गरजा पॉल स्टर्लिंग और एलेक्स हेल्स का बल्ला, इस्लामाबाद ने पेशावर को दी करारी मात 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 30, 2022, 08:54 PM IST

PSL 2022, Islamabad United beat Peahawar Zalmi: इस्लामाबाद यूनाइटेड ने पीएसएल के नए सीजन की शुरुआत पेशावर के खिलाफ 9 विकेट से धमाकेदार जीत के साथ की है। 

गरजा पॉल स्टर्लिंग और एलेक्स हेल्स का बल्ला, इस्लामाबाद ने पेशावर को दी करारी मात 
Photo Credit: Twitter

कराची: पाकिस्तान सुपर लीग 2022 के पांचवें मुकाबले में इस्लामाबाद यूनाइडेट ने पेशावर जालिमी को 9 विकेट के अंतर से मात देकर विजयी शुरुआत। टॉस जीतकर इस्लामाबाद ने पेशावर को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। इसके बाद जीत के लिए  मिले 169 रन के लक्ष्य को पॉल स्टर्लिंग 57 और एलेक्स हेल्स 82 की धमाकेदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत हासिल कर लिया। स्टर्लिंग को उनकी आतिशी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। 

तीसरी ही गेंद पर लगा पहला झटका
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पेशावर जालिमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में हसन अली ने टॉम कोहलर कैडमोर को बोल्ड करके पवेलियन वापस भेज दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद चौथे ओवर की पहली गेंद पर यासिर खान को फहीम अशरफ ने शादाब खान के हाथों लपकवा दिया। यासिर 9 गेंद में 14 रन बना सके। इसके बाद छठे ओवर की तीसरी गेंद पर हुसैन तलत की रूप में पेशावर को तीसरा झटका लग गया। 2 रन बनाकर तलत फहीम अशरफ की गेंद पर आसिफ अली के हाथों लपके गए। सातवें ओवर की पहली गेंद पर हैदर अली 13 गेंद पर 15 रन बनाकर शादाब खान की गेंद पर बोल्ड हो गए। 

पेशावर ने 35 रन पर गंवाए 4 विकेट 
पेशावर का स्कोर 35 रन पर चार विकेट हो गया। ऐसे मे टीम को शोएब मलिक ने शरफेन रदरफोर्ट के साथ संभाला। दोनों खिलाड़ी पहले तो विकेटों की पतझड़ को रोका और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर मोहम्मद वसीम ने इस साझेदारी को शोएब मलिक को आउट करके तोड़ दिया। मलिक 25(22) रन बना सके। 

रदरफोर्ट ने 36 गेंद में जड़ा अर्धशतक 
लेकिन इसके बाद रदरफोर्ट एक छोर थामे रहे। रदरफोर्ट ने बेन कटिंग के साथ पारी को आगे बढ़ाया और अपना अर्धशतक 36 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। रदरफोर्ट और कटिंग ने छठे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर हसन अली ने कटिंग को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ दिया। कटिंग ने 17 गेंद में 26 रन की पारी खेली। अंत में रदरफोर्ट 46 गेंद में 70 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के जड़े और अपनी टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 168 रन तक पहुंचाया।

स्टर्लिंग और हेल्स ने मचाया धमाल
जीत के लिए 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इस्लामाबाद यूनाइटेड को आयरिश बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग और इंग्लिश बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए इस्लामाबाद को 8.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया। इस दौरान पॉल स्टर्लिंग ने 18 गेंद में 7 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और अपनी टीम को जीत की ओर आगे बढ़ा दिया। वहीं दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे एलेक्स हेल्स ने 32 गेंद में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। 

हेल्स और गुरबाज ने कराई जीत की दहलीज पार
10वें ओवर की चौथी गेंद पर स्टर्लिंग 25 गेंद पर 57 रन की पारी खेलकर रन आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और तीन छक्के जड़े। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे अफगानिस्तान के बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने एलेक्स हेल्स का साथ दिया और टीम को 15.5 ओवर में 9 विकेट से जीत दिला दी। हेल्स 54 गेंद में 82 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने पारी में 13 चौके और 1 छक्का जड़ा। वहीं गुरबाज 16 गेंद में 27 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 1 चौका और 2 छक्के जड़े। 






End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!