल लिया और दूसरी गेंद पर आसिफ अली ने चौका जड़ा। वहीं, तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना और चौथी गेंद पर आसिफ एलबीडब्ल्यू हो गए। इसके बाद, बैटिंग के लिए आए इफ्तिखार अहमद ने पांचवीं गेंद पर डबल लेकर पाकिस्तान को जीत दिला दी। खुशदिल 14 और इफ्तिखार 2 रन बनाकर नाबाद रहे।
19.5 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 182/5, वाइड-10, बाई-4 रन।
भुवनेश्वर ने खर्च किए 19 रन
IND vs PAK T20 Live Score: भुवनेश्वर द्वारा डाला गया 19वां ओवर बेहद महंगा रहा, जिसमें 19 रन चले गए। आसिफ ने दूसरी गेंद पर सिक्स लगाया जबकि खुशदिल ने चौथी और छठी गेंद पर सिक्स लगाया।
19 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 175/4, वाइड-10, बाई-2 रन। खुशदिल शाह 13* और आसिफ अली 12* क्रीज पर हैं।
अर्शदीप ने टपकाया आसिफ का कैच
IND vs PAK T20 Live Score: रवि बिश्नोई ने 18वें ओवर में 8 रन दिए, जिसमें 2 वाइड शामिल हैं। वहीं, तीसरी गेंद पर अर्शदीप ने ने आसिफ का कैच टपका दिया। उन्होंने स्लॉग स्वीप करने का प्रयास किया लेकिन शॉर्ट थर्डमैन पर मौजूद अर्शदीप के हाथों से गेंद फिसल गई।
18 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 156/4, वाइड-4, बाई-2 रन। खुशदिल शाह 7* और आसिफ अली 1* क्रीज पर हैं।
हार्दिक ने किया रिजवान का शिकार
IND vs PAK T20 Live Score: हार्दिक पांड्या ने भारत को बड़ी सफलता दिलाई है। उन्होंने ओपनर मोहम्मद रिजवान का 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शिकार किया। रिजवान ने सिक्स की फिराक में लॉन्ग ऑफ पर सूर्यकुमार कुमार को कैच थमाया। रिजवान ने 51 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 71 रन की पारी खेली।
17 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 148/4, वाइड-1, लेग बाई-2 रन। खुशदिल शाह 3* और आसिफ अली 0* क्रीज पर हैं।
मोहम्मद नवाज को भुवी ने भेजा पवेलियन
IND vs PAK T20 Live Score: भुवनेश्वर कुमार ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। उन्होंने मोहम्मद नवाज को 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर अपने जाल में फंसाया। नवाज लॉन्ग ऑफ की दिशा में सिक्स लगाना चाहते थे और दीपक हुड्डा ने बाउंड्री पर कैच लपक लिया। उन्होंने 20 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों के ज रिए 42 रन की पारी खेली। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए रिजवान के साथ 73 रन की पार्टनरशिप की।
16 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 139/3, लेग बाई-1 रन। मोहम्मद रिजवान 65* और खुशदिल शाह 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
युजवेंद्र चहल का स्पेल हुआ खत्म
IND vs PAK T20 Live Score: चहल के चार ओवर का स्पेल खत्म हो गया है। उन्होंने 15वें ओवर में 16 रन लुटाए। नवाज ने 9 और रिजवान ने 7 रन बनाए। नवाज ने पहली-दूसरी गेंद पर चौका लगाया जबकि रिजवान ने चौथी गेंद पर फॉर मारा।
15 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 135/2, लेग बाई-1 रन। मोहम्मद रिजवान 62* और मोहम्मद नवाज 42* रन बनाकर खेल रहे हैं।
