इस जीत को कभी भूल नहीं पाएंगे: टीम इंडिया ने तोड़ा अपना धांसू रिकॉर्ड, मुंबई में रच दिया इतिहास

Team India's biggest win in Test: टीम इंडिया ने सोमवार को मुंबई में इतिहास रच दिया। भारतत ने टेस्ट में अपना एक धांसू रिकॉर्ड तोड़ डाला।

Team India biggest win
भारतीय क्रिकेट टीम  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • भारत ने मुंबई टेस्ट में दमदार जीत हासिल की
  • न्यूजीलैंड टीम दोनों पारियों में बेबस नजर आई
  • दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ हो गया था

भारतीय टीम ने सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ जबरदस्त जीत हासिल की, जिसे क्रिकेट फैंस शायद ही कभी भूल पाएंगे। भारत ने दूसरे टेस्ट में कीवी टीम को 372 रन से शिकस्त दी और दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। टीम इंडिया कानपुर में खेले गए पहले टेस्ट को भी जीतने की कगार पर थी लेकिन एक विकेट से चूक गई। हालांकि, भारत ने पहले मैच की कसर मुंबई में पूरी कर दी। भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 549 रन का विशाल लक्ष्य रखा और फिर न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में 167 पर ढेर कर दिया। न्यूजीलैंड की पहली पारी 62 रन पर सिमटी थी। वहीं, भारत ने पहली पारी में 325 रन बनाए जबकि दूसरी पारी 276/7 के स्कोर पर घोषित की।

टीम इंडिया ने अंजाम दिया बड़ा कारनामा

भारत ने 372 रन से जीत दर्ज कर बड़ा कारनामा अंजाम दिया है। टीम ने अपना ही धांसू रिकॉर्ड तोड़ डाला है। दरअसल, यह भारत के टेस्ट क्रिकेट इतिहास की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत का रनों की लिहाज से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ था। भारत ने साल 2015 में दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका को 337 रन से शिकस्त दी थी। इसके अलावा भारतीय टीम का न्यूजीलैंड के विरुद्ध जीत का पिछला बड़ा रिकार्ड 321 रन का था, जो उसने 2016 में इंदौर में हासिल किया था।

न्यूजीलैंड टीम को मिली सबसे बड़ी हार 

एक तरफ जहां भारत ने विशाल जीत दर्ज कर इतिहास रचा है तो दूसरी तरफ न्यूजीलैंड टीम ने रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार का शर्मनाक रिकॉर्ड बना डाला है। यह न्यूजीलैंड टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी शिकस्त है। न्यूजीलैंड को इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 358 रन से हार का सामना करना पड़ा था। दोनों टीमों का यह मैच साल 2007 में जोहानिसबर्ग में खेला गया था। गौरतलब है कि मुंबई टेस्ट में न्यूजीलैंड टीम नियमित कप्तान केन विलियमसन के बगैर उतरी थी। विलियमसन को कोहनी में दिक्कत के चलते बाहर बैठना पड़ा। उनकी जगह टॉम लाथम ने टीम की कमान संभाली।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर