टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) बेशक आजकल मैदान से बाहर हैं। वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सीधे आईपीएल के दौरान मैदान पर नजर आएंगे। इन दिनों वो रांची में अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं और खेती भी कर रहे हैं। बेशक वो खेल की जगह खेत में समय बिता रहे हैं लेकिन अब भी क्रिकेट फैंस में उनको लेकर दीवानगी कम नहीं हुई है या ये भी कह सकते हैं कि दीवानगी बढ़ती जा रही है। ताजा रिकॉर्ड इस बात का गवाह।
धोनी ने नया रिकॉर्ड सोशल मीडिया पर बनाया है। माही अब इंस्टाग्राम पर 30 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं। धोनी सोशल मीडिया पर बहुत कम सक्रिय रहते हैं लेकिन इसके बावजूद उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स से फैंस जुड़ते ही जा रहे हैं। माही ने अपने क्रिकेट करियर में जो कुछ हासिल किया, ये उसी का नतीजा है।
अगर बात करें इंस्टाग्राम पर उस क्रिकेटर की जिसके सबसे ज्यादा फॉलोअर हैं तो वो और कोई नहीं बल्कि मौजूदा कप्तान विराट कोहली हैं। सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाले विराट कोहली के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या धोनी से काफी ज्यादा है। उनके इंस्टाग्राम पर 88 मिलियन फॉलोअर्स हैं और लगातार ये संख्या बढ़ती जा रही है। विराट कोहली सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए करोड़ों रुपये भी कमाते हैं और इस मामले में वो विश्व खेल जगत में भी काफी ऊंचा स्थान हासिल कर चुके हैं।
जैसा कि आपको बताया कि धोनी सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय नहीं रहते हैं लेकिन इंस्टाग्राम पर कभी-कभी वो पोस्ट जरूर शेयर करते रहते हैं। अगर बात करें उनके उस एक पोस्ट/वीडियो की जो अब तक सबसे ज्यादा देखा गया, तो वो है पिछले साल 15 अगस्त को किया गया पोस्ट जिसमें उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था।
अगर विश्व खेल जगत में सबसे ज्यादा इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की बात करें तो पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो शीर्ष पर हैं। रोनाल्डो के इंस्टाग्राम पर 250 मिलियन से ऊपर फॉलोअर्स हैं और वो सिर्फ खेल जगत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में इस आंकड़े को पार करने वाले पहले इंसान हैं। वहीं रॉक के नाम से मशहूर WWE सुपरस्टार व हॉलीवुड अभिनेता ड्वेन जॉनसन भी उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं। उनके 210 मिलियन फॉलोअर्स हो चुके हैं।
Cricket News (क्रिकेट न्यूज़) Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। और साथ ही IPL News in Hindi (आईपीएल न्यूज़) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।