हार्दिक पांड्या ने खर्च किए 12 रन
IND vs PAK T20 Live Score: हार्दिक पांड्या आज प्रभावी गेंदबाजी नहीं कर पाए हैं। उन्होंने अपने स्पेल के तीसरे ओवर में 12 रन दिए। नवाज ने तीसरी और पांचवीं गेंद पर चौका लगाया और आखिरी गेंद पर सिंगल लिया। वहीं, रिजवा ने पहली गेंद पर डबल और दूसरी गेंद पर एक रन बनाया।
14 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 119/2, लेग बाई-1 रन। मोहम्मद रिजवान 55* और मोहम्मद नवाज 33* रन बनाकर खेल रहे हैं।
मोहम्मद रिजवान ने जड़ा अर्धशतक
IND vs PAK T20 Live Score: विकेटकीपर बल्लेबाजी मोहम्मद रिजवान ने अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने पहली और दूसरी गेंद पर डबल लेकर फिफ्टी पूरी की। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय का 16वां पचासा है।
13 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 107/2, लेग बाई-1 रन। मोहम्मद रिजवान 51* और मोहम्मद नवाज 24* रन बनाकर खेल रहे हैं।
नवाज ने एक और सिक्स मारा
IND vs PAK T20 Live Score: रवि बिश्नोई ने 12वें ओवर में 10 रन दिए। नवाज ने एक बार फिर अपने हाथ खोले। उन्होंने तीसरी गेंद पर स्लॉग स्वीप किया और मिडविकेट की तरफ सिक्स लगाया।
12 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 96/2, लेग बाई-1 रन। मोहम्मद रिजवान 46* और मोहम्मद नवाज 20* रन बनाकर खेल रहे हैं।
नवाज ने हार्दिक पर लगाया सिक्स
IND vs PAK T20 Live Score: चहल ने अपने स्पेल के तीसरे ओवर में 10 रन दिए। रिजवान ने पहली गेंद पर मिडविकेट बाउंड्री के बाहर सिक्स ठोका। उन्होंने तीसरी गेंद पर सिंगल और पांचवीं गेंद पर डबल लिया।
11 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 86/2, लेग बाई-1 रन। मोहम्मद रिजवान 44* और मोहम्मद नवाज 12* रन बनाकर खेल रहे हैं।
नवाज ने हार्दिक पर लगाया सिक्स
IND vs PAK T20 Live Score: हार्दिक ने 10वें ओवर में 9 रन दिए। नवाज ने एक सिक्स सहित 7 रन बनाए। उन्होंने बैकफुट पर जाकर लॉन्ग ऑन बाउंड्री के पार हवाई फायर किया।
10 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 76/2, लेग बाई-1 रन। मोहम्मद रिजवान 35* और मोहम्मद नवाज 11* रन बनाकर खेल रहे हैं।
फखर को चहल ने किया आउट
IND vs PAK T20 Live Score: पाकिस्तान का दूसरा विकेट फखर जमान के तौर पर गिरा है। बाबर आजम के जाने के बाद बैटिंग के लिए जमान को चहल ने अपना शिकार बनाया। जमान नौवें ओवर की चौथी गेंद पर सिक्स लगाने के चक्कर में लॉन्ग ऑफ पर विराट कोहली के हाथों लपके गए। उन्होंने 18 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 15 रन जोड़े। जमान ने रिजवान के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की।
9 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 67/2, लेग बाई-1 रन। मोहम्मद रिजवान 33* और मोहम्मद नवाज 4* रन बनाकर खेल रहे हैं।
रवि बिश्नोई ने खर्च किए 6 रन
IND vs PAK T20 Live Score: रवि बिश्नोई ने आठवें ओवर में 6 रन खर्च किए, जिसमें एक लेग बाई शामिल है। रिजवान के खाते में दो और फखर के खाते में 3 रन गए।
