भारतीय गेंदबाजों को खूब सताने के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम के 'हीरो' ने कुछ ऐसा कहा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 7, 2022, 08:00 AM IST

IND vs SA 2nd Test, Dean Elgar post match presentation statement: दक्षिण अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर ने दूसरे टेस्ट मैच में हीरो की भूमिका अदा करते हुए अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। मैच के बाद एल्गर ने कुछ इस तरह अपनी बात जाहिर की।

भारतीय गेंदबाजों को खूब सताने के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम के 'हीरो' ने कुछ ऐसा कहा

India vs South Africa 2nd Test, Dean Elgar, Johannesburg: दक्षिण अफ्रीकी टीम ने जोहान्सबर्ग के मैदान पर नया इतिहास रचा। उसने भारत को इस मैदान पर पहली बार टेस्ट मैच में शिकस्त दी जिसने स्थानीय फैंस का दिल जीत लिया। पहले टेस्ट में हार के बाद मेजबान टीम दबाव में थी लेकिन उनके कप्तान डीन एल्गर ने अंत तक हार नहीं मानी और अपनी टीम को एक शानदार पारी (नाबाद 96 रन) के दम पर जीत दिलाकर ही बाहर आए। मैच के बाद एल्गर ने क्या कुछ कहा, आइए जानते हैं। 

भारत के खिलाफ जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने 20 विकेट चटकाने के लिए अपने गेंदबाजों की तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘‘बल्लेबाजी और गेंदबाजी की मूल चीज नहीं बदलती है। पहले टेस्ट मैच में हम लय हासिल नहीं कर सके थे। वहां एक बल्लेबाजी इकाई के तौर पर हमें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय गेंदबाज अपने शीर्ष पर थे लेकिन अपनी टीम के गेंदबाजों के लिए मेरा सम्मान काफी बढ़ गया है। उन्होंने काफी जज्बा दिखाया।’’

जब एल्गर से उनकी नाबाद 96 रनों की पारी के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘‘अपने देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा सौभाग्य की बात होती है। मुझे लगता है कि मैंने जो पारी खेली है वह मुझे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए और अधिक प्रेरित करेगी। बड़ी बात यह है इस पारी ने जीत में योगदान दिया।’’

गौरतलब है कि इस रोमांचक टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में सिमटने के बाद 240 रनों का लक्ष्य दिया था। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट खोते हुए 118 रन बना लिए थे। चौथे दिन एल्गर ने अपना पचासा पूरा किया, वो बेशक शतक नहीं बना पाए लेकिन अपनी टीम को एक शानदार जीत दिलाने में जरूर सफल रहे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!