आईपीएल में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बने एमएस धोनी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 26, 2022, 10:48 PM IST

Oldest Player to score fifty in IPL: एमएस धोनी ने शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अर्धशतक जड़कर आईपीएल में सबसे अधिक उम्र में पचासा जड़ने का भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 

आईपीएल में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बने एमएस धोनी

मुंबई: साल 2021 में चेन्नई को चैंपियन बनाने वाले कप्तान एमएस धोनी बल्ल के साथ बुरी तरह नाकाम रहे थे। सीजन में खेले 16 मैच में धोनी कुल 16.28 की औसत और 106.54 के स्ट्राइक रेट से कुल 114 रन बना सके थे। साल 2020 में टीम के फ्लॉप-शो के बीच भी उनका यही हाल रहा था। 14 मैच में वो 116.27 के स्ट्राइक रेट और 25 के औसत से 200 रन बना पाए थे। 

ऐसे में आईपीएल 2022 के आगाज से ठीक पहले टीम की कप्तानी धोनी ने रवींद्र जडेजा के हाथों में सौंपने का फैसला किया। कोलकाता के खिलाफ शनिवार को माही कप्तानी के दबाव के बगैर उतरे। जब वो बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए तब टीम का स्कोर 10.5 ओवर में 5 विकेट पर 61 रन था। ऐसी मुश्किल स्थिति से टीम को निकालते हुए धोनी ने 38 गेंद में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से आईपीएल करियर का 24वां अर्धशतक जड़ दिया।

ये भी पढ़ें: मैदान में उतरे माही तो हुआ जमकर शोर, फिर शानदार अर्धशतक जड़कर मचाया धमाल

आईपीएल में सबसे अधिक उम्र में अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय
इसके साथ ही धोनी आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक उम्र में अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए। धोनी ने 40 साल 262 दिन की उम्र में आईपीएल में पचासा जड़कर राहुल द्रविड़ का 9 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। 


धोनी ने तोड़ा द्रविड़ का 9 साल पुराना रिकॉर्ड
द्रविड़ ने साल 2013 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ 51 गेंद में 65 रन की पारी खेली थी। ये पारी जब उन्होंने खेली थी तब उनकी उम्र 40 साल और 116 दिन थी। इसके साथ ही द्रविड़ आईपीएल इतिहास में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए थे। तब से उनका ये रिकॉर्ड कायम था। द्रविड़ अब माही के बाद दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। 

सबसे ज्यादा उम्र में आईपीएल में पचासा जड़ने के मामले में तीसरे पायदान पर सचिन तेंदुलकर हैं। सचिन ने भी साल 2013 में दिल्ली के ही खिलाफ मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते हुए अर्धशतक जड़ा था। उस दिन उनकी उम्र 39 साल 362 दिन थी। 


गिलक्रिस्ट है आईपीएल में सबसे अधिक उम्र में अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी
आईपीएल में सबसे अधिक उम्र में अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड एडम गिलक्रिस्ट के नाम दर्ज है। गिलक्रिस्ट ने 41 साल 181 दिन की उम्र में ये कारनामा किया था। उनके बाद दूसरे पायदान पर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल हैं। गेल ने 41 साल 39 दिन की उम्र में आईपीएल में पचासा जड़ा था। अब धोनी इस सूची में तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!