8 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 57/1, लेग बाई-1 रन। मोहम्मद रिजवान 32* और फखर जमान 10* रन बनाकर खेल रहे हैं।
गेंदबाजी के लिए आए युजवेंद्र चहल
IND vs PAK T20 Live Score: भारत के लिए सातवां ओवर लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने किया, जिसमें उन्होंने 7 रन खर्च किए। रिजवान ने एक चौके समेत 5 रन बनाए। फखर ने 2 रन जुटाए
7 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 51/1, मोहम्मद रिजवान 30* और फखर जमान 7* रन बनाकर खेल रहे हैं।
पहला पावर प्ले हुआ समाप्त
IND vs PAK T20 Live Score: पहला पावर प्ले समाप्त हो गया है और पाकिस्तान टीम की पचासे के नजदीक है। छठा ओवर अर्शदीप ने किया, जिसमें 8 रन गए। रिजवान ने तीसरी गेंद पर स्क्वायर लेग की दिशा में सिक्स मारा।
6 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 44/1, मोहम्मद रिजवान 24* और फखर जमान 6* क्रीज पर हैं।
हार्दिक पांड्या पर पड़े तीन चौके
IND vs PAK T20 Live Score: कप्तान रोहित ने पांचवें ओवर में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को गेंद सौंपी, जिसमें 14 रन गए। रिजवान पहली और छठी गेंद पर चौका लगाया जबकि फखर ने चौथी गेंद पर फॉर जमाया।
5 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 36/1, मोहम्मद रिजवान 17* और फखर जमान 5* क्रीज पर हैं।
बाबर आजम बने रवि बिश्नोई का शिकार
IND vs PAK T20 Live Score: भारत को पहली सफलता लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने दिलाई है। उन्होंने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर बाबर आजम को अपने जाल में फंसाया। वह गुगली गेंद को सही से पढ़ नहीं पाए और मिडविकेट पर रोहित शर्मा को कैच थमा बैठे। उन्होंने 10 गेंदों में 14 रन जुटाए। बाबर ने अपनी छोटी से पारी में 2 चौके लगाए।
4 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 22/1, मोहम्मद रिजवान 8* और फखर जमान 0* क्रीज पर हैं।
भुवनेश्वर कुमार ने खर्च किए 8 रन
IND vs PAK T20 Live Score: भुवनेश्वर ने तीसरे ओवर में 8 रन खर्च किए। बाबर ने एक चौके समेत 7 रन बटोरे। उन्होंने आखिरी गेंद पर पुल करते हुए गेंडीप मिडविकेट की दिशा में बाउंड्री हासिल की।
3 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 19/0, मोहम्मद रिजवान 7* और बाबर आजम 12* क्रीज पर हैं।
अर्शदीप सिंह ने फेंका किफायती ओवर
IND vs PAK T20 Live Score: तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने दूसरे ओवर में किफायती गेंदबाजी की और केवल 2 रन खर्च किए। रिजवान ने तीसरी और बाबर ने चौथी गेंद पर सिंगल लिया।
2 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 11/0, मोहम्मद रिजवान 6* और बाबर आजम 5* क्रीज पर हैं।
पाकिस्तान की पारी पारी हुई शुरू
IND vs PAK T20 Live Score: पाकिस्तान की ओर से लक्ष्य का पीछा करने के लिए मोहम्मद रिजवान और कप्तान बाबर आजम आए हैं। भारत के लिए पहला ओवर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने किया और 9 रन दिए। रिजवा ने पहली गेंद पर चौका और तीसरी गेंद पर सिंगल निकाला। वहीं, बाबर ने पांचवीं गेंद पर चौका ठोका।
