मैदान में उतरे माही तो हुआ जमकर शोर, फिर शानदार अर्धशतक जड़कर मचाया धमाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 26, 2022, 10:12 PM IST

MS Dhoni Fifty: महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2022 में बतौर बल्लेबाज शानदार शुरुआत करते हुए कोलकाता के खिलाफ मुश्किल वक्त में टीम के लिए अर्धशतक जड़ा। 

मैदान में उतरे माही तो हुआ जमकर शोर, फिर शानदार अर्धशतक जड़कर मचाया धमाल

मुंबई: आईपीएल इतिहास में पहली बार बतौर बल्लेबाज चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बल्लेबाजी के लिए उतरे तो मैदान में धोनी-धोनी की आवाज गूंजने लगी। हर कोई चाहता था कि कप्तानी का बोझ अपने कंधों से उतारने के बाद मैदान पर पहली बार उतरे धोनी अपने जाने-पहचाने रंग में नजर आएं। 

हालांकि केकेआर के खिलाफ जब धोनी बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे तब चेन्नई ने 10.5 ओवर में 61 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। नए कप्तान रवींद्र जडेजा 10 गेंद में 8 रन बनाकर खेल रहे थे। ऐसे में टीम को सालों टीम का बोझ संभालने वाले धोनी से एक बार फिर बड़ी पारी की दरकार थी। 

माही ने की धीमी शुरुआत 
ऐसे में माही ने अपने और चेन्नई के प्रशंसकों को निराश नहीं किया। हालांकि उन्होंने धीमी शुरुआत की। 17 ओवर के बाद वो 25 गेंद में 15 रन बनाकर खेल रहे थे। लेकिन उसके बाद उन्होंने गियर बदलना शुरू किए। 18वें ओवर की गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा। इसके बाज देखते देखते उन्होंने इस ओवर में दो चौके और जड़ दिए और टीम को 18 ओवर में 98 रन तक पहुंचा दिया। 

38 गेंद में पूरा किया धोनी ने अर्धशतक 
19वें ओवर में शिवम मावी के खिलाफ धोनी ने अपना ताबड़तोड़ रवैया बनाए रखा और ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका और उसकी अगली फुलटॉस नो-बॉल पर छक्का जड़ दिया। फ्री हिट वाली गेंद पर वो गच्चा खा गए और कोई रन नहीं ले सके। 20वें ओवर में गेंदबाजी करने आए आंद्रे रसेल की तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार दो चौके जड़कर माही 49 रन पर आ गए और पांचवीं गेंद पर एक भागकर आईपीएल में 24वां और सीजन का पहला अर्धशतक 38 गेंद में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 

जडेजा के साथ की छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी
धोनी ने कप्तान रवींद्र जडेजा के साथ छठे विकेट के लिए 56 गेंद में नाबाद 70 रन की साझेदारी की। इसमें धोनी ने 50 और जडेजा ने 18(18) रन का योगदान किया। इस साझेदारी की बदौलत ही सीएसके की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 131 रन तक पहुंचने में सफल हुई।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!