पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने कसा चयनकर्ताओं पर तंज, कहा- भारत में वो सिलेक्टर पैदा नहीं हुआ जो विराट को ड्रॉप कर सके...

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 16, 2022, 06:30 AM IST

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने विराट कोहली को टीम इंडिया से बाहर किए जाने के सवाल पर भारतीय चयनकर्ताओं पर कटाक्ष किया है।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने कसा चयनकर्ताओं पर तंज, कहा- भारत में वो सिलेक्टर पैदा नहीं हुआ जो विराट को ड्रॉप कर सके...
Photo Credit: AP

कराची: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा है कि भारत में ऐसा चयनकर्ता नहीं पैदा हुआ है जो खराब दौर से गुजर रहे विराट कोहली को टीम से बाहर कर सके। 33 वर्षीय विराट कोहली इन दिनों करियर के सबसे खराब फॉर्म में हैं। साल 2022 में विराट का तीनों फॉर्मेट को मिलाकर बल्लेबाजी औसत 25.50 का है। 

इंग्लैंड दौरे पर नहीं दिखी विराट के बल्ले की चमक
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे वनडे में विराट कोहली 25 गेंद में 16 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। इससे पहले टी20 सीरीज के दूसरे और टी20 में वो केवल 1 और 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। इससे पहले बर्मिंघम में खेले गए पुनर्निर्धारित पांचवें टेस्ट की दोनों पारियों में विराट 11 और 20 रन बना सके।

विराट को बाहर करने वाला सिलेक्टर पैदा ही नहीं हुआ
राशिद लतीफ से यू ट्यूब चैनल के साथ बातचीज के दौरान पूछा गया कि यदि विराट कोहली को टीम से बाहर कर दिए जाए। तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, इंडिया में वो सिलेक्टर पैदा नहीं हुआ है जो विराट को ड्रॉप कर सके। 

तीन साल से खत्म नहीं हो रहा है शतक का इंतजार
विराट कोहली पिछले तीन साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक भी शतक नहीं जड़ सके हैं। उन्होंने आखिरी शतक बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता में डे-नाइट टेस्ट में जड़ा था। उसके बाद प्रशंसक और विराट खुद बेसब्री से 71वें अंतरराष्ट्रीय शतक का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन उनका यह दु:ख और प्रशंसकों का इंतजार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। 

विंडीज दौरे की टी20 टीम में नहीं मिली जगह
विराट कोहली को वेस्टइंडीज दौरे पर खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं दी गई है। एक बार फिर उन्हें आराम देने का फैसला चयन समिति ने किया है। ऐसे में अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या युवा खिलाड़ियों के धमाकेदार प्रदर्शन के बीच टी20 में विराट के लिए क्या उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

 


End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!