1 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 9/0, मोहम्मद रिजवान 5* और बाबर आजम 4* क्रीज पर हैं।
पाकिस्तान को मिला 182 का टारगेट
IND vs PAK T20 Live Score: भारत ने पाकिस्तान को 182 रन का टारगेट दिया है। पाकिस्तान के लिए 20वां ओवर रऊफ ने किया, जिसमें उन्होंने 10 रन खर्च किए। वहीं, विराट कोहली चौथी गेंद पर रन आउट होकर लौटे। कोहली ने 43 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 59 रन की पारी खेली। रवि बिश्नोई ने आखिरी दो गेंदों पर चौका लगाकर भारत का स्कोर 180 के पार पहुंचा। बिश्नोई 2 गेंदों में 8 रन बनाकर नाबाद रहे। भुवनेश्वर कुमार बिना खाता खोले नाबाद पवेलियन लौटे।
20 ओवर के बाद भारत का स्कोर 181/7, वाइड-9, बाई-4 रन।
दीपक हुड्डा ने गंवाया विकेट
IND vs PAK T20 Live Score: भारत का छठा विकेट गिर गया है। दीपक हुड्डा को नसीम शाह ने 19वें ओवर की चौथी गेंद पर नवाज के हाथों कैच लपकवाया। वह डीप मिडविकेट की दिशा में सिक्स मारना चाहते थे लेकिन गेंद ज्यादा ऊंच उठ गई। हुड्डा ने 14 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 16 रन जुटाए।
19 ओवर के बाद भारत का स्कोर 171/6, वाइड-10, बाई-4 रन। विराट कोहली 59* और भुवनेश्वर कुमार 0* क्रीज पर हैं।
विराट कोहली ने जड़ा अर्धशतक
IND vs PAK T20 Live Score: विराट कोहली ने अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 36 गेंदों में पचासा बनाया। कोहली ने सिक्स जड़कर फिफ्टी कंप्लीट की। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 32वां अर्धशतक है।
18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 164/5, वाइड-9, बाई-4 रन। विराट कोहली 53* और दीपक हुड्डा 15* रन बनाकर खेल रहे हैं।
दीपक हुड्डा ने लगाया चौका
IND vs PAK T20 Live Score: दीपक हुड्डा ने 17वां ओवर करने आए हारस रऊफ के खिलाफ अपने हाथ खोले। उन्होंने तीसरी गेंद परमिडऑफ और एक्स्ट्रा कवर के बीच में ड्राइव कर चौका हासिल किया। उन्होंने एक सिंगल भी निकाला। वहीं, कोहली ने तीन रन बनाए।
17 ओवर के बाद भारत का स्कोर 148/5, वाइड-8, बाई-4 रन। विराट कोहली 47* और दीपक हुड्डा 6* रन बनाकर खेल रहे हैं।
शादाब खान ने खर्च किए 5 रन
IND vs PAK T20 Live Score: शादाब खान ने 16वें ओवर में 5 रन खर्च किए। कोहली ने एक डबल और 2 सिंगल निकाले। वहीं, हुड्डा ने एक सिंगल लिया।
16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 140/5, वाइड-8, बाई-4 रन। विराट कोहली 44* और दीपक हुड्डा 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
पंत की पारी का हुआ अंत
IND vs PAK T20 Live Score: भारत को बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप चरण में मैन विनिंग पारी खेलने वाले हार्दिक पांड्या शून्य पर आउट हो गए। उन्हें मोहम्मद हसनैन ने 15वें ओवर की चौथी गेंद पर शॉर्ट मिडविकेट पर नवाज के हाथों लपकवाया।
15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 135/5, वाइड-8, बाई-4 रन। विराट कोहली 40* और दीपक हुड्डा 0* क्रीज पर हैं।
कोहली-पंत ने खोले अपने हाथ
