पुणे: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने बतौर कप्तान 50वें मैच में कमान संभालते हुए महेंद्र सिंह धोनी का एक बड़ा टेस्ट रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को पुणे टेस्ट में पारी और 137 रन के अंतर से अपने नाम कर तीन मैच की सीरीज में 2-0 से निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। इसी के साथ ही घर पर लगातार 11 टेस्ट सीरीज जीतने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कामय कर दिया। इससे पहले और कोई टीम अपने घर पर लगातार 11 टेस्ट सीरीज अपने नाम नहीं कर सकी थी।
इसके अलावा विराट कोहली टेस्ट कप्तानी का अर्धशतक पूरा करने का जश्न एक और बड़े रिकॉर्ड को अपने नाम करके मनाया। विराट ने अपनी कप्तानी में 30वीं जीत हासिल करते हुए 13वीं टेस्ट सीरीज पर कब्जा कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा टेस्ट सीरीज जीत का महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट टीम की कमान संभालने वाले विराट अब सीरीज जीत के लिहाज से भी सबसे सफल भारतीय कप्तान बन गए हैं। इस सूची में सौरव गांगुली 9 जीत के साथ तीसरे पायदान पर हैं।
विराट वेस्टइंडीज दौरे पर 2-0 के अंतर से सीरीज जीत के साथ ही भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन गए थे। इसी सीरीज के दौरान वो विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले भारतीय कप्तान बन गए। इससे पहले ये दोनों रिकॉर्ड क्रमश: महेंद्र सिंह धोनी और सौरव गांगुली के नाम दर्ज थे।
Cricket News (क्रिकेट न्यूज़) Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। और साथ ही IPL News in Hindi (आईपीएल न्यूज़) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।