युजवेंद्र चहल और उनकी पत्‍नी धनश्री वर्मा ने हेटर्स के मुंह पर लगाया ताला, एक मजेदार वीडियो किया शेयर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 23, 2022, 07:53 PM IST

Yuzvendra Chahal and Dhanashree Verma video: भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और उनकी पत्‍नी धनश्री वर्मा ने एक वीडियो शेयर करके आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया। बीच में रिपोर्ट्स थी कि यह जोड़ी तलाक लेने जा रही है।

युजवेंद्र चहल और उनकी पत्‍नी धनश्री वर्मा ने हेटर्स के मुंह पर लगाया ताला, एक मजेदार वीडियो किया शेयर
Photo Credit: Instagram

नई दिल्‍ली: भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा ने मंगलवार को एक वीडियो अपलोड करके अपने तमाम आलोचकों को करारा जवाब दिया है। पिछले कुछ दिनों से चर्चा चल रही थी कि चहल और धनश्री के बीच सबकुछ ठीक नहीं है और यह स्‍टार कपल तलाक लेने जा रहा है। युजवेंद्र चहल ने अपनी इंस्‍टाग्राम स्‍टोरी के जरिये ऐसी अफवाहें नहीं फैलाने का आग्रह किया था जबकि धनश्री वर्मा ने सोमवार को पोस्‍ट करके पूरी सच्‍चाई बताई थी कि वो इतने दिन सोशल मीडिया से क्‍यों दूर थीं।

धनश्री ने इंस्‍टाग्राम पर अपने कुछ फोटोज के साथ एक लंबा पोस्‍ट करके बताया था कि उन्‍हें चोट लगी है और दोबारा डांस करने के लिए उन्‍हें सर्जरी से गुजरना पड़ेगा। वर्मा ने साथ ही कहा था कि इस बीच उनके तलाक की खबरें जानकर उन्‍हें काफी दुख हुआ। बहरहाल, इस स्‍टार कपल ने मंगलवार को एक वीडियो अपलोड करके उन सभी लोगों के मुंह पर ताला लगा दिया, जो इनके अलग होने की बातें कर रहे थे।

धनश्री वर्मा और युजवेंद्र चहल ने एक वीडियो पोस्‍ट किया, जिसमें पत्‍नी अपने पति से कहते हुए नजर आई कि वो एक महीने के लिए मायके जा रही है। चहल यह सुनकर खुश हो जाते हैं और मस्‍ती में डांस करने लगते हैं। चहल की खुशी देख धनश्री एकदम हैरान रहने वाला रिएक्‍शन देती हैं। धनश्री और चहल ने इस वीडियो के साथ कैप्‍शन लिखा, 'इसके लिए इंतजार करें। छोटी चीजों में खुशी ढूंढे।' फैंस को यह वीडियो काफी पसंद आया और इस पर काफी लाइक्‍स और कमेंट्स भी आ चुके हैं।

बता दें कि एक लोकप्रिय न्‍यूज एजेंसी की फेक प्रोफाइल ने ट्विटर पर जानकारी साझा की थी कि चहल-धनश्री ने तलाक के लिए याचिका दायर की है। धनश्री ने अपने इंस्‍टाग्राम अकाउंट से चहल सरनेम हटाया और स्पिनर ने नई जिंदगी को लेकर डाली इंस्‍टाग्राम स्‍टोरी से इसमें घी छिड़कने का काम किया। हालांकि, चहल और धनश्री दोनों ही सफाई दे चुके हैं कि उनके बीच सबकुछ सही है और इस वीडियो ने उस पर मुहर लगा दी है। 

धनश्री वर्मा सर्जरी कराने के बाद कुछ समय तक आराम करेंगी और फिर अपनी डांस की दुनिया में लौटेंगी। वहीं युजवेंद्र चहल अब एशिया कप में अपना जलवा बिखेरते हुए नजर आएंगे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!