IND vs PAK T20 Live Score: कप्तान बाबर आजम ने 13वें ओवर में नसीब शाम को गेंदबाजी के लिए बुलाया। नसीम ने 13 रन खर्च किए। कोहली ने पहली और पंत ने चौथी गेंद पर चौका ठोका।
13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 118/3, वाइड-7 रन। विराट कोहली 33* और ऋषभ पंत 9* रन बनाकर खेल हैं।
नवाज ने किफायती ओवर डाला
IND vs PAK T20 Live Score: नवाज ने 12वें ओवर में किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 रन खर्च किए। कोहली और पंत ने दो-दो सिंगल निकाले।
12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 105/3, वाइड-7 रन। विराट कोहली 25* और ऋषभ पंत 4* रन बनाकर खेल हैं।
भारत का सैकड़ा हुआ पूरा
IND vs PAK T20 Live Score: भारत का सैकड़ा कंप्लीट हो गया है। भारत ने 64 गेंदों में 100 रन जुटाए। टीम को इस दौरान 7 रन एक्स्ट्रा मिले। नवाज ने 10वें ओवर में 8 रन दिए, जिसमें 2 वाइड शामिल हैं।
11 ओवर के बाद भारत का स्कोर 101/3, वाइड-7 रन। विराट कोहली 23* और ऋषभ पंत 2* रन बनाकर खेल हैं।
सूर्यकुमार ने सस्ते में खोया विकेट
IND vs PAK T20 Live Score: भारत को तीसरा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा है। राहुल के जाने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए सूर्यकुमार ने सस्त में अपना विकेट खो दिया। उन्हें नवाज ने 10वें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन भेजा। वह सिक्स लगाने के चक्कर में डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर आसिफ को कैच थमा बैठे। उन्होंने 10 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 13 रन जुटाए।
10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 93/3, वाइड-5 रन। विराट कोहली 18* और ऋषभ पंत 1* रन बनाकर खेल हैं।
कोहली को मिला किस्मत का चौका
IND vs PAK T20 Live Score: कोहली को नौवां ओवर करने आए शादाब के खिलाफ किस्मत का चौका मिला। दरअसल, कोहली ने कट शॉट खेला जो शॉर्ट थर्ड से आगे आए नसीम के आगे गिरी। ऐसे में गेंद डीप थर्ड पर चौके के लिए निकल गई।।
9 ओवर के बाद भारत का स्कोर 88/2, वाइड-5 रन। विराट कोहली 12* और सूर्यकुमार यादव 15* रन बनाकर खेल हैं।
सूर्यकुमार यादव ने ठोका चौका
IND vs PAK T20 Live Score: मोहम्मद नवाज ने आठवें ओवर में आठ रन खर्च किए। सूर्यकुमार यादव ने पहली गेंद पर बाउंड्री हासिल की। उन्होंने कदमों का इस्तेमाल करने के बाद एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से ड्राइव किया और चौका बटोरा।
8 ओवर के बाद भारत का स्कोर 79/2, वाइड-5 रन। विराट कोहली 8* और सूर्यकुमार यादव 10* रन बनाकर खेल हैं।
केएल राहुल ने गंवाया विकेट
IND vs PAK T20 Live Score: भारत का दूसरा विकेट सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के तौर पर गिरा है। उन्हें स्पिनर शादाब खान ने सातवें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने कदमों का इस्तेमाल करते हुए लॉन्ग ऑन की दिशा में छक्का मारने का प्रयास किया मगर नवाज के हाथों लपके गए। राहुल ने 20 गेंदों में 28 रन जोड़े। उन्होंने एक चौका और 2 छक्के लगाए।
