एस श्रीसंत ने चुनी अपनी ऑल टाइम बेस्‍ट वन-डे XI, एमएस धोनी नहीं इन्‍हें बनाया कप्‍तान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 30, 2020, 09:50 AM IST

S Sreesanth choose his best Odi XI: तेज गेंदबाज श्रीसंत ने अपने आप को टीम का 12वां सदस्‍य घोषित किया है। श्रीसंत ने अपनी टीम में स्‍टार खिलाड़‍ियों की फौज इकट्ठा की है। जानिए उन्‍होंने किसे कप्‍तान बनाया।

एस श्रीसंत ने चुनी अपनी ऑल टाइम बेस्‍ट वन-डे XI, एमएस धोनी नहीं इन्‍हें बनाया कप्‍तान

नई दिल्‍ली: कोरोना वायरस महामारी के कारण क्रिकेट गतिविधियां ठप्‍प पड़ी हैं और इसलिए कई सक्रिय व पूर्व क्रिकेटर्स अपनी-अपनी सर्वश्रेष्‍ठ एकादश चुनने में व्‍यस्‍त हैं। इस दौरान कई खिलाड़ी अलग-अलग प्रारूप और लीग तक की अपनी सर्वश्रेष्‍ठ टीम चुन चुके हैं और खिलाड़‍ियों के चयन पीछे के का लॉजिक बता चुके हैं। तेज गेंदबाज एस श्रीसंत भी अब इस लीग में शामिल हो गए हैं और उन्‍होंने अपनी ऑल टाइम बेस्‍ट वनडे XI का चयन किया, जिसकी कमान विराट कोहली या एमएस धोनी को नहीं बल्कि सौरव गांगुली को सौंपी।

यह श्रीसंत का हैरानीभरा फैसला लगा क्‍योंकि उन्‍होंने गांगुली की कप्‍तानी में ज्‍यादा मुकाबले नहीं खेले हैं। वैसे, श्रीसंत ने उन्‍हें कप्‍तान इसलिए चुना क्‍योंकि बंगाल टाइगर की कप्‍तानी में आक्रमकता थी। श्रीसंत ने अपनी वनडे टीम के लिए ओपनर्स के रूप में महान बल्‍लेबाज सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली को चुना है। वेस्‍टइंडीज के महान बल्‍लेबाज ब्रायन लारा को तीसरे नंबर की जिम्‍मेदारी सौंपी गई हैं।

कोहली का क्रम बदला

बता दें कि सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा दोनों वनडे और टेस्‍ट कि सर्वकालिक महान बल्‍लेबाजों में शामिल हैं। दोनों बल्‍लेबाजों ने क्रिकेट के इन दोनों प्रारूपों में 10,000 से ज्‍यादा रन बनाए हैं। बहरहाल, केरल के तेज गेंदबाज श्रीसंत ने मौजूदा भारतीय कप्‍तान विराट कोहली को चौथे क्रम के लिए चुना है। 50 ओवर के प्रारूप में भारतीय टीम की पिछले कुछ समय से सबसे बड़ी समस्‍या चौथा नंबर ही रही है। इस पर कोहली को जिम्‍मेदारी दी गई है।

मैच फिनिशर्स की भरमार

श्रीसंत ने अपनी टीम में दमदार मैच फिनिशर्स का चयन किया है। उन्‍होंने पांचवें, छठें और सातवें क्रम के लिए क्रमश: एबी डिविलियिर्स, युवराज सिंह और एमएस धोनी को चुना है। इन तीनों क्रिकेटरों में अपने दम पर मैच का रुख पलटने की क्षमता है और यही बात इनके करियर की सफलता का राज भी बनी। मजेदार बात यह है कि श्रीसंत ने अपनी टीम में आठवें नंबर पर ऑलराउंडर जैक्‍स कैलिस को मौका दिया है। कैलिस में अपने करियर में अधिकांश समय ऊपरीक्रम में बल्‍लेबाजी की, लेकिन श्रीसंत की टीम में वह आठवें क्रम पर दिखेंगे।

37 साल के तेज गेंदबाज ने हेलो ऐप के लाइव सेशन में टीम चुनते हुए गेंदबाजी आक्रमण की जिम्‍मेदारी शेन वॉर्न, एलेन डोनाल्‍ड और ग्‍लेन मैक्‍ग्रा के कंधों पर सौंपी। इन तीनों गेंदबाजों ने वनडे में कुल मिलाकर 946 विकेट चटकाए हैं। मजेदार बात यह है कि श्रीसंत ने अपने आप को इस टीम के12वें खिलाड़ी के रूप में चुना।

श्रीसंत की ऑल टाइम बेस्‍ट वनडे XI इस प्रकार है: सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली (कप्‍तान), ब्रायन लारा, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, युवराज सिंह, एमएस धोनी (विकेटकीपर), जैक्‍स कैलिस, शेन वॉर्न, एलेन डोनाल्‍ड, ग्‍लेन मैक्‍ग्रा। 12वां खिलाड़ी - एस श्रीसंत।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!