क्‍या हार्दिक पांड्या को ऑलराउंडर कहेंगे? भारत के विश्‍व कप विजेता कप्‍तान ने जमकर निकाली भड़ास

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 26, 2021, 03:48 PM IST

Kapil Dev on Hardik Pandya: भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या काफी समय से गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव ने हार्दिक पांड्या की ऑलराउंड क्षमता पर सवाल खड़े किए हैं।

क्‍या हार्दिक पांड्या को ऑलराउंडर कहेंगे? भारत के विश्‍व कप विजेता कप्‍तान ने जमकर निकाली भड़ास

कोलकाता: भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने शुक्रवार को पूछा कि क्या हार्दिक पांड्या को ऑलराउंडर कहा जा सकता है जबकि वह उतनी गेंदबाजी करते ही नहीं हैं। सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारतीय टीम के अभिन्न अंग पांड्या ने हाल ही में टी20 विश्व कप में सिर्फ दो मैचों में गेंदबाजी की । भारत टूर्नामेंट के ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था।

अपनी फिटनेस से जुड़े कई मसलों का खुलासा नहीं करने के लिये भी पांड्या की आलोचना हो रही है। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिये टीम में जगह नहीं मिली। भारत ने न्‍यूजीलैंड का इस सीरीज में 3-0 से क्‍लीन स्‍वीप किया।  कपिल ने रॉयल कलकत्ता गोल्फ कोर्स पर कहा, 'ऑलराउंडर कहलाने के लिये उसे दोनों काम करने होंगे। वह गेंदबाजी नहीं कर रहा है तो क्या उसे ऑलराउंडर कहेंगे? वह चोट से उबर चुका है तो पहले उसे गेंदबाजी करने दीजिये।'

राहुल द्रविड़ अधिक कामयाब होंगे: कपिल देव

भारत के पहले विश्व कप विजेता कप्तान ने कहा, 'वह भारत के लिये काफी महत्वपूर्ण बल्लेबाज है। गेंदबाजी के लिये उसे काफी मैच खेलने होंगे और अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इसके बाद ही हम कह सकेंगे।' कपिल ने यह भी कहा कि कोच के रूप में राहुल द्रविड़ बतौर क्रिकेटर मिली कामयाबी से भी अधिक कामयाब होंगे।

उन्होंने कहा, 'वह अच्छा इंसान है और अच्छा क्रिकेटर भी है। वह बतौर क्रिकेटर जितना सफर रहा, कोच के रूप में उससे भी अधिक सफल होगा।' अपने पसंदीदा ऑलराउंडर के बारे में पूछने पर कपिल ने रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा का नाम लिया। उन्होंने कहा, 'मैं आजकल क्रिकेट का सिर्फ मजा लेने जाता हूं। मेरा काम वही है। मैं आपके नजरिये से नहीं देखता।'

उन्होंने पसंदीदा ऑलराउंडर के बारे में कहा, 'मैं अश्विन का नाम लूंगा। वह जबर्दस्त है। जडेजा भी शानदार क्रिकेटर है, लेकिन उसकी बल्लेबाजी बेहतर हुई है तो गेंदबाजी खराब हो गई है।' उन्होंने पहले टेस्ट में शतक जमाने वाले श्रेयस अय्यर की तारीफ करते हुए कहा, 'जब युवा बल्लेबाज पदार्पण पर शतक बना रहे हों तो समझना खेल सही दिशा में जा रहा है। हमें उसके जैसे क्रिकेटरों की जरूरत है।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!