7 ओवर के बाद भारत का स्कोर 71/2, वाइड-5 रन। विराट कोहली 5* और सूर्यकुमार यादव 5* रन बनाकर खेल हैं।
रोहित बने हारिस रऊफ का शिकार
IND vs PAK T20 Live Score: भारत को पहला झटका कप्तान रोहित शर्मा के रूप में लगा है। उन्हें तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने छठे ओवर की पहली गेंद पर अपने जाल में फंसाया। वह सिक्स मारने की फिराक में थे पर गेंद हवा में खड़ी हो गई, जिसके बाद कवर प्वाइंट की दिशा में खुशदिल शाह ने कैच लपक लिया। रोहित ने 16 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 27 रन की पारी खेली।
6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 62/1, वाइड-5 रन। केएल राहुल 28* और विराट कोहली 1* रन बनाकर खेल हैं।
भारत का पचासा हुआ कंप्लीट
IND vs PAK T20 Live Score: भारत ने अपना पचासा कंप्लीट कर लिया है। मोहम्मद नवाज ने पांचवें ओवर में आठ रन दिए। राहुल ने एक चौके समेत सात रन बटोरे। वहीं, रोहित ने सिंगल निकाला।
5 ओवर के बाद भारत का स्कोर 54/0, केएल राहुल 19* और रोहित शर्मा 27* क्रीज पर हैं।
रोहित ने लगाया फॉर और सिक्स
IND vs PAK T20 Live Score: कप्तान बाबर आजम ने चौथे ओवर में हारिश रऊफ को गेंद थमाई, जिसमें उन्होंने 12 रन दिए। रोहित ने पहली गेंद पर एक्स्ट्रा कवर की तरफ फॉर मारा। वहीं, उन्होंने दूसरी गेंद पर पुल के जरिए डीप मिडविकेट पर छक्का जमाया।
4 ओवर के बाद भारत का स्कोर 46/0, केएल राहुल 19* और रोहित शर्मा 27* क्रीज पर हैं।
राहुल ने नसीम पर 2 सिक्स ठोके
IND vs PAK T20 Live Score: राहुल ने तीसरा ओवर करने आए नसीम का स्वागत सिक्स के साथ किया। उन्होंने ओवरपिच गेंद पर एक्स्ट्रा कवर की दिशा में हवाई फायर किया। इसके बाद उन्होंने अंतिम गेंद पर गेंदबाज़ के सिर के ऊपर से छोका।
3 ओवर के बाद भारत का स्कोर 34/0, केएल राहुल 18* और रोहित शर्मा 16* क्रीज पर हैं।
रोहित शर्मा ने फिर खोले हाथ
IND vs PAK T20 Live Score: रोहित ने दूसरा ओवर करने आए मोहम्मद हसनैन के खिलाफ भी अपने हाथ खोले। उन्होंने मिडऑफ के ऊपर से शानदार ड्राइव लगाया और चौका बटोरा।
2 ओवर के बाद भारत का स्कोर 20/0, केएल राहुल 5* और रोहित शर्मा 15* क्रीज पर हैं।
भारतीय पारी का दमदार आगाज
IND vs PAK T20 Live Score: भारत की ओर से पारी का आगाज करने के लिए केएल राहुल और रोहित शर्मा आए हैं। वहीं, पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण की कमान तेज गेंदबाज नसीम शाह ने संभाली। नसीम ने पहले ओवर में 11 रन खर्च किए। राहुल ने दूसरी गेंद पर सिंगल निकाला जबकि रोहित ने चौथी गेंद पर चौका और छठी गेंद पर दमदार सिक्स जड़ा।
1 ओवर के बाद भारत का स्कोर 11/0, केएल राहुल 1* और रोहित शर्मा 10* क्रीज पर हैं।
भारत-पाकिस्तान ने किए बदलाव
भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। दिनेश कार्तिक, आवेश खान और रविंद्र जडेजा की जगह हार्दिक पंड्या, दीपक हुड्डा और रवि बिश्नोई को मौका दिया गया है। वहीं, पाकिस्तान ने
तेज गेंदबाज शाहनवाज दहानी की स्थान पर मोहम्मद हसनैन को टीम में शामिल किया है।
टॉस गंवाने के बाद क्या बोले रोहित?
