नई दिल्ली: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को किसी परिचय की जरूरत नहीं है। धोनी ने अपनी कप्तानी से दुनिया में भारतीय क्रिकेट को बुलंदियों पर पहुंचाया है। टीम बहुत ज्यादा दबाव में क्यों न हो, सभी को पता है कि शांत स्वभाव वाले कैप्टन कूल एमएस धोनी है न, सब ठीक हो जाएगा।
कई लोगों का मानना है कि कप्तानी के मामले में विराट कोहली का कार्य प्रगति पर है जबकि एमएस धोनी अपने आप को विश्व क्रिकेट में सफल कप्तान के रूप में स्थापित कर चुके हैं। भारतीय क्रिकेट टीम में कप्तान के रूप में धोनी ने काफी सफलता हासिल की। वह अपने शांत स्वभाव और दबाव में शांत रहते हुए बोल्ड फैसले लेने के लिए मशहूर रहे। हालांकि, लॉकडाउन के दौरान कई क्रिकेटर्स ने ऐसी घटनाओं का खुलासा किया जहां रांची के सुपरस्टार ने क्रिकेट के मैदान पर अपना आपा खोया था।
टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने धोनी के नेतृत्व में काफी क्रिकेट खेली है। इरफान ने एक घटना याद की जब रांची के सुपरस्टार ने गुस्से में अपना बल्ला फेंक दिया और फिर अभ्यास के लिए देरी से आए क्योंकि वॉर्म-अप सत्र में उन्हें गलत तरीके से आउट दे दिया था।
पठान ने स्टार स्पोर्ट्स के शो क्रिकेट कनेक्टेड में कहा, '2006-07 की यह घटना है। वॉर्म अप के दौरान हमारा मैच था दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाज एक-साथ क्रीज पर मौजूद होंगे। वॉर्म-अप खत्म होने के बाद हम लोग अपने अभ्यास में जुट जाते थे। वॉर्म-अप के दौरान दो टीमें होती थी। एक बार एमएस धोनी को आउट दे दिया, जबकि उनका मानना था कि वह आउट नहीं हैं। उन्होंने अपना बल्ला फेंका और ड्रेसिंग रूम में गुस्सा निकाला व अभ्यास के लिए देरी से आए। तो एमएस धोनी को गुस्सा आता है।'
गुस्सा होते थे धोनी
टीम इंडिया के पूर्व ओपनर गौतम गंभीर अपनी आक्रमकता के लिए जाने जाते थे। गंभीर ने भी कुछ घटनाएं याद की जब धोनी अपना आपा खो बैठे थे। दिल्ली के क्रिकेटर ने मजाकिया लहजे में कहा कि धोनी अपनी पीढ़ी के अन्य कप्तानों की तुलना में जरूर शांत थे, लेकिन वह गंभीर से शांत जरूर थे।
गंभीर ने कहा, 'लोग कहते हैं कि धोनी को कभी अपना आपा खोते हुए नहीं देखा है, लेकिन मैंने कई बार देखा है। 2007 वर्ल्ड कप के दौरान और अन्य विश्व कप में जब हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं था, तब वह गुस्सा हुए। वह इंसान हैं और उन्हें प्रतिक्रिया देने की आजादी है। इसलिए उनका गुस्सा करना पूरी तरह जायज है। चेन्नई सुपरकिंग्स में अगर कोई खराब फील्डिंग करे या कैच टपकाए तो वह गुस्सा होते हैं। जी हां, धोनी शांत हैं। वह अन्य कप्तानों से शांत हो सकते हैं। मगर मेरे से ज्यादा शांत तो हर हाल में हैं।'
Cricket News (क्रिकेट न्यूज़) Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। और साथ ही IPL News in Hindi (आईपीएल न्यूज़) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।