टॉस गंवाने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि हम भी पहले गेंदबाजी करते, लेकिन अब हमें खुलकर खेलने और इस पिच पर अच्छा स्कोर खड़ा करने की जरूरत है। इस फॉर्मेट में मोमेंटम मायने रखता है। आपको शुरू से ही दबदबा बनाकर रखना होगा। बाहरी दबावों की चिंता नहीं करने की जरूरत नहीं है। चोट ऐसी चीज है, जिसे हम नियंत्रित नहीं कर सकते हैं। बता दें कि रवींद्र जडेजा को चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है।
पाकिस्तान ने जीता टॉस, भारत की बैटिंग
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया है। टॉस के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। ओस एक वजह है, जिसके चलते हम पहले गेंदबाजी कर रहे हैं। भारत के खिलाफ पिछले मैच में हमारे लिए काफी सकारात्मकता चीजें थीं। अब भी एक ही मैसेज है कि सकारात्मक खेलना है।
राहुल को इसलिए चाहिए एक चौका
सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को सभी प्रारूपों में 600 चौके पूरे करने के लिए सिर्फ एक चौके की दरकार है।
250 सिक्स जड़ने के नजदीक कोहली
विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 250 सिक्स तक पहुंचने वाले हैं। उन्हें इसके लिए केवल चार छक्कों की जरूरत हैं।
कैचों के पचासे के करीब भुवी
भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार सभी प्रारूपों में 50 कैच का आंकड़ा छूने के नजदकी हैं। उन्हें ऐसा करने के लिए सिर्फ दो कैच पकड़ने हैं।
कुछ ही देर में शुरू होगा मुकाबला
Hello from the Dubai International Stadium for #TeamIndia's first Super Four clash against Pakistan #INDvPAK | #AsiaCup2022 pic.twitter.com/va2dA2jCnH
— BCCI (@BCCI) September 4, 2022
बाबर आजम को इसलिए चाहिए 9 रन
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10500 रन कंप्लीट करने वाले हैं। उन्हें इसके लिए महज 9 रन की जरूरत है।
50वीं पारी से एक कदम दूर हार्दिक
भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या 50वीं टी20 अंतरराष्ट्रीय से एक कदम दूर हैं। उन्हें 68 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अब तक 49 बार बल्लेबाजी का मौका मिला है।
50 विकेट के करीब नसीम शाह
युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह को सभी प्रारूपों में 50 विकेट हासिल करने के करीब हैं। वह अब तक 47 विकेट चटका चुके हैं।
सिक्स के सैकड़े के नजदीक कोहली
विराट कोहली टी20 अंतरराष्ट्रीय में सिक्स का सैकड़ा जमाने के नजदीक हैं। उन्हें यहां तक पहुंचने के लिए सिर्फ तीन छक्कों की आवश्यकता है।
तेज गेंदबाज आवेश खान पड़े बीमार
तेज गेंदबाज आवेश खान पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले बीमार पड़ गए हैं। कोच द्रविड़ ने कहा, 'आवेश थोड़े अस्वस्थ हैं और उम्मीद है कि हम उन्हें टूर्नामेंट के बाद के मैचों में इस्तेमाल कर पाएंगे।'
क्या अक्षर पटेल को मिलेगा मौका?
रवींद्र जडेजा चोटिल होने के कारण एशिया कप से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में उनकी जगह स्टैंडबाय खिलाड़ी अक्षर पटेल को मुख्य स्क्वाड में शामिल किया गया है। हालांकि, क्रिकेट फैंस की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अक्षर को पाकिस्तान के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा या नहीं।
भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज
भुवनेश्वर कुमार भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे सफल गेंदबाज हैं। भुवी ने पाकिस्तान टीम के सामने 5 मैचों में 9 शिकार किए हैं।
जडेजा पर राहुल द्रविड़ ने दी अपडेट
भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि रवींद्र जडेजा को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर मानना जल्दबाजी होगी। यह इस पर निर्भर करेगा कि उनकी चोट कितनी गंभीर है और रिहैब कैसा चल रहा है।
विराट कोहली से नेट्स पर क्या बातचीत हुई, राहुल द्रविड़ ने दिया मजेदार जवाब
विराट कोहली को नेट्स पर राहुल द्रविड़ के साथ लंबी बातचीत करते हुए देखा गया। जब इस बारे में द्रविड़ से पूछा गया तो उन्होंने मजेदार जवाब देते हुए कहा, 'बहुत लगेगा यार यहां पे। पहली बात, प्लेयर और कोच के बीच जो बातें होती है, वो मैं आके मीडिया में तो बात नहीं करूंगा। हां ये भी बात कर रहे थे कि खाना कहां अच्छा मिलता है दुबई में। उनको बहुत अच्छे रेस्टोरेंट्स पता हैं यहां पे। सो वो भी एडवाइज कर रहे थे।'

